1 अब बेटियों की पूजा से शुरु होंगे सरकारी काम मध्य प्रदेश में किसी भी सरकारी कार्यक्रम के पहले बेटियों का पूजन होगा। इस संबंध में गुरुवार को आदेश जारी कर दिया गया। इसकी घोषणा CM शिवराज सिंह चौहान ने 15 अगस्त को आजादी की सालगिरह पर की थी। इसमें उन्होंने महिला और बेटी के सम्मान का संकल्प लेते हुए एलान किया था कि प्रदेश में बेटियां की पूजा से ही सभी सरकारी आयोजन प्रारंभ होंगे। 2 MP में ओवैसी की एंट्री मध्य प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव में सांसद असदुद्दीन ओवैसी कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं। ओवैसी की पार्टी AIMIM मध्य प्रदेश में मुस्लिम बाहुल्य जिलों की सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। पार्टी ने मध्य प्रदेश में एंट्री से पहले सर्वे कराने का निर्णय लिया है। इसकी जिम्मेदारी ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम के वरिष्ठ पार्षद सैयद मिन्हाजुद्दीन को सौंपी गई है। 3 हवाला के 35.60 लाख रुपए जब्त जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को जीआरपी ने हवाले के 35.60 लाख रुपए जब्त किए। आरोपी ट्रेन से हावड़ा जाने के लिए प्लेटफाॅर्म नंबर पांच पर पहुंचा था, तभी जीआरपी को भनक लग गई। युवक को बैग चेक किया, तो उसमें नोट भरे थे। जीआरपी ने रकम जब्त कर आयकर विभाग को सूचित कर दिया है। रकम सराफा व्यापारी का है। 4 लव जिहाद में पूरा रैकेट लगा हुआ है - विश्वास सारंग प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि जो भी लव जिहाद को प्रोत्साहित करता है, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी ही चाहिए। लव जिहाद में पूरा रैकेट काम करता है। उस रैकेट पर भी कार्रवाई करनी चाहिए। उन धर्मगुरुओं पर भी कार्रवाई होनी चाहिए, जो ऐसे विवाह कराते हैं। 5 ड्रग्स वाली आंटी अब जेल में युवाओं को नशे का एडिक्ट बनाने वाली ‘आंटी’ प्रीति जैन उर्फ काजल सहित चार आराेपियाें की रिमांड पूरी हाेने पर विजयनगर पुलिस ने गुरुवार शाम उन्हें काेर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आंटी उर्फ प्रीति जैन, जैद खिलजी, निखिल अरोरा, जोजो, अकमल हैदरी को जेल भेजने के आदेश दिए। वहीं, रैकेट से जुड़े आरोपी सागर जैन का पुलिस को 26 तक का रिमांड मिला है। 6 MP विधानसभा सत्र की तैयारी पूरी मध्यप्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 28 दिसंबर से शुरू हो रहा है। इसकी पूरी तैयारी विधानसभा ने कर ली है। पहली बार विधायक मोबाइल में एक्सेस लेकर अपने घर से ही सत्र में भाग ले पाएंगे। कोरोना को देखते हुए इस बार आम सहमति के आधार पर सदन चलाया जाएगा। क्रिसमस के बाद होने वाली सर्वदलीय बैठक में इसका स्वरूप स्पष्ट हो जाएगा। 7 एमपी में कोरोना के नए स्ट्रेन की तलाश ब्रिटेन से आए लोगों के जरिए कहीं कोरोना वायरस का नया रूप न फैल जाए इसलिए मध्यप्रदेश सरकार अलर्ट हो गई है। 33 जिलों में 497 लोगों में से कुछ या तो आ चुके हैं या आने वाले हैं। 25 नवंबर से 23 दिसंबर के बीच भारत आए इन यात्रियों की सूची मंगलवार और बुधवार को जिलों में भेजी गई है। इनकी तलाश कर सैम्पल लिए जा रहे हैं और इन्हें होम आइसोलेट किया जा रहा है। 8 किसान आंदोलन दुनिया का सबसे बड़ा आंदोलन - दिग्विजय सिंह पूर्व सीएम व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने गुना में किसान आंदोलन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में किसानों के खिलाफ जो कानून आया है, उसके खिलाफ किसान आंदोलन कर रहे हैं। इतना बड़ा आंदोलन कभी विश्व में देखा नहीं गया है। 9 EVM से होंगे नगरीय निकाय चुनाव मध्य प्रदेश में नगरीय चुनाव के लिए बिगुल कभी भी बज सकता है जिसके लिए राजनैतिक दलों ने तैयारियां शुरू भी कर दी है। इस दौरान कांग्रेस की बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग को राज्य निर्वाचल आयोग ने खारिज कर दी है। अब आगामी नगरीय निकाय चुनाव ईवीएम से कराए जाएंगे. राज्य निर्वाचन आयोग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी. 10 त्रिपुरसुंदरी का 39 वाँ पाटोत्सव कार्यक्रम शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी महाराज की तपोस्थली परमहंसी गंगा आश्रम झोतेश्वर में विराजमान भगवती राजराजेश्वरी त्रिपुरसुंदरी का 39 वाँ पाटोत्सव कार्यक्रम शुक्रवार 25 दिसंबर को धूमधाम व हर्षोल्लास मय वातावरण में मनाया जाएगा। शंकराचार्य जी के निजी सचिव ब्रह्मचारी सुबुद्धानंद ने यह जानकारी दी उन्होने सभी श्रद्धालुओं से इसका लाभ लेने की अपील की है ।