मध्य प्रदेश में कोरोना का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में रिकाॅर्ड 4,043 पॉजिटिव केस मिले हैं। हालातों के बिगड़ने का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि पॉजिटिविटी रेट 12% पहुंच गई है। मौतों का आंकड़ा 4086 हो गया है। इसमें 6 अप्रैल की 13 मौतें भी शामिल हैं। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर के बाद अब बड़वानी, उज्जैन और उमरिया में 100 से अधिक केस मिले हैं।संक्रमण रोकने के लिए सरकार ने 13 जिलों में रविवार के बाद अब शनिवार को भी लॉकडाउन की तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को एक बार फिर कहा कि हम लॉकडाउन के पक्ष में नहीं हैं, लेकिन कुछ जिलों में ऐसी परिस्थितियां आती हैं, तो लॉकडाउन लगाना ही अंतिम विकल्प होगा। इसके लिए क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की सिफारिश से इस तरह के सख्त फैसले लिए जाएंगे।