जबलपुर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए अब प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है।कलेक्टर राघवेंद्र सिंह पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने प्रशासनिक टीम के साथ शहर की सड़कों का पैदल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छोटी लाइन फाटक से ग्वारीघाट तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को चिन्हित किया गया और उन्हें हटाने के सख्त निर्देश दिए गए। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सड़क सीमा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी जिससे आम नागरिकों को ट्रैफिक जाम से राहत मिल सके। उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के कमला नेहरू वार्ड अंतर्गत कछपुरा में वर्षों से बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन विधायक अभिलाष पांडे द्वारा किया गया है. इस अवसर पर उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से सड़क की समस्या बनी हुई थी जिससे बारिश के दिनों में पानी भरने से आवागमन में लोगों को भारी परेशानी होती थी. विधायक पांडे ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा बल्कि क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी. उन्होंने स्थानीय जनता को भरोसा दिलाया कि सड़क को गुणवत्तापूर्ण और सुंदर बनाकर जनता को समर्पित किया जाएगा तथा क्षेत्र की अन्य समस्याओं का भी जल्द समाधान किया जाएगा. कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए प्रधान आरक्षक स्व. अभिषेक शिंदे के परिजनों को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा 1 करोड़ 10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया है. यह वित्तीय सहायता SBI के पुलिस सैलरी पैकेज के तहत दी गई जिसका उद्देश्य परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करना है. यह चेक पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जबलपुर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय की उपस्थिति में दिवंगत प्रधान आरक्षक की पत्नी प्रियंका शिंदे को सौंपा गया. एसपी उपाध्याय ने कहा कि पुलिस विभाग अपने कर्मचारियों के परिवारों के साथ सदैव खड़ा है और यह सहयोग कठिन समय में सहारा बनेगा. वाहन निर्माणी में टाटा एलपीटीए वाहन की टेस्टिंग के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. शोभापुर स्थित VFJ के टेस्ट ट्रैक पर बुधवार 25 मार्च को वाहन की ब्रेक जांच की जा रही थी तभी अचानक ब्रेक फेल हो गया.इस वजह से वाहन असंतुलित होकर टेस्ट ट्रैक में लगे सोलर पैनल क्षेत्र में जा घुसा जिससे सोलर पैनल और वाहन दोनों क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे में वाहन के चालक प्लांट 3 के कर्मचारी गुरु शरण सिंह उर्फ सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल व्हीएफजे अस्पताल ले जाया गया जहाँ से उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया. वर्तमान में वह अर्ध-बेहोशी की हालत में हैं और त्रिवेणी अस्पताल के डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी हुई है. जबलपुर के बेलखेड़ा क्षेत्र के गुबराकला गांव में दबंगों ने घर में घुसकर कुल्हाड़ी और तलवार से हमला कर दिया।हमले में दो युवक गंभीर घायल हुए जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी चोटिल हैं। पीड़ितों ने महिलाओं से अभद्रता और लूटपाट का आरोप लगाया है। हैरानी की बात यह रही कि घटना के करीब 12 घंटे बाद राजनीतिक हस्तक्षेप के बाद FIR दर्ज हुई। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।