1 किसान ने कुत्ते को दी अपनी आधी जायदाद छिंदवाड़ा जिले में एक किसान ने अपनी आधी संपत्ति का हिस्सेदार अपने कुत्ते को बनाया है. इसके लिए उन्होंने बाकायदा कानूनी शपथपत्र भी बनवाया है. दरअसल, ओमनारायण ने अपनी जो वसीयत बनवाई है उसमें संपत्ति की आधा हिस्सा अपनी पत्नी चंपा वर्मा और आधा हिस्सा अपने कुत्ते जैकी के नाम किया है. किसान का कहना है कि कुत्ते ने उनकी बहुत सेवा की है इसलिए उनकी मौत के बाद वह लावरिस न रह जाए इसलिए उन्होंने यह कदम उठाया है. 2 मध्य प्रदेश शीत लहर की चपेट में हिमाचल-जम्मू कश्मीर में पहाड़ों पर हो रही है बर्फबारी के चलते समूचा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड झेल रहा है। असर मध्यप्रदेश में दिखने लगा है। वहां से आ रही बर्फीली हवाओं से प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई है। तीन शहर दतिया, ग्वालियर और धार शीतलहर की चपेट में आ गए हैं। वहीं, 11 शहरों में न्यूनतम पारा 7 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। सबसे सर्द रात दतिया में रही, यहां का न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। 3 विहिप का डोनेशन अभियान अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण के लिए 15 जनवरी से 27 फरवरी 2021 तक देश और मध्य प्रदेश में जन-जन को जोड़कर निधि समर्पण के अंतर्गत राशि संग्रह की जाएगी। इसके लिए विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार आज भोपाल प्रवास पर आए। उन्होंने मुस्लिमों से चंदा मांगने के सवाल पर कहा कि जो राम को अवतार मानते हैं और इमाम-ए-हिंद मानते हैं, उन सभी का स्वागत है। 4 हठधर्मिता छोड़ें पीएम मोदी - दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह नरसिंहपुर के झोतेश्वर परमहंसी आश्रम शंकराचार्य का आशीर्वाद लेने पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कृषि कानून पर केंद्र सरकार को घेरा और इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हठधर्मिता करार देते हुए कहा कि जब किसान अपनी बात पर अड़े हैं तो मोदी जी को अपनी जिद छोड़ देनी चाहिए। 5 तीर्थ यात्रा पर रवाना हुए सीएम शिवराज सीएम शिवराज सिंह चौहान सोमवार शाम हैदराबाद के लिए रवाना हुए। बताया गया कि सीएम शिवराज पूरे परिवार के साथ भगवान तिरुपति बालाजी के दर्शन के लिए गए हुए हैं। वे पूरे परिवार के साथ साल के आखिर में भगवान तिरुपति का आशीर्वाद लेंगे। 6 साल में पहली कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस करेंगे CM धार्मिक यात्रा से लौटने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान नए साल में पहली कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस करेंगे। यह बैठक 4 जनवरी को होगी, जिसमें मुख्यमंत्री चिटफंड कंपनियों पर कार्रवाई की जानकारी लेंगे। मुख्यमंत्री ने पिछली बैठक में ऐसी कंपनियों को खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। 7 MP में UK से 365 लोग लौटे मध्य प्रदेश की राजधानी के 44 व्यक्तियों समेत पूरे प्रदेश से 365 लौग ब्रिटेन से लौटे हैं। इनमें से इंदौर में 96 लोगों की जांच की गई है, वहीं राजधानी भोपाल में 44 का कोविड टेस्ट किया गया। इसमें इंदौर में 2 और भोपाल-ग्वालियर में एक-एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनकी रिपोर्ट काे नए स्ट्रेन के एंगल से जांचने के लिए दिल्ली और पुणे की लैब भेजा गया है। यहां से रिपोर्ट आने में कुल 5 दिन लगेंगे। 8 अब जंगलों में फिल्मांकन करने पर सरकार को देनी होगी फीस अब से मध्य प्रदेश के जंगलों में शूटिंग करने पर भी सरकार कमाई की तैयारी कर रही है। प्रदेश के वनों में फिल्मांकन के लिये अब राज्य सरकार कैमरामेनों को अनुमति देगी। इसके लिये एक कैमरामेन को रोजाना 10 हजार रुपये के हिसाब से एडवांस में शुल्क की अदायीगी करनी होगी। 9 इंदौर के 'स्वच्छता मॉडल' के मुरीद हुए केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावडे़कर मध्य प्रदेश के इंदौर शहर पहुंचे केन्द्रीय वन, पर्यावरण सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने 'स्वच्छता मॉडल' को देखा और अधिकारियों से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने कहा कि इंदौर के लोगों की इच्छा शक्ति ने इसे सफाई में नंबर वन बनाया है और ये सफाई का सक्सेसफुल मॉडल है जिसे सभी नगर निगमों को अपनाना चाहिए. 10 5 आयल मिलों पर छापा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने एसडीएम की अगुआई में पांच आयल मिलों पर छापा मारा। इस दौरान वहां से तेल के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। यह कार्यवाही कलेक्टर के निर्देश पर की गई है।