1 नये साल में इंदौर को मिलेगी भूकंप रोधी मकानों की सौगात नये साल के पहले दिन इंदौर को बड़ी सौगात मिलने वाली है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लाइट हाउस प्रोजेक्ट का वर्जुअली शिलान्यास करेंगे. हालांकि सीएम शिवराज सिंह चौहान इस कार्यक्रम के दौरान इंदौर में मौजूद रहेंगे.इंदौर में जापानी तकनीक से बनने वाले लाइट हाउस प्रोजेक्ट का भूमिपूजन और शिलान्यास 1 जनवरी 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल तरीके से करेंगे.ॉ 2 भोपाल में किसान नेताओं की चेतावनी दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के प्रमुख नेता शिवकुमार कक्का जी ने कहा कि सरकार खुशियां ना मनाए। हमारी मुख्य मांग कृषि कानूनों को वापस लेना और MSP गारंटी का कानून बनाना है, जिस पर हम अड़े हुए हैं, हम अच्छी तरह जानते हैं कि सरकार हमें थका रही है। मगर हम भी एक साल की तैयारी से आए हैं, जब तक कानून वापस नहीं होगा हम सब वापस नहीं जाएंगे। 3 सारंग का कांग्रेस पर निशाना MP में अधिकारियों-कर्मचारियों पर जांच एजेंसियों द्वारा सीधे केस दर्ज न करने के सवाल पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा- अगर किसी अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ जांच होती है तो उस विभाग को भी उसकी जानकारी होनी चाहिए, यह उन्हें बचाने के लिए नही, बल्कि और ठोस कार्रवाई करने के लिए ऐसा किया जा रहा है। 4 दिन-रात के तापमान में सबसे कम 8 डिग्री का अंतर भोपाल में उत्तर में बर्फबारी के कारण मध्यप्रदेश में ठंड बढ़ रही है। इस कारण प्रदेश की राजधानी भोपाल में 6 सालों का रिकॉर्ड टूट गया है। वर्ष 2014 में दिन और रात के तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस का अंतर रह गया था, लेकिन बुधवार को दिन का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 5 MP में 1 जनवरी से सभी कॉलेज खुलेंगे मध्य प्रदेश में 1 जनवरी से सभी शासकीय और अशासकीय कॉलेज खुल जाएंगे। कॉलेज भी स्कूल की तरह ही लगाए जाएंगे। 1 से लेकर 10 जनवरी तक केवल प्रैक्टिकल के लिए क्लास लगाई जाएंगी। यूजी फाइनल ईयर और पीजी थर्ड सेमेस्टर की क्लास 10 जनवरी से शुरू होंगी। 6 BJP में 2 जनवरी से शुरू होगा बैठकों का दौर बीजेपी ने नगरीय निकाय चुनाव की रणनीति नए साल के शुरुआत में तेज करने की तैयारी कर ली है। प्रदेश के 5 महामंत्री 2 जनवरी से बैठकों का दौर शुरू करेंगे। निकाय चुनाव की रणनीति बनाने की जिम्मेदारी महामंत्रियों को सौंपी गई है। जो पहले चरण में सांसदों,विधायकों व जिलाध्यक्षों की विभिन्न पहलुओं पर राय लेंगे। इसके बाद मंडल स्तर के पदाधिकारियों का फीडबैक लिया जाएगा। 7 प्रभात झा ने रेल मंत्री को लिखा पत्र बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्य सभा सांसद प्रभात झा ने कहा है कि हबीबगंज स्टेशन का नाम ‘अटल जंक्शन’ किया जाना चाहिए। इसको लेकर झा ने रेल मंत्री पीयूष गोयल को एक पत्र भेजा है। उन्होंने दलील दी है कि हबीबगंज नाम का कोई इतिहास नहीं है। इसलिए स्टेशन का नाम हबीबगंज होने का कोई औचित्य नहीं है। 8 श्योपुर के विधायक सीताराम आदिवासी एयर लिफ्ट कर लाए भोपाल श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक सीताराम आदिवासी के अस्वस्थ होने पर उन्हें गुरुवार को दोपहर हेलिकॉप्टर के जरिए कराहल स्थित गांव से भोपाल लाया गया है। यहां उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विधायक सीताराम आदिवासी को फेफड़ों का संक्रमण है। 9 MP में IPS को न्यू इयर गिफ्ट मध्यप्रदेश शासन ने नए साल से पहले IPS अधिकारियों को तोहफा दिया है। IPS राजेंद्र कुमार मिश्रा समेत दो अधिकारी स्पेशल डीजी बनाए गए, जबकि IPS योगेश चौधरी समेत छह अधिकारी एडीजी के पद पर पदोन्नत किए गए हैं। इसके साथ ही संजय वी. माने को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पुलिस सुधार पुलिस मुख्यालय भोपाल में पदस्थ किया गया है। 10 जश्न -ए-भोपाल के लिए सजा भोपाल का बोट क्लब शहरवासियों के लिए न्यू ईयर इव व नए साल का आगाज करने मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा बोट क्लब पर आकर्षक विद्युत साज सज्जा की गई। यहां 20 से ज्यादा पेड़ों पर रंग-बिरंगी लाइटिंग की गई। साथ ही, बोट क्लब स्ट्रीट पर चार सेल्फी बूथ बनाए। जो कि मध्य प्रदेश पर्यटन के नेचर, हैरिटेज, पिलग्रिम्स व वाइल्ड लाइफ टूरिज्म की थीम पर प्रोफाइल लाइक टूरिज्म की थीम पर आधारित था। 11 BJP में संगठनात्मक बदलाव बीेजेपी ने साल 2020 के आखिरी दिन गुरुवार को नई संगठनात्मक नियुक्तियां करते हुए पार्टी के तीन नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी है। इसके तहत राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश को मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल का भी अहम प्रभार सौंपा गया है। 12 भय्यू महाराज की मौत की सीबीआई से जांच की मांग सूर्योदय आश्रम में मंगलवार को दत्त जयंती महोत्सव के तहत हवन व पूजन का आयोजन किया गया। इस मौके पर भय्यू महाराज की बेटी कुहू ने भी आश्रम के पूजन-पाठ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मीडिया से चर्चा में बताया कि भय्यू महाराज की मौत के कारणों पर से पर्दा उठाने के लिए वह अब सरकार को पत्र लिखकर सीबीआई जांच की मांग करेगी।