1 भोपाल में कटा 1 लाख का चालान अगर आप भी मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का पालन नहीं करते हैं तो सावधान हो जाइए क्योंकि एक बाइक सवार को नियमों का उल्लंघन बहुत ही महंगा पड़ गया। बाइक सवार का आरटीओ ने 1 लाख 13 हजार रुपए का चालान काटा है । जो कि देश में किसी दो पहिया वाहन पर की गई अब तक की सबसे बड़ी जुर्माने की कार्यवाही बताई जा रही है। बाइक सवार पर आरोप है कि उसने नए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कई नियमों का उल्लंघन किया है। 2 भोपाल में इन्हे लगेगा पहला टीका मध्य प्रदेश में सबसे पहला टीका जिले में अस्पताल के एक सफाई कर्मचारी और एक नामचीन डॉक्टर को लगेगा। नामचीन डॉक्टर को शहर का 'सेलिब्रिटी' नाम दिया गया है। राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. संतोष शुक्ला ने बताया, यह दोनों कौन होंगे, इसके लिए स्थानीय जिला प्रशासन को नाम तय करने की जिम्मेदारी दी गई है। 3 पहला टीका सफाईकर्मी को लगाने का प्रयास करें - सीएम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 16 जनवरी को टीकाकरण अभियान सुबह 9 बजे पूरे प्रदेश में एक साथ शुरू होगा। उन्होंने कलेक्टरों से कहा है कि वे यह प्रयास करें कि पहला टीका सफाई कर्मचारी को लगे। 4 बिचौलियों से रहे सावधान - पीसी शर्मा अयोध्या में राम मंदिर के चंदे को लेकर भोपाल में कांग्रेस के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कई लोगों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिचौलियों ने अब राम के नाम पर चंदा मांगना भी शुरू कर दिया है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि वे राम मंदिर निर्माण में चंदा सिर्फ श्री राम मंदिर ट्रस्ट के खाते में ही डालें। 5 कमिश्नर और कलेक्टर ने उड़ाई पतंग भोपाल स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट काॅर्पोरेशन लिमिटेड मकर संक्राति पर स्ट्रीट फाॅर पीपुल्स चैलेंज के अंतर्गत स्मार्ट रोड पर काइट फेस्टिवल हुआ। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 8 से 10 फीट बड़ी पतंगे रहीं। तेज ठंड और कोहरे के बीच लोग पतंगबाजी का आनंद उठाया। कार्यक्रम में पहुंचे कमिश्नर कवींद्र कियावत और कलेक्टर अविनाश लवानिया ने भी पतंगबाजी का लुत्फ उठाया। 6 महाकाल की नगरी में मनाई गई मकर संक्रांति मकर संक्रांति पर्व पर उज्जैन में शिप्रा नदी के रामघाट पर श्रद्धालुओं ने सुबह से ही आस्था की डुबकी लगाई। नदी में स्नान कर पितरों के निमित्त तर्पण भी किया। शिप्रा में आज के दिन स्नान का विशेष महत्व है। मान्यता है कि समुद्र मंथन के समय अमृत की बूंद शिप्रा के रामघाट पर गिरी थीं। यही वजह है कि शिप्रा को मोक्षदायिनी भी माना जाता है। 7 ऐतिहासिक सदर मंजिल फिर हुई रोशन नवाबों के जमाने की गवाह भोपाल की सदर मंजिल फिर अपनी खूबसूरती से लोगों को लुभाएगी। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत इसका कायाकल्प किया गया है। म्यूजियम भी बनने वाला है। 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) पर यह तिरंगे के रंगों में जगमगाएगी जिसका ट्रायल शुरू कर दिया गया है। 8 अफ्रीकी चीता आएगा मध्यप्रदेश आज मंत्रालय में वाइल्ड लाइफ से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक हुई. इसमें प्रदेश के प्रमुख अभयारण्यों में नाइट सफारी और बैलून सफारी शुरू करने पर विचार किया गया.साथ ही घड़ियालों के पुनर्वास और जंगली हाथियों के रेस्क्यू पर चर्चा की गयी. 9 मध्य प्रदेश में हवाओं का रुख बदला संक्रांति पर्व पर सूर्य के उत्तरायण होने और आसमान साफ बना रहने से गुरुवार को राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। साथ ही हवा के रुख में भी बदलाव होने से न्यूनतम तापमान में भी मामूली इजाफा हुआ है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी शनिवार तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहेगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी।