1. इधर योगी ने ली सभा उधर नकुलनाथ ने निकाली रैली चुनाव प्रचार के अंतिम दिन आज भाजपा और कांग्रेस के बीच प्रचार प्रसार की गहमा गहमी नजर आई। भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू के पक्ष में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दशहरा मैदान में जनसभा को संबोधित किया। वहीं दूसरी तरफ पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पुत्र और छिंदवाड़ा के सांसद नकुलनाथ ने रैली निकाली इस दौरान बड़ी संख्या में दोनों ही पक्षो के कार्यकर्ताओं ने प्रचार के अंतिम दिन पुरजोर लगा दिया और जमकर प्रचार प्रसार क़िया। 2. जैसा इतिहास भाजपा ने केंद्र में रचा छिंदवाड़ा उसे दोहराएगा - योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज दशहरा मैदान में भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। योगी ने कहा कि आज भारत ने खुद को आत्मनिर्भर भारत बनाया है अब वही इतिहास छिंदवाड़ा में बनने वाला है। एक समय था जब देश के दुश्मन देश की सरहद में घुस कर आतंकवादी घटनाओं को अंजाम देते थे आज किसी की मजाल नही को भारत तो दूर भारत की सरहद की और आंख भी उठा कर देखें हमने स्पष्ट कर दिया है की हमे छेड़ोगे तो घुस के मारेंगे भाजपा शासन जब से भारत में आई है तब से सिर्फ कांग्रेस द्वारा दी गई देश को भ्रष्टाचार के घाव को भरने काम कर रही है। सभा के दौरान विशेष रूप से मैदान में जेसीबी मशीन रखी गयी थी जो सभा मे आकर्षक का केंद्र बनी रही। जनसभा में भाजपा जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रियवर सिंह केन्द्रीय राज्यमंत्री सूक्ष्म लघु और उद्यम मंत्रालय भानुप्रताप वर्मा केन्द्र से नियुक्त विधानसभा प्रभारी मृणाल शेखर जिला संगठन प्रभारी संतोष पारिक लोकसभा संयोजक शेषराव यादव विधानसभा चुनाव जिला संयोजक कन्हईराम रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे। 3. नकुलनाथ हुए बाइक रैली में शामिल आज युवक कांग्रेस के द्वारा लाल ग्राउंड से बाइक रैली निकाली गई जिसमे सांसद नकुलनाथ ने भी बड़ी संख्या में मौजूद बाइक सवार कार्यकर्ताओं के साथ हिस्सा लिया। बाइक रैली कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में शहर के मुख्य मार्गो से होते हुए गुलाबारा में समापन हुआ। रैली में आकर्षण का केंद्र जेबीसी मशीन में खड़े होकर रैली में पुष्प वर्षा की गई। वहीं नकुलनाथ महापौर विक्रम आहाके के साथ स्कूटर पर बैठे नज़र आए। 4. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सौसर और पांढुर्ना में जनसभा को किया संबोधित महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज सौसर के पीपला में भाजपा प्रत्याशी नाना भाऊ मोहोड और प्रकाश उइके के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया इस दौरान फडणवीस ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बेटे ने सनातन धर्म को डेंगू मलेरिया बताया है। कांग्रेस कभी विकास नही कर सकती क्योंकि उसके पास विकास का कोई विजन नहीं है। कांग्रेस सनातन विरोधी है। कांग्रेस भगवान श्रीराम और श्रीराम सेतु को काल्पनिक बताती है। चुनाव आते ही कांग्रेस को हिन्दू और मंदिर दिखते हैं। 60 साल कांग्रेस ने मंदिर की सीढ़ियां नहीं चढ़ीं। इस दौरान बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी नागपुर के विधायक प्रवीण दोडके प्रियवर सिंह ठाकुर संतोष जैन प्रदेश प्रवक्ता अजय धवले उपस्थित थे। 5. परम्परानुसार कमलनाथ ने जामई में ली चुनाव की अंतिम सभा सन 1980 से निर्धारित मतदान विधी के पूर्व शासन के निर्देशानुसार प्रचार विराम के अंतिम दिन पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपने सभी चुनावों की ऐतिहासिक जनसभा जामई में ली है। अपनी चुनावी परम्परा के अनुसार आज भी कमलनाथ ने प्रचार के अंतिम दिन जामई में आयोजित ऐतिहासिक जनसभा में अपने उदगार व्यक्त किये। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जामई में डब्ल्यूसीएल की जमीन पर पट्टों का कोई विवाद नहीं रहेगा प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही इस समस्या का तत्काल निराकरण किया जावेगा। उन्होंने अपने पंद्रह महीने के कार्यकाल की जानकारी देते हुये बताया कि हम छिन्दवाड़ा वाले धोखेबाज या दगाबाज नहीं है मैं चाहता तो विधायक खरीद सकता था परन्तु सौदेबाजी की कुर्सी पर अगर मैं बैठता तो मेरे अपने छिन्दवाड़ा परिवार के लोग ही मुझसे नाराज होते जाते। 6. थम जायेगा प्रचार पर बदलेंगे नहीं विचार- प्रियानाथ प्रियानाथ ने बुधवार को ग्राम जुमनिया राजाखोह व टेकाथावड़ी सहित छिन्दवाड़ा ग्रामीण के अन्य समीपस्थ ग्रामों में जनसंपर्क कर महिला समूहों से चर्चा की। इस दौरान प्रियानाथ ने कहा कि वर्तमान विधानसभा चुनावों का प्रचार आज थम जायेगा परन्तु ना तो हमारे विचार बदलेंगे और न ही हमारा संकल्प बदलेगा पिछले 18 वर्षों के भाजपा शासन में हर वर्ग की महिलाओं ने हर तरह के अत्याचारसहे हैं। उन्हें अपमानित किया गया रोजगार के सपने दिखाये भावनाओं में बहाया गया लखपति बनाने का प्रलोभन दिया गया परन्तु उसे सामाजिक सुरक्षा नहीं दी गई उसके बेबसी के आंसू नहीं पोछे गये जिले और प्रदेश की नारी को भाजपा केवल एक वोट बनाकर रख दिया है। हम सभी को ईश्वर ने यह शुभअवसर उपलब्ध कराया है कि हम अपने छिन्दवाड़ा में बैठकर अपने घर से अपने प्रदेश के मुख्यमंत्री को चुन रहे हैं इमें इस अवसर पर अधिक से अधिक मतदान कर कांग्रेस प्रत्याशियों को सफल बनाकर कमलनाथ जी को मुख्यमंत्री बनाना है। 7. भाजपा की विदाई का दिन 17 नवम्बर तय किया गया है - नकुलनाथ अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के हर्रई ब्लॉक के ग्राम बटकाखापा व खिरकी घाट में सांसद नकुलनाथ ने आयोजित विशाल जनसभाओं को सम्बोधित किया। नकुलनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पहली दफा हमने सौ रुपये में सौ यूनिट बिजली का वादा पूरा किया अबकी बार हम सौ यूनिट मुफ्त और दो सौ यूनिट बिजली हाफ होगी। पंद्रह माह की सरकार में वृद्धा पेंशन तीन सौ रुपयों से बढ़ाकर छह सौ रुपये की थी और इस बार सीधे बारह सौ रुपये करेंगे। प्रत्येक परिवार का 25 लाख रुपयों का स्वास्थ्य और दस लाख रुपये का दुर्घटना बीमा होगा। यह वादे नहीं वचन है जो क्रमश दिसम्बर माह में कमलनाथ जी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही पूरे होने प्रारम्भ होंगे। सांसद ने कहा कि भाजपा की विदाई का दिन 17 नवम्बर तय किया गया है इस दिन जब आप विधायक कमलेश शाह को चुनने के लिये पंजे की बटन दबायेंगे तो आपका यह मत कमलनाथ जी के हाथों को मजबूती प्रदान करेगा साथ ही मुख्यमंत्री भी चुनेगा। 8. दीपक सक्सेना ने वार्डो में किया जनसंपर्क पूर्व कैबिनेट मंत्री दीपक सक्सेना ने आज वार्ड नंबर 42 में कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जनसंपर्क किया इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। दीपक सक्सेना ने वार्ड वासियों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने एवं भारी मतों से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को विजयी बनाने एवं फिर से कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की। 9. लापरवाह अधिकारी पर गिरी गाज कलेक्टर मनोज पुष्प द्वारा विधानसभा निर्वाचन के महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरतने और ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन करना पाये जाने पर उप वन क्षेत्रपाल झिरपा सकनलाल कुमरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उपवन क्षेत्रपाल कुमरे का मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी पश्चिम वनमंडल तामियां निर्धारित किया गया है। यह कार्यवाही राजस्व अनुविभागीय अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र जुन्नारदेव द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर की गई है।