प्रदेश में बढ़ते महिला अपराध को देखते हुए परिवहन आयुक्त मुकेश कुमार ने निर्देश जारी किए हैं कि महिलाओं के खिलाफ गंभीर अपराध को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज होते ही उनका ड्राइविंग लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। परिवहन आयुक्त ने इस तरह के लिखित निर्देश क्षेत्रीय, अतिरिक्त क्षेत्रीय और जिला परिवहन अधिकारी को जारी किए हैं। हालांकि इस तरह की कार्रवाई परिवहन विभाग, महिला द्वारा एफआईआर दर्ज कराने के बाद ही करेगा। प्रदेश में सर्दी का सितम बरकरार है। रविवार को भोपाल सहित 17 जिले शीतलहर की चपेट में रहे। पचमढ़ी में सबसे कम 1.4 डिग्री पारा रहा। यहां लगातार दूसरा दिन है, जब पारा 2 डिग्री से कम रहा। इसके अलावा 12 जिलों में तापमान 6 डिग्री से कम रहा। सागर को छोड़कर सभी जगह रात का तापमान 10 डिग्री से कम रहा। हालांकि राजधानी में रात के तापमान में 1.2 डिग्री इजाफे के बावजूद पारा सामान्य से 5 डिग्री नीचे 6.4 डिग्री तक ही पहुंच सका। मौसम विभाग ने सोमवार को 16 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि इन जिलों में तापमान और गिरेगा। प्रदेश में आगामी महीनों में होने जा रहे नगरीय निकाय चुनावों में निर्वाचन आयोग नए मतदाताओं के लिए नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है। इसके तहत इस साल वोटर लिस्ट में जुड़े नए मतदाताओं को उनके मोबाइल फोन पर वोटर आईडी मिलेगी। वे इस आईडी के जरिए वोट भी डाल सकेंगे या फिर एमपी ऑनलाइन से इसकी हार्ड कॉपी का प्रिंट ले सकेंगे। बता दें कि प्रदेश की मतदाता सूची में 18 साल की उम्र के करीब 8 लाख नए मतदाता जुड़े हैं। मध्यप्रदेश में जगह-जगह मौत का सामान तैयार हो रहा है। गांव-ढाबों में धड़ल्ले से कच्ची शराब की भट्टियां धधक रही हैं। भास्कर टीम प्रदेश के छह जिलों सीहोर, बड़वानी, खरगोन, धार, गुना, रतलाम और मंदसौर में जिन 40 शराब माफिया से मिली, उनमें से आधे लोग खुद भट्टी पर कच्ची शराब तैयार करते हैं। धार जिले के धामनौद के पास बड़ी बूटी गांव में दर्जनों घरों में कच्ची शराब की भट्टियां चल रही हैं। पुलिस से बचने के लिए लोगों ने पक्के कमरों में कच्ची शराब की भट्टियां लगा रखी हैं। कमरों में एक तरफ पानी का टैंक बना है और दूसरी तरफ पक्की भट्टियां। खरगोन के भीलगांव में बस्ती के अंदर छोटी-छोटी भट्टियां हैं। दिल्ली में किसान के समर्थन में ग्वालियर में फूलबाग मैदान पर पिछले 31 दिनों से चल रहे आंदोलन में रविवार को हंगामा हो गया। शाम करीब 4.30 बजे हाथों में हाथों तिरंगा थामे करीब 20 से 25 नकाबपोश लोग घुस आए। उपद्रवियों ने पहले मंच पर कब्जा करने का प्रयास किया। जब सफल नहीं हुए, तो मारपीट शुरू कर दी। उत्पातियों ने लोगों, महिलाओं और बुजुर्गों से मारपीट की। पोस्टर-बैनर फाड़ दिए। कुछ देर उत्पात मचाकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। किसानों का नेतृत्व कर रहे माकपा नेता अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि हमला करने वाले स्वंय सेवक संघ के कार्यकर्ता थे। भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक रविवार को शहर में हुई। इमसें नगरीय निकाय चुनाव पर फोकस रहा। हालांकि इस दौरान प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थकों को लेकर दिए बयान के बाद असमंजस की स्थिति में आ गए। दरअसल, मीडिया ने उनसे पूछा था कि सिंधिया समर्थकों को संगठन में पर्याप्त जगह क्यों नहीं दी गई? इस पर वे बोले कि उनके कारण हमारे पुराने नेता (विधायक) मंत्री नहीं बन पाए। अब और कितना एडजस्ट करें। ईंटखेड़ी इलाके से सटे गांवों में कंपनी के सिटी सर्कल एवं ओएंडएम सर्कल के अमले बकायादारों को ट्रैक्टर, बाइक, मकान- दुकान, फैक्टरी, दफ्तर, कुओं में लगी पानी की मोटर की कुर्की करके सिर्फ 15 दिन में 10 करोड़ रुपए वसूल लिए। बकायादारों की लिस्ट बनाकर पहले उन्हें नोटिस थमाए जा रहे हैं। भुगतान नहीं करने पर इस तरह की कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है। जो बकायादार भुगतान नहीं कर रहे तय नियमानुसार उनके मीटर तक उखाड़े जा रहे हैं। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और माध्यमिक शिक्षा मंडल की सालाना परीक्षा के पेपर मई में होंगे। इस दौरान जेईई मेन्स का चैथा चरण भी होगा। इनकी तारीखें आपस में टकरा सकती हैं। जेईई मेन्स का पहला चरण 23 फरवरी से शुरू होगा। जेईई मेन्स की परीक्षा फरवरी में 23, 24, 25 और 26 को होगी। मार्च में 15, 16, 17 और 18 को यह परीक्षा होगी। तीसरे चरण में अप्रैल में 27, 28, 29 और 30 को परीक्षा होगी। मई में जेईई मेन्स की परीक्षा 24, 25, 26, 27 और 28 को परीक्षा होगी।