1 अब किसानों को नहीं देना होगा ब्याज शिवराज सर्कार ने 24 लाख किसानाें का 550 करोड़ रुपए का ब्याज माफ करने का फैसला लिया है। कैबिनेट की मंगलवार को हुई बैठक में सहकारिता विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। प्रदेश के सहकारी बैंकों ने वर्ष 2019-20 में किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर 14 हजार करोड़ का कर्ज दिया था, लेकिन मूल राशि चुकाने की अवधि समाप्त होने के बाद किसानों को ब्याज देना पड़ता है। अब किसानों को यह ब्याज नहीं चुकाना पड़ेगा। सरकार सहकारी बैंकों को यह राशि देगी। 2 CM शिवराज की मंत्रियों-अफसरों को खरी-खरी कल पेश केंद्रीय बजट के बाद अब मध्य प्रदेश सरकार उसमें अपने फायदे तलाश रही है. सीएम शिवराज ने बजट की आउटलाइन निकाल कर उसका फायदा उठाने की तैयारी शुरू कर दी है. मंत्रियों और अफसरों से उन्होंने कह दिया है कि वो जल्द प्लान बनाएं, केंद्रीय मंत्रियों से मिलें और प्रदेश के विकास के लिए पैसा लेकर आएं. 3. लोन आवेदन लटकाए तो सफाई कर्मचारियों ने बैंकों के सामने डाला कचरा बेगमगंज में नगर पालिका की कचरा गाड़ियों ने शहर की चार बैंकों के सामने कचरा पटक दिया। इसके बैंकों के मेन गेट बंद कर दिए गए और अफरातफरी का माहौल रहा। ग्राहक भी बाहर बैंक खुलने का इंतजार करते रहे। बताया जा रहा है कि लोन आवेदनों को लटकाने से नाराज सफाई कर्मचारियों ने विरोध का ऐसा तरीका अपनाया। 4 कांतिलाल भूरिया का विवादित बयान झाबुआ के विधायक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कांतिलाल भूरिया ने आरोप लगाया है कि राम मंदिर के लिए जुटाए जा रहे चंदे से भाजपा के छुटभैया नेता दारू पी जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता राम के नाम पर जबरन चंदा वसूली कर रहे हैं। 5 चना, सरसों और मसूर को समर्थन मूल्य पर खरीदेगी सरकार मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार गेहूं के साथ अब चना सरसों और मसूर को भी समर्थन मूल्य के साथ खरीदेगी । इसके लिए सरकार ने समर्थन मूल्य तय कर दिया है । गेहूं 1975 रुपए समर्थन मूल्य के साथ ही चना सरसों और मसूर का भी समर्थन मूल्य घोषित किया गया है । और इसके लिए 1 फरवरी से बकायदा पंजीयन भी शुरू हो गए हैं 6 ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर परिसर में चोरी ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर परिसर की सुरक्षा में तैनात कर्मियों की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। सशस्त्र पुलिस बल के चार आरक्षक और एक प्रधान आरक्षक दाल बाटी खाकर सोते रहे और मंदिर परिसर से बदमाश दान पेटी उठा ले गया। सीसीटीवी में घटना कैद होने के बाद पांचों सुरक्षाकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। 7 'श्रवणकुमार' बने कांग्रेसी इंदौर के कमिश्नर ऑफिस में मंगलवार को कांग्रेसियों ने ड्रामे के साथ हंगामा कर दिया। प्रदेश के बड़े नेताओं के साथ कुछ कांग्रेसी 'श्रवणकुमार'' की तरह कांवड़ में बुजुर्गों के फोटो रखकर आए थे। उन्होंने पूछा कि बुजुर्गों के साथ ऐसा सलूक करते रहम नहीं आया। मवेशियों की तरह उन्हें क्यों डंपर में भरा।पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया , जीतू पटवारी भी इस प्रदर्शन में शामिल रहे. 8 तीन तलाक कानून, MP में पहला मामला देश में तीन तलाक कानून लागू होने के बाद प्रदेश में संभवत: पहला मामला इंदौर में सामने आया है, जिसमें तीन बार तलाक बोल कर पत्नी को छोड़ देने वाले पति को कुटुंब न्यायालय ने प्रतिमाह 35 हजार रुपए भरण पोषण राशि देने का अंतरिम फैसला सुनाया है। 9 अभी नहीं मिलेगी ठंड से राहत फिलहाल एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में सक्रिय बना हुआ है. जिसके चलते राजस्थान में ही एक प्रेरित चक्रवात बना है. मौसम वैज्ञानिकों को मुताबिक यह सिस्टम 3 फरवरी तक पूरे उत्तर भारत में प्रवेश करेगा, जिससे मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव आएगा.