हिस्ट्रीशीटर चंदन यादव ने किसान की 5 गोलियां मारकर की हत्या सतना में हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने साथियों के साथ मिलकर किसान को 5 गोलियां मारीं। इनमें से दो गोलियां किसान की पीठ जबकि एक-एक पेट गर्दन और पसली में लगीं। ज्यादा खून बह जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात नागौद थाना इलाके के बारापत्थर गांव में बुधवार शाम की है। हमलावरों ने किसान के बेटे पर भी फायरिंग की। वह गंभीर घायल है। पुलिस ने बताया- हत्याकांड को बारापत्थर निवासी चंदन यादव ने अंजाम दिया है। उस पर पहले से कई केस दर्ज हैं। चंदन दिसंबर 2025 में एक महीने की पैरोल पर जेल से बाहर आया था लेकिन तय अवधि पूरी होने के बाद भी वापस नहीं लौटा। पुलिस तभी से उसकी तलाश कर रही है। रतलाम में चलती ट्रेन में एक दर्दनाक घटना सामने आई रतलाम में चलती ट्रेन में एक दर्दनाक घटना सामने आई. कांचीगुड़ा–भगत की कोठी एक्सप्रेस में सफर कर रहीं जज की पत्नी उषा चौहान वॉशरूम गईं और वापस नहीं लौटीं. निंबाहेड़ा स्टेशन पर पति के इंतजार के बाद मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई. ट्रेन को जावरा स्टेशन पर रुकवाकर वॉशरूम का दरवाजा तोड़ा गया जहां वह बेहोश मिलीं. अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्राथमिक आशंका साइलेंट हार्ट अटैक की है. होली के त्योहार में 948 सड़क हादसे होली के उत्सव के बीच प्रदेश में सड़क हादसों का ग्राफ चिंताजनक रूप से बढ़ गया। 4 मार्च को 108 एंबुलेंस सेवा के डेटा के अनुसार एक ही दिन में 948 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। सबसे अधिक 67 हादसे सागर जिले में हुए जबकि राजधानी भोपाल 39 मामलों के साथ आठवें स्थान पर रहा। विशेषज्ञों का कहना है कि तेज रफ्तार शराब पीकर वाहन चलाना और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी हादसों के प्रमुख कारण हैं। सरकारी अस्पतालों में सामान्य दिनों की तुलना में दोगुने से अधिक घायल इलाज के लिए पहुंचे। अपनी ही सरकार के फैसलों के खिलाफ आंदोलन करेंगे विधायक उज्जैन के पिपलीनाका क्षेत्र चौड़ीकरण करण को लेकर अपनी ही सरकार के निर्णय से क्षेत्रीय विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा अब मुखर हो गए हैं। गुरुवार सुबह क्षेत्रवासियों ने उनके कार्यालय का घेराव कर हंगामा किया था। इसके बाद अब उन्होंने सड़क को 24 मीटर से ज्यादा चौड़ी करने पर विरोध कर रहे लोगों की तरफ से नेतृत्व करने की बात कह दी है। खंडवा में बवाल...पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज किया मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में सोशल मीडिया पर धर्मगुरु को लेकर जमकर बवाल हुआ। धर्मगुरु पर आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ गुरुवार रात मुस्लिम समाज ने मोघट रोड थाना घेर लिया। बहस के बीच टीआई धीरेश धरवाल की कॉलर पकड़ी गई। पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने भीड़ को कंट्रोल करने लाठीचार्ज किया। वहीं इस दौरान भीड़ के बीच एक युवती से मारपीट भी हुई है।