जब सिक्योरिटी के आगे झुका किंग खान का स्टारडम एयरपोर्ट वीडियो हुआ वायरल बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान का मुंबई एयरपोर्ट से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सुरक्षा जांच के दौरान सिक्योरिटी गार्ड शाहरुख से चश्मा उतारने को कहता नजर आता है जिस पर एक्टर मुस्कुराते हुए नियमों का पालन करते दिखते हैं। शाहरुख आज सुबह दुबई के लिए रवाना हुए जहां वह दुबई मॉल ग्लोबल फैशन अवार्ड्स में शामिल होंगे और उन्हें ग्लोबल स्टाइल आइकन अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। यूजर्स शाहरुख की सादगी और सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी के प्रति ईमानदारी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। अक्षय कुमार पर प्रोड्यूसर शैलेन्द्र सिंह का बयान फिल्ममेकर और प्रोड्यूसर शैलेन्द्र सिंह ने एक्टर अक्षय कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अक्षय मनी माइंडेड हैं और पहले बिजनेसमैन बाद में एक्टर हैं। यह बयान उन्होंने सिद्धार्थ कन्नन को दिए एक इंटरव्यू में दिया। शैलेन्द्र ने साल 2009 की फिल्म 8×10 तस्वीर का जिक्र करते हुए बताया कि फिल्म फ्लॉप होने के बाद फीस लौटाने को लेकर मतभेद हुए थे। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि उनका बयान किसी निजी नाराजगी से प्रेरित नहीं है और अक्षय एक अच्छे इंसान हैं। ‘माया सभा’ में नए अंदाज में नजर आएंगे जावेद जाफरी एक्टर जावेद जाफरी अपनी अपकमिंग फिल्म माया सभा को लेकर खासे उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि करीब 40 साल के करियर में उन्होंने इससे ज्यादा पावरफुल स्क्रिप्ट नहीं पढ़ी। जावेद के मुताबिक यह पूरी तरह कैरेक्टर-ड्रिवन फिल्म है जिसमें उनके किरदार के इर्द-गिर्द कहानी आगे बढ़ती है। किरदार में इमोशनल और साइकोलॉजिकल लेयर्स इतनी गहरी हैं कि उन्होंने बिना ज्यादा सोचे इस फिल्म के लिए हां कर दी। समीर वानखेड़े को दिल्ली हाई कोर्ट से झटका आर्यन खान ड्रग केस के पूर्व जांच अधिकारी समीर वानखेड़े को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने आर्यन खान से जुड़ी वेब सीरीज द बैड्स ऑफ बॉलीवुड के खिलाफ दायर उनकी याचिका को खारिज कर दिया। अदालत ने कहा कि यह मामला दिल्ली में सुनवाई योग्य नहीं है। हालांकि कोर्ट ने वानखेड़े को किसी अन्य उचित अदालत में याचिका दायर करने की छूट दी है। वानखेड़े ने इस केस में 2 करोड़ रुपए के मुआवजे की मांग की थी। वेब सीरीज रिव्यू: ‘दलदल’ वेब सीरीज दलदल एक सीरियल किलर की कहानी के जरिए अपराध की मनोवैज्ञानिक परतों को टटोलती है। 7 एपिसोड की इस सीरीज में भूमि पेडनेकर एसीपी रीता फरेरा के रोल में नजर आती हैं जिन्होंने सधी हुई एक्टिंग से किरदार को मजबूती दी है। कहानी सिर्फ अपराध तक सीमित नहीं रहती बल्कि एसीपी के अतीत अंदरूनी डर और संघर्ष को भी सामने लाती है। हालांकि दमदार आइडिया के बावजूद कुछ जगह कहानी की पकड़ कमजोर पड़ती है फिर भी सीरीज सोचने पर मजबूर करती है।