1. आज का युवा अपने हाथों में काम चाहता है कमीशन नहीं- कमलनाथ सौंसर नगर में आयोजित विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुये पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि मेरी राजनीति का प्रवेश मार्ग सौंसर है जहां मैंने पहली दफा बैठक को सम्बोधित किया था तब और आज में बहुत बड़ा अंतर है हम कितने आगे बढ़े इस बात के गवाह यहां मौजूद बुजुर्ग है। पहले यहां एक कारखाना नहीं हुआ करता था और आज सौंसर औद्योगिक क्षेत्र के नाम से पहचाना जा रहा है। यहां रेमण्ड व वूलन मिल सहित सैकड़ों छोटी-बड़े कारखाने संचालित हो रहे हैं जिनमें सौंसर क्षेत्र के हजारों युवाओं को रोजगार प्राप्त हो रहा है। वहीं दूसरी ओर चौरई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कलकोटी में आयोजित विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुये पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि 15 महीने की सरकार में से साढे ग्यारह माह काम करने का अवसर मिला क्योंकि शेष माह लोकसभा चुनाव और आचार संहिता में चले गये फिर भी हमने हमारी नीति और नियत का परिचय देते हुये प्रदेश के 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। छिन्दवाड़ा के 75 हजार किसान भी इस योजना से लाभान्वित हुये। आगे भी यह योजना जारी रहती किन्तु भाजपा ने धनबल और बाहूबल से सरकार गिरा दी। 2. जनसंपर्क के दौरान वृद्ध महिला से पटेल ने घर के लिए खरीदे दीपक केन्द्रीय जल शक्ति मंत्रालय राज्यमंत्री एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय राज्यमंत्री प्रहलाद पटेल ने आज भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू के समर्थन में शहर के विभिन्न वार्डो में पदयात्रा कर जनसंपर्क किया और जनता से विवेक बंटी साहू के लिए अपना वोट रूपी आशीर्वाद मांगा। कुम्हारी मोहल्ले में जनसंपर्क के दौरान पटेल ने एक वृद्ध कुम्भकार महिला को दीपक बेचते देखा तो स्वयं उनके पास पहुंचे और आशीर्वाद मांगकर अपने घर के लिए दीपक भी खरीदे। भाजपा की चुनावी रैली गुलाबरा शंकर जी की मढिया से शुरू होकर सत्कार तिराह होते हुए चारफाटक श्याम टाकीज शनिचरा बाजार होते हुए गांधीगंज लायब्रेरी पहुंची इस दौरान जगह-जगह पदयात्रा का स्वागत भी किया गया। 3. सरकार विजन से चलती है टेलीविजन से नहीं- कमलनाथ नगर के गुलाबरा नागद्वार चौक एवं पुराना छापाखाना में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुये पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश और जिले के विकास के लिये दूरगामी सोच की आवश्यकता होती है बेहतर कार्ययोजना बनाना और फिर उसे अमल में लाना होता है। इन सबके लिये विजन चाहिये किन्तु प्रदेश की सरकार विजन से कम और टेलीविजन के सहारे अधिक चली है। कमलनाथ ने कहा कि जब देश की पूरी आबादी ने स्किल इंडिया का नारा नहीं सुना था तब छिन्दवाड़ा में स्किल सेन्टर संचालित हो रहे थे जब नारा आया तब तक हमारा छिन्दवाड़ा देश का पहला ऐसा जिला बन चुका था जहां सर्वाधिक स्किल सेन्टर संचालित है यह सबकुछ आपके प्यार और विश्वास से मुझे मिली शक्ति और विजन से सम्भव हो पाया है। आगे कमलनाथ ने कहा कि 17 नवम्बर तक मेरा बोझ थोड़ा-थोड़ा आप सभी को उठाना है फिर मेरी जिम्मेदारी है। 4. सड़क हादसे का शिकार हुए केंद्रीय मंत्री पहलाद पटेल केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल मंगलवार को सड़क हादसे का शिकार हो गए हालांकि इस दौरान वह बाल-बाल बच गए. उन्हें मामूली चोटें आई हैं लेकिन इस घटना में 35 साल के एक बाइक सवार शख्स की मौत हो गई। इसके अलावा तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री पटेल का काफिला छिंदवाड़ा से नरसिंहपुर की तरफ जा रहा था। इस दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के चक्कर में उनका वाहन सड़क से नीचे उतर गया जिस वजह से यह हादसा हुआ। घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई है। छिंदवाड़ा से जनसंपर्क अभियान कर वापस नरसिंहपुर लौट रहे थे कि तभी यह हादसा हुआ। 5.जहां नदी नहीं वहां भी पुल बनाने की घोषणा कर देते हैं शिवराज- कमलनाथ आज प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने नगर के सुकलूढ़ाना और पुराना नरसिंहपुर नाका पर आयोजित विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुये कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को कर्जदार बनाने वाले शिवराज सिंह चौहान को घोषणा करने में महारथ हासिल है उन्हें स्वयं नहीं पता कि अभी तक कितनी घोषणायें कर चुके। जहां नदी नहीं होती वहां भी पुल बनाने की घोषणा कर देते हैं। नौकरीपेशा युवा किसान मजदूर और आदिवासी सभी वर्ग भाजपा की गलत नीतियों से त्रस्त है। महंगाई बेरोजगारी भ्रष्टाचार और अपराध चरम पर है। शिवराज अपने आपको मामा कहते हैं किन्तु उनके राज में न तो बहनें सुरक्षित है न बेटियां और ना ही भांजियां फिर किस बात के मामा अब वक्त आ चुका है कि आप सभी को एकजुट होकर इन्हें सबक सिखाना है। 6.कल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का होगा आगमन भाजपा जिला कार्यकारी अध्यक्ष ठाकुर प्रियवर सिंह ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा का बुधवार सुबह 10.30 बजे छिंदवाड़ा हवाई पट्टी पर आगमन होगा। वे यहां से सीधे लालबाग स्थित ज़िला भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। बैठक के पश्चात् शर्मा 11.45 पर छिंदवाड़ा से कटंगी के लिए प्रस्थान करेंगे। वहीं केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी हैलीकॉप्टर द्वारा दोपहर 1 बजे जबलपुर से चौरई आएंगी। जहां वे भाजपा प्रत्याशी लखन वर्मा के समर्थन में चौरई स्थित गुड़ मंडी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगी। 7. स्काउट गाइड के कार्य सराहनीय है - कलेक्टर मनोज पुष्प भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ छिन्दवाडा के वार्षिक कार्यक्रम अनुसार 74 वां भारत स्काउट एवं गाइड स्थापना दिवस मनाया गया इस अवसर पर पदाधिकारियों को स्काउटिंग परंपरा अनुसार स्कार्फ बागल लगाकर स्वागत किया गया उसके बाद स्थापना दिवस ध्वज स्टीकर लगाकर स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्टर मनोज पुष्प ने स्काउट गाइड के कार्यों की प्रशंसा करते हुए स्थापना दिवस पर बधाई दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। 8. पुलिस के लिए मुसीबत बने चूहे नगर के कोतवाली थाने में चूहों के आतंक मचा हुआ है। चूहों से परेशान अधिकारी कर्मचारियों ने अब जाल बिछाकर चूहों की धरपकड़ कर रही है। पुलिस कार्रवाई के दौरान जब्त की गई अवैध शराब और सभी सामान थाने के मालखाने में सुरक्षित रखा जाता है मिली जानकारी के अनुसार चूहों ने उसी मालखाने में धमाचौकड़ी मचा रखी है। जिससे अब तक चूहों ने 60 बोतल सहित जरूरी कागजात भी कुतर डाले। वहीं चूहों की करतूत शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। जो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही है। 9. वरिष्ठ नागरिक संगठन ने मतदाताओं को किया जागरूक आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए वरिष्ठ नागरिक संगठन द्वारा आज फव्वारा चौक से मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जो विभिन्न मार्गो से होते हुए रेल्वे स्टेशन पहुंची जहां रैली का समापन किया गया। 10. सीताफल से सजा बाजार रोजगार का बना साधन दीपावली का पर्व आते ही बाजारों मैं सीताफलों की मांग बढ़ जाती है ऐसे मौसम में सीताफल पेड़ो से टूटकर ग्रामीण अंचलो से होते हुए शहर में तेजी से पहुँच रहा है। शहर में सीताफलों की आवक बढ़ गई है जिसके चलते त्यौहार में ग्रामीण अंचलो में रहने वाले लोगो को रोजगार भी मिल रहा है। सुबह से दुकाने लग जाती है। सीताफल ग्रामीण अंचलो के लिए व्यवसाय और आय का साधन भी बन चुका है 50 से 150 रुपये दर्जन तक सीताफल बिक रहे है महानगरों में 1 सीताफल की कीमत 15 से 20 रुपये में बिकते है। छिंदवाड़ा से आसपास के जिलों और बड़े शहरों में यहाँ के सीताफल पहुंचते है।