Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
02-Jan-2021

मध्यप्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में मामूली वृद्धि से नये साल के पहले दिन लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिली। मध्य प्रदेश का अधिकांश भाग पिछले कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड की चपेट में था। राज्य में सबसे कम तापमान ग्वालियर में 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दतिया में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा। राजस्थान के बाद अब मध्यप्रदेश के इंदौर में भी बर्ड फ्लू वायरस की पुष्टि हुई है। इंदौर के डेली कॉलेज परिसर में तीन दिन में 50 कौओं की मौत हो गई है। इनमें से दो में एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा यानी बर्ड फ्लू का वायरस मिला है। कौओं के सैंपल भोपाल में आनंद नगर स्थित हाईसिक्योरिटी एनिमल डिसिस लेबोरेटरी में जांच के लिए भेजे गए थे। दोनों सैंपल एवियन इन्फ्लूएंजा पॉजिटिव मिले हैं। पशु चिकित्सा विभाग के डायरेक्टर डॉ. आरके रोकड़े ने बताया कि सभी जिलों को अलर्ट कर दिया गया है। मध्यप्रदेश में स्कूली बच्चे अब भी स्कूल जाने से डर रहे हैं। उन्हें कोरोना का डर सता रहा है। इस संबंध में 9वीं से लेकर 12वीं तक के 1 जनवरी से लेकर 31 दिसंबर तक 2 लाख 35 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने मंडल की हेल्पलाइन पर सवाल पूछे हैं। यही कारण है कि इस बार पिछले साल की तुलना में एक लाख से ज्यादा छात्रों ने कॉल किए हैं। माध्यमिक शिक्षा मंडल के 18 काउंसलिंग ने रिकॉर्ड कॉल अटेंड किए हैं। इसी दौरान वर्ष 2019 में 1 लाख 31 हजार छात्र छात्राओं के कॉल आए थे। मध्यप्रदेश देश का एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां कोरोना संक्रमण रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के बावजूद पिछले सात महीने में से छह बार जीएसटी कलेक्शन बढ़ा। जून से दिसंबर के बीच राज्य के टैक्स कलेक्शन में 7.11 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। 2019 में जून से दिसंबर के दौरान कुल टैक्स संग्रह 15,776 करोड़ रुपए था, जो इस बार इसी अवधि में 16,899 करोड़ रुपए रहा। टैक्स लॉ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एस. कृष्णन ने बताया कि संकटकाल में यह बढ़ोतरी खासी अहम है। सरकार ने वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए 16,111 करोड़ रुपए के राज्य जीएसटी संग्रह का अनुमान लगाया था। लॉकडाउन के दौरान पोषण आहार की गड़बड़ी के आरोप में सस्पेंड हुईं दो अफसरों की सिर्फ इसलिए बहाली हो गई, क्योंकि सस्पेंड होने के 90 दिन के भीतर महिला एवं बाल विकास विभाग उन्हें चार्जशीट (आरोप-पत्र) जारी नहीं कर पाया। इसके पीछे बड़ा कारण सामने आया कि चार्जशीट जारी करने से पहले अनुमोदन के लिए फाइल विभाग की मंत्री इमरती देवी के पास भेजी गई थी, जो 50 दिन बाद लौटी। तब तक 90 दिन का समय बीत गया। फाइल 29 अक्टूबर को मंत्री के पास भेजी गई थी, जो 18 दिसंबर को लौटी। अब विभाग कह रहा है कि नए सिरे से कार्यवाही की जा सकती है। भोपाल आरटीओ में 2019 के मुकाबले 2020 में ज्यादा महंगी और लग्जरी गाडियां रजिस्टर्ड हुई हैं। 5 लाख और 10 लाख रुपए के बीच की कीमत वाली गाडियां भी काफी संख्या में रजिस्टर्ड हुईं। 2020 में लंबे लॉकडाउन के बाद भी आरटीओ में 17,855 कारें रजिस्टर्ड की गईं, जबकि पिछले साल का आंकड़ा 21,879 था यानी 2020 में करीब 3 हजार का ही अंतर रहा। मोटर साइकिल की बात करें तो 2019 में 77,284 रजिस्टर्ड हुई थीं, जबकि 2020 के आखिर तक 49,884 के रजिस्ट्रेशन हुए। वर्ष 2019 और 2020 के दौरान जनवरी से दिसंबर तक आरटीओ भोपाल में रजिस्टर्ड वाहनों की जानकारी लेने पर पता चला कि लग्जरी और सरकार को ज्यादा टैक्स देने वाली गाडियां 2020 के दौरान ज्यादा आरटीओ में रजिस्टर्ड की गईं, जबकि आधे से ज्यादा साल के दौरान कोविड संक्रमण का दौर लगातार चलता रहा। साल के पहले दिन प्रदेश के प्रमुख मंदिर और पर्यटन स्थल गुलजार रहे। बड़ी संख्या में लोग परिवार सहित ग्वालियर किले, महेश्वर व अन्य स्थानों पर पहुंचे और सैर-सपाटे का लुत्फ उठाया। लोगों ने ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण के साथ नर्मदा में बोटिंग का मजा लिया। उज्जैन के महाकाल मंदिर में शुक्रवार तड़के से रात तक श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। देवास स्थित मां चामुंडा टेकरी पर भी श्रद्धालुओं का तांता रहा। नए साल का जश्न मनाने के लिए शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग ऐतिहासिक किले पर पहुंचे। एएसआई एवं राज्य पुरातत्व विभाग के अंतर्गत आने वाली ऐतिहासिक विरासत देखने के लिए करीब 2 हजार टिकट खरीदे गए। प्रदेश में अगले दो साल में सोलर एनर्जी से 3600 मेगावाट अतिरिक्त बिजली पैदा होगी। 2021 में प्रदेश में 6 बड़े सोलर पार्क शुरू होने जा रहे हैं, जिन्हें पिछले छह माह के भीतर केंद्र से मंजूरी मिल चुकी है। 2022 के अंत तक इन्हें पूरा करने का टारगेट है। इनमें से एक सोलर पार्क को एनटीपीसी और पांच को रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर लिमिटेड (रम्सल) और सोलर एनर्जी कार्पोरेशन ऑफ इंडिया (एसईसीआई) संयुक्त रूप से तैयार करेंगे। प्रदेशभर में अभी (दिसंबर 2020) तक 2400 मेगावाट बिजली सौर उर्जा से पैदा हो रही है, इसमें सबसे बड़ा 750 मेगावाट का योगदान रीवा (गुढ़) स्थित रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर पार्क का है। छिंदवाड़ा अस्पताल में चोरी की अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां बदमाश दिनदहाड़े पीपीई किट पहनकर कोविड यूनिट में घुसा और 32 इंच की एलईडी टीवी चुरा ले गया। हैरानी की बात ये है कि दिनदहाड़े हुई इस घटना का पता अस्पताल प्रबंधन को भी सात दिन बाद लगा। लगता है चोर को संक्रमण का डर था, पकड़े जाने का नहीं। अस्पताल की सिविल सर्जन पी गोगिया के मुताबिक 31 दिसंबर को अस्पताल प्रबंधक कोरोना वार्ड का मुआयना करने पहुंचे। यहां मरीजों के मनोरंजन के लिए लगा एलईडी टीवी गायब दिखा। स्टाफ से पूछा, तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद लगातार सात दिनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।