भोपाल में न्यू ईयर के जश्न पर पुलिस और प्रशासन का कड़ा पहरा रहेगा। पुलिस हादसों को रोकने के लिए आज शाम 6 बजे से शहर में चेकिंग शुरू कर देगी, वहीं रात 12 बजे के बाद सिर्फ आधे घंटे ही नए साल का जश्न मनाया जा सकेगा। कलेक्टर के निर्देश के बाद साढ़े 12 बजे सभी कुछ बंद करना होगा। शराबियों को पकड़ने के लिए शहर भर में 2 हजार पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात किए गए हैं। गुरुवार शाम 6 बजे से विशेष चेकिंग एवं पेट्रोलिंग की जाएगी। शहर के करीब 150 प्रमुख मार्गों और स्थानों पर विशेष चेकिंग टीम तैनात की गई है। इसमें से 40 स्थानों पर ब्रीथ एनालाइजर से शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों की जांच कर सख्त कार्यवाही की जाएगी। इमसें जुर्माना के साथ ही गाड़ी जब्त करने की कार्रवाई रहेगी। तेज गति से वाहन चलाकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ व बिना हेलमेट एवं तीन सवारी दो पहिया वाहन चालकों के विरुद्ध सख्ती की जाएगी। हाइवे पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। यहां विशेष पेट्रोलिंग व्यवस्था की जाएगी। खासकर तौर पर आउटर नाकों पर संदिग्धों की सघनता से चेकिंग की जाएगी।