Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
16-Jan-2021

मध्यप्रदेश में कोरोना के खिलाफ वैक्सीनेशन आज शुरू हो रहा है। पहले दिन 150 सेंटर्स पर फ्रंट लाइन वर्कर्स को टीके लगाए जाएंगे। सबसे पहले टीके स्वास्थ्य विभाग के ही सफाई कर्मचारियों को लगाए जाएंगे। पहले दिन 15 हजार लोगों को वैक्सीन का पहला डोज दिया जाएगा। सबसे ज्यादा 1000 टीके भोपाल में लगाए जाएंगे। इंदौर में 100 टीके लगाए जाएंगे। प्रदेश में पहला टीका भोपाल के जेपी अस्पताल के सिक्योरिटी गार्ड हरिदेव को लगाया जाएगा। इंदौर में यह टीका आशा पवार को लगेगा। वे सफाई कर्मचारी हैं। मुरैना में जहरीली शराब से मौतों की घटना की जांच कर रही विशेष जांच दल अपनी रिपोर्ट 18 जनवरी को सुबह तक सरकार को सौंप देगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने इसी दिन दोपहर 3 बजे बैठक बुला ली है। घटना के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर अपर मुख्य सचिव गृह डॉ.राजेश राजौरा के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ए. सांई मनोहर, सदस्य उप पुलिस महानिरीक्षक मिथिलेश शुक्ला की टीम तीन दिनों से पूरी घटना की जांच कर कर रही है। राम मंदिर निर्माण के लिए मप्र में धन संग्रह की शुरुआत हो गई। विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री व राममंदिर तीर्थ क्षेत्र न्यास के अखिल भारतीय सह अभियान प्रमुख विनायक राव देशपांडे भोपाल में इस अभियान में शामिल हुए। पहले ही दिन 15 करोड़ रुपए जुट गए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने एक लाख 21 हजार, भोपाल सांसद प्रज्ञा सिंह ने वेतन से एक लाख 11 हजार 111 रुपए और अपने अखाड़े की तरफ से 11 लाख 11 हजार 111 रुपए दिए। इंदौर के उद्योगपति विनोद अग्रवाल ने एक करोड़ रुपए दिए। एक लाख से अधिक राशि देने वालों की संख्या देर शाम तक 50 से अधिक हो गई। उज्जैन का जंतर मंतर (जीवाजी वेधशाला) वैसे तो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है, लेकिन अब यहां की नक्षत्र वाटिका भी लोगों को अपनी ओर खींचने को विवश कर देगी। नक्षत्र वाटिका का शुक्रवार को स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने उद्धाटन किया। वाटिका में सूर्य और आठ ग्रहों के मॉडल बनाए गए हैं। सूर्य से सभी ग्रहों की दूरी, तुलनात्मक आकार, मूल रंग और परिक्रमा को दर्शाया गया है। वाटिका में 12 राशियों, उनके तारा समूह और आकार को भी मॉडल के रूप में बनाकर सौरमंडल की परिकल्पना की गई है। इसी तरह 27 नक्षत्रों के बारे में भी बताया गया है। उनके साथ उनके औषधीय वृक्षों को भी लगाया गया है। वेयर हाउसिंग कंपनी जेआरजी ग्रुप पर आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेशन विंग इंदौर द्वारा मंगलवार को शुरू की गई कार्रवाई शुक्रवार शाम को खत्म हुई। शहर में व दिल्ली में हुए छापे में शुक्रवार को 13 करोड़ का और अघोषित लेन-देन सामने आया। इस तरह कुल आंकड़ा 182 करोड़ पर पहुंच गया है। वहीं विभाग को 15 से अधिक बॉक्स भरकर दस्तावेज बरामद हुए हैं। इसमें मुख्य तौर पर लेनदेन की रसीदें, सौदों के करार आदि हैं, जिनकी विभाग द्वारा विस्तार से जांच की जाएगी। जिनके भी नाम इन लेन-देन में आए हैं, उन सभी को समन जारी कर पूछताछ की जाएगी। जारी वित्तीय वर्ष की अंतिम तिमाही में मध्यप्रदेश सरकार 4258 करोड़ का और कर्ज लेगी। इसके बाद जारी वर्ष में उसकी बाजार की कुल उधारी 21,258 करोड़ पहुंच जाएगी। हालांकि राज्य सरकार को पहले लिए गए कर्ज पर ब्याज की अदायगी के लिए मार्च में कुछ आकस्मिक कर्ज लेने पड़ सकते हैं। इसके लिए वह अलग से बॉन्ड जारी करेगी। आरबीआई ने 31 मार्च-21 तक सभी राज्यों के बाजार से उधारी की समय सारणी जारी की है।