मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए नाम वापसी का दौर खत्म हो चुका है। बुधवार और गुरुवार दो दिन नाम वापसी के लिए 4-4 घंटे (सुबह 11 से दोपहर 3) दिए गए थे। इन 8 घंटे में भाजपा अपने 4 बड़े नेताओं को मनाने में कामयाब रही है। पार्टी के 5 बड़े बागी निर्दलीय या फिर दूसरे दलों से चुनाव में डटे हुए हैं। गुरुवार को मनगवां (रीवा) से भाजपा विधायक पंचूलाल प्रजापति की पत्नी पन्नाबाई आलोट (रतलाम) से भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रमेश मालवीय ने नाम वापस लिए। जबलपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल को CM ने मनाया। कांग्रेस की बात करें तो भोपाल हुजूर से निर्दलीय उतरे पूर्व विधायक जितेंद्र डागा सिहोरा (जबलपुर) से कौशल्या गोटिया ने गुरुवार को नामांकन वापस ले लिया। झाबुआ से पूर्व विधायक जेवियर मेड़ा भी मान गए। कांग्रेस के 6 बड़े नेता निर्दलीय चुनाव लड़ने पर अड़े हुए हैं।