मध्यप्रदेश में मुख्य सचिव पद पर सीनियर IAS वीरा राणा की ताजपोशी हो सकती है। मौजूदा मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस का कार्यकाल 29 नवंबर को पूरा हो रहा है। उन्हें एक्सटेंशन दिए जाने पर स्थिति साफ नहीं हुई है। प्रदेश में अभी चुनाव आचार संहिता लगी है इसीलिए आयोग का फैसला ही मान्य होगा। आयोग की ओर से संकेत मिले हैं कि नई सरकार बनने तक सीनियरिटी के आधार पर सीनियर अफसर को इसका चार्ज मिल सकता है। ऐसा हुआ तो वीरा राणा को मुख्य सचिव का प्रभार दिया जाएगा। मई 2023 में बैंस को दूसरा एक्सटेंशन देने के पहले केंद्र में पदस्थ अजय तिर्की और अनुराग जैन के नामों को लेकर खासी चर्चा हुई थी। आयोग अगर केंद्र में पदस्थ अफसरों को मौका देता है तो CS बनने के लिए तिर्की का नाम भी सामने आ सकता है। तिर्की दिसंबर 2023 में रिटायर हो रहे हैं जबकि अनुराग जैन का रिटायरमेंट अगस्त 2025 में होना है। जैन से भी सीनियर दो IAS संजय बंदोपाध्याय और वीरा राणा हैं। बंदोपाध्याय केंद्र में पदस्थ हैं। बंदोपाध्याय अगस्त 2024 में रिटायर होंगे। मुख्य सचिव के लिए अन्य दावेदारों में डॉ. राजेश राजौरा एसएन मिश्रा और मलय श्रीवास्तव भी शामिल हैं। ये सभी 1990 बैच के अफसर हैं। इन अफसरों के अलावा ACS स्तर के जो अधिकारी CS की पात्रता रखते हैं वे भी शामिल हैं। जुलाई 2025 में रिटायर होने वाले ACS हेल्थ मो. सुलेनाम के साथ केंद्र में पदस्थ 1989 बैच के आशीष उपाध्याय का भी नाम है। वे सितंबर 2024 में रिटायर होंगे। इसी बैच के राजीव रंजन भी केंद्र में पदस्थ हैं लेकिन वे अगले महीने रिटायर हो जाएंगे।