पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार बढ़ोतरी के खिलाफ सड़कों पर आंदोलन कर रही कांग्रेस के आक्रामक तेवर बुधवार को विधानसभा में भी देखने को मिले. विपक्ष ने सरकार को सदन में जमकर घेरा. शून्यकाल के दौरान कांग्रेस के विधायकों ने पेट्रोल और डीजल में हो रही मूल्य वृद्धि पर चर्चा कराने की मांग की. लेकिन सरकार इसके लिए राजी नहीं हुई तो विपक्षी कांग्रेस के सदस्यों ने विधानसभा में भारी हंगामा किया और नाराजगी का इजहार करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया. सदन में कांग्रेस विधायक आमजनता से जुड़े पेट्रोल-डीजल के दामों में बढोतरी के मुद्दे पर चर्चा कराने के लिए अड़े थे. इस दौरान सदन में काफी हंगामे की स्थिति बन गई थी. कांग्रेस के सभी विधायक सदन के बाहर आ गए और जमकर नारेबाजी की तथा गांधी प्रतिमा के सामने धरना देकर बैठ गए.