बीते डेढ़ साल से 5 फीसदी बकाया महंगाई भत्ता (डीए) का इंतजार कर रहे प्रदेश के 4.47 लाख सरकारी कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। सरकार मई में इसका भुगतान करने की तैयारी कर रही है। साथ ही, पिछले साल जुलाई में रोकी गई वार्षिक वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) का लाभ दिया जाना है। इस लाभ के बगैर 18 हजार कर्मचारी पिछले साल रिटायर हो चुके हैं। इस साल भी 21 हजार कर्मचारी सेवानिवृत्त होना है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने भी इस बात के संकेत दिए हैं कि जैसे-जैसे प्रदेश की वित्तीय स्थिति सुधरेगी राज्य के कर्मचारियों को बकाया महंगाई भत्ते, वार्षिक वेतन वृद्धि और सातवें वेतनमान की अंतिम किस्त का भुगतान कर दिया जाएगा। राजधानी में 16 जनवरी से कोरोना वैक्सीन लगाने की शुरुआत होगी। भोपाल में 80 सेंटर पर कोरोना का वैक्सीनेशन किया जाएगा। विभिन्न सेंटर पर रजिस्ट्रेशन का काम सरकारी अधिकारी के पास ही रहेगा। वे ही इसकी मानीटरिंग करेंगे कि जिस व्यक्ति का रजिस्ट्रेशन है उसी को वैक्सीन लग रहा है। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने वैक्सीनेशन की तैयारियों के संबंध में बैठक ली। वैक्सीनेशन के लिए स्मार्ट सिटी में कंट्रोल रूम बनेगा। सभी जगह एक साथ इस प्रक्रिया को एक साथ शुरू किया जाएगा। एक दिन में 8 से 10 हजार लोगो का वैक्सीन लगाए जाने की तैयारी की गई है। सभी स्वास्थ्य कर्मियों के बाद फ्रंट लाइन वर्कर और उसके बाद दूसरे लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। एक सेंटर पर लगभग 100 लोगो को वैक्सीन लगाई जाएगी। गैस पीडि़त कैंसर मरीजों को अनुबंधित अनुबंधित निजी अस्पतालों ने इलाज से इनकार कर दिया है। इसकी वजह सरकार द्वारा गैस पीडि़तों के इलाज खर्च के 33 करोड़ रुपए का भुगतान अस्पतालों को नहीं करना है। इसका खामियाजा फेंफड़े, ब्रेन, लिवर, ब्रेस्ट, मुंह का कैंसर सहित दूसरी बीमारियों के गैस पीडि़तों को भरना पड़ेगा। सूत्रों के मुताबिक बकाया राशि का भुगतान नहीं होने से नवोदय कैंसर हॉस्पिटल ने गैस पीडि़तों का इलाज बंद कर दिया है। जबकि जवाहरलाल नेहरू कैंसर हॉस्पिटल 15 जनवरी से कैंसर के नए मरीजों का इलाज नहीं करेगा। 30 जनवरी तक गैस पीडि़त मरीजों के इलाज के बिलों का बकाया भुगतान नहीं होने पर 31 जनवरी से पुराने मरीजों का इलाज भी अस्पताल प्रबंधन बंद कर देगा। मध्य प्रदेश में कक्षा 6वीं से लेकर 8वीं तक के बच्चों को पढ़ाई कराने के लिए अब नई पहल शुरू की जा रही है। इसमें अब राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के अंतर्गत कक्षा-6वीं से 8वीं के गणित एवं विज्ञान विषय की गतिविधियों का ऑन लाइन प्रसारण किया जाएगा। इन्हें आईआईटी पढ़ाएगा। हर बुधवार यानी कल से शाम 4 से 5 बजे तक सभी विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक इस कार्यक्रम को ऑन लाइन देख सकेंगे। इस कार्यक्रम की शुरूआत राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा 13 जनवरी को दोपहर 3 बजे किया जाएगा। यह ऑन लाइन कार्यक्रम भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, इंदौर द्वारा तैयार किया गया है।