मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय के बाद अब पंचायत चुनाव के टलने के संकेत मिल गए हैं। राज्य सरकार ने केंद्र के निर्देश पर मध्य प्रदेश से पुलिस की 50 कंपनियां तामिलनाडु और पश्चिम बंगाल चुनाव में भेजी हैं। यह कंपनियां दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव पूरा होने के बाद वापस आएंगी। गृह विभाग ने इसकी जानकारी राज्य निर्वाचन आयोग को भी भेज दी है। भोपाल में होली समेत दूसरे त्योहारों पर सार्वजनिक आयोजन पर रोक लगा दी गई है। अब लोग सिर्फ घर पर रहकर ही त्योहार मना सकते हैं। होली पर सोमवार के दिन प्रशासन ने अघोषित लॉकडाउन कर दिया है। जो आदेश जारी हुआ है, उसके अनुसार सोमवार को सभी दफ्तर, दुकानें और मार्केट पूरी तरह से बंद रहेंगे। बेवजह आने-जाने पर पाबंदी रहेगी। रात का कर्फ्यू भी अब रात 10 बजे की जगह 9 बजे ही शुरू हो जाएगा। शहर में कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न अस्पतालों में करीब 3 हजार बेड आरक्षित किए जाएंगे। जेके अस्पताल में 300 बेड को आरक्षित करने का प्रस्ताव कलेक्टर अविनाश लवानिया ने शासन को भेज दिया है। इसी तरह आयुष्मान के पैनल में शामिल 22 प्राइवेट अस्पतालों में भी 20 फीसदी आयुष्मान योजना के तहत बेड आरक्षित करना होगा। कोरोना संक्रमण के चलते प्रशासन की बंदिशों से इस बार रंग-गुलाल और पिचकारी व्यापारियों की होली बैरंग हो गई है। व्यापारियों की मानें तो खरीदी से कम में भी रंग-गुलाल नहीं बिक रहा है। इस बार व्यापार 70 फीसदी तक कम हो गया है। थोक व्यापारियों ने 3 महीने पहले ही रंग-गुलाल और पिचकारी का स्टॉक कर लिया था। 30 फीसदी माल ही बाजार में खप पाया है। आलीराजपुर में एक चैकाने वाला मामला सामने आया है। यहां अपनी बेटी के शव को मायके वाले श्मशान से ससुराल वालों से छीन लाए। शव इसलिए नहीं लाए कि उन्हें बेटी से प्यार था, बल्कि वह दंड वसूलना चाहते थे। 30 साल पहले उसने घर से भाग कर शादी की थी। थाने में काफी विवाद के बाद मायके वालों ने 5 हजार रुपए दिए तब जाकर शव लौटाया। मामला आलीराजपुर के नानपुर थाने के मोरी फलिया गांव का है। लोकायुक्त पुलिस ने सीधी में राजस्व रिकॉर्ड में सुधार के लिए दो हजार रुपए रिश्वत लेते तहसीलदार को पकड़ा। उसके साथ बाबू को भी गिरफ्तार किया गया है। जब फरियादी तहसीलदार को रुपए देने लगा तो उसने कह दिया कि बाबू को दे दो। जैसे ही बाबू को रुपए दिए तो लोकायुक्त टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। फरियादी शिवकुमार गौतम को रिकॉर्ड ठीक कराना था लेकिन तहसील का स्टाफ बिना लिए काम नहीं कर रहा था। इस पर लोकायुक्त एसपी को शिकायत की। प्रारंभिक जांच में मामला सही निकला। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने खजुराहो में नव निर्मित छत्रसाल कन्वेंशन सेंटर का समारोह पूर्वक लोकार्पण किया। उन्होंने इन कन्वेंशन सेंटर के नाम में महाराजा शब्द जोड़कर महाराजा छत्रसाल कन्वेंशन सेंटर नाम किया। साथ ही खजुराहो को बुंदेलखंड के अन्य पर्यटक स्थलों से जोड़ने के लिए हेलीकाप्टर सेवा शुरू कराने की घोषणा की। मुख्यमंत्री चैहान ने अपने भाषण की शुरुआत महाराजा छत्रसाल के महिमा गान के साथ की। उन्होंने अपना उद्बोधन शुरू करते हुए कहा “छत्ता तोरे राज में धक धक धरती होय- जित जित घोड़ा पग धरै तहां तहां हीरा होय’’। आपदा को अवसर में बदलना कोई नगर निगम के कर्मचारियों से सीखे। जी हां, कोरोना के संक्रमण को बढ़ने से रोकने के लिए हर ओर मास्क लगाने पर जोर दिया जा रहा है। जो लोग मास्क नहीं लगा रहे उन पर चालानी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई का जिम्मा नगर निगम के मैदानी अमले को सौंपा गया है। लेकिन, नगर निगम के कुछ कर्मचारी कार्रवाई के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं। शुक्रवार दोपहर करीब चार बजे चूनाभट्टी चैराहे पर निगम अमला बिना मास्क लगाए मिलने वाले वाहन चालकों को रोककर अवैध वसूली कर रहा था।