मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चाैैहान ने मंत्रियों से कहा है कि वे अपने निज सहायक और निज सचिव सोच समझ कर रखें। ये ऐसी जाति है, जो सरकार बदलने के साथ बदल जाति है। ये इंतजार करते रहते हैं कि कब आपके (मंत्री) पास कोई जगह खाली हो और चिकनी-चुपड़ी बातें कर अपनी नियुक्ति करा लें, इनसे सावधान रहें। वरना आप बदनाम हो जाएंगे। सीएम ने नायक फिल्म का उदाहरण देकर समझाईश भी दी। मुख्यमंत्री ने कोलार डेम के निकट फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में मंगलवार को आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के मंथन के लिए आयोजित बैठक समाप्त होने के बाद देर शाम मंत्रियों से अनौपचारिक चर्चा की। क्राइम ब्रांच ने मंगलवार शाम ड्रग्स मामले में देश की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई का खुलासा किया। गिरफ्त में आए 5 आरोपियों से 70 करोड़ रुपए की 70 किलो ड्रग्स बरामद की। इनके पास से 13 लाख रुपए नकद भी बरामद हुए हैं। आरोपी तेलंगाना और मप्र के रहने वाले हैं। आरोपी ड्रग्स की खेप देने और टोकन मनी लेने के लिए एकत्रित हुए थे। आरोपियों की माने तो वे ट्रेन, प्लेन, बस, ट्रक ट्रांसपोर्ट और निजी कार हर प्रकार से ड्रग्स लाते थे। ये इतने शातिर थे कि ट्रांसपोर्ट से ड्रग्स भेजते समय वे पैकेट में मुर्गी दाना पाउडर या बीमारियों के वैक्सीन का पाउडर बताते थे। स्वास्थ्य विभाग में पदोन्नति में परिवारवाद का मामला सामने आया है। मंगलवार को स्वास्थ्य संचालनालय से एक आदेश जारी हुआ। इसमें बताया गया कि भोपाल की जिला स्वास्थ्य अधिकारी नीरा चैधरी को क्षेत्रीय कार्यालय में संयुक्त संचालक बनाया गया है। बता दें कि नीरा चैधरी प्रदेश सरकार में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चैधरी की पत्नी हैं और उन्हें पदोन्नत कर जो पद दिया गया है, वरिष्ठता सूची के आधार पर उस पद के लिए नीरा से पहले 1000 अन्य डॉक्टर दावेदार थे। स्वास्थ्य विभाग ने 2017 में प्रथम श्रेणी डॉक्टरों की अंतिम वरिष्ठता सूची जारी की थी। इसमें 1042 डॉक्टरों के नाम थे, लेकिन नीरा का नाम नहीं था। नीरा की नई नियुक्ति से डॉक्टरों में भी नाराजगी है। इस मामले में जब स्वास्थ्य मंत्री से संपर्क किया गया तो उन्होंने कुछ भी कहने से मना कर दिया। कोरोना कहर के बीच प्रदेश में बर्ड फ्लू की आहट ने सबकी चिंता बढ़ा दी है। अब तक इंदौर, मंदसौर, खंडवा, खरगोन, आगर मालवा जिलों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। वहीं कई शहरों में पक्षियों की मौत का सिलसिला जारी है। मंगलवार को अलग-अलग शहरों से 150 से ज्यादा पक्षियों के मरने की जानकारी मिली है। इनमें आगर मालवा में 36, मंदसौर में 30, नीमच में 20, गुना में 20, उन्हेल में 12, सीहोर में 9, नागदा में 7, उज्जैन में 6, खंडवा में 5 और इंदौर में 5 पक्षी मरे हुए मिले। इंदौर के डेली कॉलेज परिसर में अब तक 150, वहीं आगर मालवा में 146 और मंदसौर में 130 से ज्यादा कौओं की मौत हो चुकी है। मुख्यमंत्री और मंत्रियों की वल्लभ भवन के बाहर हुई पहली अनौपचारिक मीटिंग में सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे के मंत्रियों ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर कटाक्ष किए। राजस्व व परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि पहले तो बैठकें ही नहीं होती थीं। कोई बैठक हो भी तो कुर्सी पर बैठते-बैठते ही वह खत्म हो जाती थी। जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर व अन्य ने भी कहा कि यहां तो कितना काम है। कई बार तो समझ नहीं आता। पहले तो बैठक करने के लिए बोलना पड़ता था। हमें तो मुक्ति मिल गई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि आप लोग पूरी क्षमता और लगन से काम करें। राजधानी में कोचिंग संस्थान अल्टरनेट-डे पर चलाने की बाध्यता को समाप्त कर दिया है। सोशल डिस्टेंसिंग और कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए कोचिंग चला सकेंगे। इस संबंध में मंगलवार को 14 कोचिंग संचालकों ने अंडरटेकिंग लेटर भी जिला प्रशासन में जमा किए हैं। इनमें कहा गया है कि वे फीस में बढ़ोतरी नहीं करेंगे। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बताया कि संचालकों को नियमों का पालन करना अनिवार्य है। निरीक्षण में किसी लापरवाही पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी। भोपाल प्राइवेट कोचिंग वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय तिवारी ने कहा कि सभी गाइडलाइन का पालन किया जाएगा। फीस नहीं बढ़ाएंगे। लॉकडाउन के बाद यह पहला मौका है, जब पिछले साल दिसंबर 2020 में राजा भोज एयरपोर्ट पर आवागमन करने वाले यात्रियों की संख्या 65 हजार पार हो गई। हालांकि वर्ष-2019 के दिसंबर में एयरपोर्ट पर 1 लाख 18 हजार से ज्यादा यात्रियों ने आवागमन किया था। इस लिहाज से यह संख्या भले ही कम रही हो पर संक्रमण के बाद शुरू हुई फ्लाइट्स को देखते हुए यह अच्छे संकेत हैं।