शेयर बाजार में गिरावट आज सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 300 अंक लुढ़क कर 81300 के स्तर पर कारोबार कर रहा है जबकि निफ्टी में भी 100 अंकों की गिरावट आई है और यह 24770 पर आ गया है। सेंसेक्स के 30 में से केवल 6 शेयरों में तेजी देखी गई बाकी 24 गिरावट में हैं। इंडसइंड बैंक का शेयर 4.5% की बढ़त पर है जबकि अडाणी पोर्ट्स NTPC और कोटक महिंद्रा बैंक में 1% तक की गिरावट आई है। निफ्टी के 50 में से 37 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई है खासकर मेटल आईटी मीडिया एफएमसीजी और फार्मा सेक्टर में करीब 1% की बिकवाली देखने को मिली। SEBI का बड़ा बदलाव: F&O एक्सपायरी के दिन बदले SEBI ने BSE और NSE की वीकली एक्सपायरी को लेकर एक अहम फैसला लिया है। अब NSE पर सभी F&O कॉन्ट्रैक्ट्स की साप्ताहिक एक्सपायरी मंगलवार को और BSE पर गुरुवार को होगी। इससे पहले NSE की एक्सपायरी गुरुवार को और BSE की मंगलवार को होती थी। SEBI ने यह निर्णय NSE की सिफारिश के बाद लिया है। अब सभी एक्सचेंजों के लिए अलग-अलग एक्सपायरी दिन तय कर दिए गए हैं। TCS की नई नीति: कर्मचारियों को करना होगा अधिक काम भारत की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने कर्मचारियों के लिए नई प्रोडक्टिविटी पॉलिसी लागू की है। इसके तहत कर्मचारियों को साल में कम से कम 225 दिन क्लाइंट प्रोजेक्ट्स पर काम करना होगा। उन्हें सिर्फ 35 दिन ही बेंच पर रहने की अनुमति होगी। यह नियम 12 जून 2025 से प्रभावी हो चुका है। नियम का उल्लंघन करने पर कर्मचारियों की नौकरी पर संकट आ सकता है। मुंबई में रैपिडो और उबर पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज मुंबई पुलिस ने मंगलवार को बाइक टैक्सी सेवाएं देने वाली कंपनियों—रैपिडो और उबर—पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि ये कंपनियां राज्य सरकार और आरटीओ की अनुमति के बिना अवैध रूप से ट्रांसपोर्ट सर्विस दे रही थीं। RTO ने अप्रैल में ही नोटिस भेजा था और अब BNS की धारा 318(3) और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। ट्रांसपोर्ट कमिश्नर ने इन पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एरिसइंफ्रा सॉल्यूशंस का IPO आज खुला एरिसइंफ्रा सॉल्यूशंस लिमिटेड का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) आज यानी 18 जून को निवेश के लिए खुल गया है। निवेशक इस इश्यू में 20 जून तक बोली लगा सकते हैं। कंपनी का शेयर 25 जून को BSE और NSE दोनों पर लिस्ट होगा। इस इश्यू के जरिए कंपनी ₹499.60 करोड़ जुटाना चाहती है और इसमें केवल फ्रेश इश्यू शामिल है; यानी प्रमोटर या मौजूदा निवेशक कोई शेयर नहीं बेचेंगे। न्यूनतम निवेश राशि ₹14874 रखी गई है। मुकेश अंबानी को एशियन पेंट्स से ₹9000 करोड़ का मुनाफा रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को एशियन पेंट्स के शेयरों से भारी मुनाफा हुआ है। 2008 में उन्होंने ग्लोबल फाइनेंशियल क्राइसिस के दौरान कंपनी में ₹500 करोड़ का निवेश कर 4.9% हिस्सेदारी खरीदी थी। अब 17 साल बाद उन्होंने यह हिस्सेदारी करीब ₹9080 करोड़ के प्रॉफिट के साथ बेची है। अगर इसमें मिले डिविडेंड को भी जोड़ लिया जाए तो कुल मुनाफा ₹10500 करोड़ तक पहुंच जाता है—यानि लगभग 24 गुना रिटर्न।