1 बेटी पैदा होने की खुशी, सैलून किए फ्री ग्वालियर-चंबल अंचल में हमेशा से बेटियों से ज्यादा महत्व बेटों को दिया जाता था, लेकिन अब यह हवा बदल रही है। शहर के सलमान ने एक ऐसा उदाहरण पेश किया है कि उसकी बेटी आयत अब पूरे शहर में चर्चित हो गई है। सलमान ने उसके घर में बेटी का जन्म होने पर अपने तीन हेयर सैलून अगले 24 घंटे के लिए फ्री कर दिए हैं। 2 सफाई कर्मियों ने ही सड़क पर फेंक दिया कचरा ग्वालियर में वेतन नहीं मिलने के कारण हड़ताल पर गए कर्मचारियों द्वारा सड़कों पर कचरा फेंके जाने को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नाराजगी व्यक्त की है। कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने ग्वालियर नगर निगम कमिश्नर संदीप माकिन से सवाल-जबाव किए। 3 दुकान खुलवाएगा महिला एवं बाल विकास विभाग मध्यप्रदेश में रोजगार के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नई पहल की जा रही है। इसके तहत बाल संरक्षण योजना के अंतर्गत 'लॉन्च पैड स्कीम' प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। इस स्कीम में प्रदेश के देखरेख संस्थाओं के संस्थागत देखरेख से बाहर आने वाले 18 साल पूरी कर चुके बालक/बालिकाओं को रोजगार का नया अवसर दिया जाएगा। इसमें उन्हें कलेक्टोरेट परिसर समेत अन्य सार्वजनिक जगहों पर दुकानें खुलवाई जाएंगी। 4 चीफ जस्टिस मोहम्मद रफीक ने किया पदभार ग्रहण एमपी हाईकोर्ट के 26वें चीफ जस्टिस मोहम्मद रफीक ने सोमवार को पदभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले रविवार को भोपाल में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें शपथ दिलाई थी। रात में ही चीफ जस्टिस जबलपुर पहुंच गए थे। हाईकोर्ट के साउथ ब्लॉक सभागार में सुबह 10.30 बजे वर्चुअल तरीके से अधिवक्ताओं और अन्य लोगों की मौजूदगी में पदभार ग्रहण किया। 5 शिवराज कैबिनेट में महाकौशल की अनदेखी से नाराज विश्नोई मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली सरकार के मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद साइड इफेक्ट दिखने लगा है. शिवराज कैबिनेट के विस्तार में महाकौशल क्षेत्र के विधायकों की अनदेखी को लेकर पूर्व मंत्री और सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अजय विश्नोई ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.बीजेपी के वरिष्ठ विधायक अजय विश्नोई ने सोमवार को ट्वीट कर खुलेआम अपनी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने लिखा है कि महाकौशल अब उड़ नहीं सकता. फड़फड़ा सकता है! 6 पहले जरूरी लोगों को वैक्सीन लगाई जाए - सीएम शिवराज मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को प्रशासनिक और पुलिस अफसरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चर्चा की। वैक्सीनेशन को लेकर उन्होंने कहा कि सारी तैयारियां हो गई हैं। जिन्हें ज्यादा जरूरी है, उन्हें पहले टीका लगे। मैं बाद में वैक्सीन लगवाऊंगा। 7 रेत से पैसा निकालने की कोशिश की तो छाेडूंगा नहीं -CM शिवराज कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अफसरों से कहा कि रेत से पैसा निकालने की कोशिश की तो छोडूंगा नहीं। वैध कांट्रेक्टर्स को प्रोटेक्ट करें क्योंकि वे राजस्व देते हैं। उन्होंने कहा कि वैध कांट्रेक्टर परेशान न हों, यह जिम्मेदारी कलेक्टर व पुलिस अधीक्षकों की है। ऐसी शिकायतें मिल रही हैं कि रेल का अवैध कारोबार करने वाले वैध कांट्रेक्टर्स को परेशान करते हैं। इसके लिए पैसा भी बटता है। 8 कांग्रेस का काम ही बवाल करना - गृहमंत्री कोरोना की दो वैक्सीन को इमरजेंसी यूज के लिए ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने मंजूरी के बाद सरकार और विपक्ष में आमने-सामने आ गई है। कांग्रेस समेत विपक्षी पार्टियों ने सरकार पर प्रोसेस में हड़बड़ी और वैक्सीन के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया है। इसके जवाब में मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कांग्रेस हर उस अच्छे काम पर सवाल खड़े करती है, जो राष्ट्र हित में होता है। 9 फीता काटना अपशगुन -उषा ठाकुर मध्यप्रदेश की पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर ने फीता काटने को अपशगुन बताया है। उन्होंने यह चौंकाने वाला बयान आज इंदौर में "फ्लाइट @18 एमपी" कैफे का शुभारंभ करते समय दिया। कैफे के उद्घाटन के पहले जब फीता काटने की बात कही तो उषा ठाकुर ने कहा कि फीता काटना अपशगुन होता है। 10 कृषि मंत्री का नया मंत्र कृषि मंत्री कमल पटेल ने सोमवार को रेसिडेंसी कोठी पर मीडिया से चर्चा में किसान आंदोलन और नए कानून पर बात की। उन्होंने कहा किसान कानून को लेकर कुछ लोग भ्रम फैला रहे हैं। ये लगातार अंबानी-अडानी की रट लगाए बैठे हैं। क्या ये छह साल में पैदा हुए हैं। ये नेहरू जी के समय से हैं। देश में आज 5 लाख लोग हैं जो करोड़पति से ऊपर हैं। बाकी पूरा देश गरीब है। 11 अरब सागर से नमी आने से छाए बादल अरब सागर से एक बार फिर नमी आने से मध्यप्रदेश के मौसम पर इसका असर पड़ा है। इसके कारण भोपाल में जनवरी में इस सीजन में रात का पारे में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि भोपाल समेत प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के कारण सोमवार सुबह से ही कोहरा और धुंध का मिला-जुला असर दिखाई दे रहा है। 12 मुन्नवर फ़ारुखी सहित कुल 6 लोगों के खिलाफ पुख्ता सबूत स्टैंड अप कॉमेडियन मुन्नवर फ़ारुखी सहित कुल 6 लोगों की गिरफ्तारी को लेकर कहा कि सोमवार को साेशल मीडिया पर एक अफवाह फैल गई। बताया गया कि मुन्नवर सहित उनकी टीम के खिलाफ पुलिस के पास पुख्ता सबूत नहीं थे। उन्हें दबाव में आकर पकड़ा गया है। इसके बाद इस खबर को लेकर जब हमने पुलिस से बात की तो उन्होंने वायरल मैसेज को झूठा करार दिया। उनके अनुसार फारुखी सहित सभी के खिलाफ उनके पास पुख्ता सबूत हैं और इसी आधार पर उन्हें पकड़ा गया था। 13 हनुवंतिया के लिए स्पेशल बस सेवा शुरू पर्यटन विभाग ने इंदौर से हनुवंतिया के लिए स्पेशल बस सेवा शुरू की है। जल महोत्सव में आने-जाने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए पर्यटन निगम के क्षेत्रीय कार्यालय इंदौर से प्रतिदिन बस सेवा का संचालन किया जाना है। सोमवार को पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर और विधायक महेंद्र हार्डिया ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया।