मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारत सरकार की स्वदेश दर्शन योजना 2.0 की उप-योजना सीबीडीडी के तहत स्वीकृत मयाली-बगीचा विकास परियोजना का मयाली नेचर कैंप में भूमिपूजन किया। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में मयाली विश्व प्रसिद्ध मधेश्वर पर्वत (प्राकृतिक शिवलिंग) और बगीचा स्थित कैलाश गुफा क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा है कि राज्य के विकास और प्रगति में विद्युत वितरण कंपनी महत्वपूर्ण और प्रभावी भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि सुचारु बिजली आपूर्ति से उद्योग कृषि और आम जनजीवन को मजबूती मिलती है जिससे प्रदेश के समग्र विकास को गति मिलती है। गृहमंत्री विजय शर्मा ने नक्सल मुठभेड़ों को लेकर कहा कि प्रदेश में पुनर्वास और सर्च ऑपरेशन की प्रक्रिया लगातार जारी है। उन्होंने भरोसा जताया कि सर्च ऑपरेशन के सकारात्मक परिणाम जल्द सामने आएंगे। गृहमंत्री विजय शर्मा ने नारकोटिक्स टास्क फोर्स के गठन को लेकर कहा कि नई सरकार बनने के बाद प्रदेश में काम करने का तरीका और प्रक्रियाओं में कई बदलाव हुए हैं। अब एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन किया जा रहा है जिससे नशे के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन तक कार्रवाई पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों को जब्त कर उनका ऑक्शन भी किया जा रहा है। साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों में एंटी नारकोटिक्स टीमें गठित की जाएंगी। नियुक्तियों के बाद इन टीमों को प्रशिक्षण दिया जाएगा जिससे नशे के खिलाफ अभियान को और मजबूती मिलेगी।