Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
24-Dec-2020

विधायकों की संख्या के हिसाब से विधानसभा अध्यक्ष बीजेपी का ही होगा। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्वाचन होगा या नहीं यह स्थिति विधानसभा के शीतकालीन सत्र के संचालन के लिए प्रोटेम स्पीकर द्वारा 27 दिसंबर को बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में साफ होगी। हालांकि विधानसभा सचिवालय सत्र के दौरान 29 दिसंबर को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के निर्वाचन की अधिसूचना जारी कर चुका है। मप्र में लोकसभा चुनाव-2019 से पहले आयकर छापों के बाद लेन-देन से जुड़े लोगों पर कार्रवाई का दबाव अब बढ़ गया है। केंद्रीय चुनाव आयोग के उप चुनाव आयुक्त चंद्रभूषण कुमार ने मप्र सरकार के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा को दिल्ली बुला लिया है। आयोग इनसे 5 जनवरी को बात करेगा। मुख्य सचिव को पहुंचे पत्र में यह साफ कर दिया गया है कि केंद्रीय प्रत्यक्षकर बोर्ड की जो रिपोर्ट भेजी गई है, उसी संबंध में बात होगी। मप्र को बताना होगा कि वह आगे क्या कार्रवाई करेगा। मध्यप्रदेश सरकार ने नर्मदा नदी में मशीनों के जरिए रेत खनन पर रोक लगाई हुई है। नर्मदा में सिर्फ मैन्युअल तरीके से ही रेत खोदी जा सकती है। लेकिन सीहोर और रायसेन जिलों के रेत ठेकेदारों ने मानसून आने से पहले नर्मदा की 12 खदानों से महज डेढ़ महीने में 7 लाख 52 हजार 572 घनमीटर रेत खोद डाली। यानी 45 दिन के भीतर लगभग 42 हजार डंपर रेत। यानी रोजाना करीब-करीब एक हजार डंपर रेत। एक डंपर में वैध रूप से 14 घनमीटर और ओवरलोडिंग कर 18 घनमीटर रेत भरी जाती है। इतने कम समय में भारी मात्रा में मैन्युअली फावड़े-तगाड़ी से रेत खनन कैसे संभव है? नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने विदिशा निवासी रूपेश नेमा की याचिका पर संज्ञान लेते हुए बुधवार को सीहोर और रायसेन कलेक्टर को राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के साथ इसकी जांच कराने के आदेश दिए हैं। एनजीटी ने दोनों कलेक्टर से दो माह के भीतर जांच रिपोर्ट तलब की है। भारतीय वन सेवा के 1999 बैच के अधिकारी व निलंबित वन संरक्षक आरएस सिकरवार के खिलाफ वन विभाग अब एफआईआर दर्ज कराएगा। शासन ने लघु वनोपज संघ के एमडी एसएसएस राजपूत के साथ उमरिया सीसीएफ को इस बारे में कह दिया है। सिकरवार के साथ उमरिया में पिछले छह साल में पदस्थ रहे 8 और डीएफओ (रिटायर व तत्कालीन) को चार्जशीट भी जारी की जाएगी। प्रदेश में दिसंबर महीने में ब्रिटेन से 19 जिलों के 92 यात्री भारत लौंटे हैं। इनमें सर्वाधिक 34 यात्री इंदौर के हैं, जबकि भोपाल के 20, जबलपुर के 11 और ग्वालियर के 8 हैं। शेष जिलों के एक-दो यात्री हैं। लंदन से भोपाल लौटे लोग शाहपुरा, ईदगाह हिल्स, एयरपोर्ट रोड, मालवीय नगर, शक्ति नगर आदि क्षेत्रों के हैं। सभी का एयरपोर्ट पर आरटीपीसीआर टेस्ट हुआ है। किसी में कोरोना के नए स्ट्रेन के लक्षण नहीं मिले हैं। एडीएम दिलीप यादव ने बताया कि केंद्र की ओर से दी गई गाइडलाइन का सभी को पालन करना होगा। इनमें से सभी होम आइसोलेशन में हैं। विदेश मंत्रालय से इस संबंध में जानकारी मांगी गई थी। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में टूरिज्म को और ज्यादा एडवेंचर से जोड़ने के लिए शुक्रवार से हॉट एयर बलून सफारी शुरू की जा रही है। यह बलून टाइगर रिजर्व के कोर एरिया से सटे बफर क्षेत्र के बाहर से उड़ेगा और बाहर ही उतरेगा। टूरिस्ट दूरबीन से जंगल के साथ टाइगर को भी देख सकेंगे। मप्र के छह टाइगर रिजर्व में बांधवगढ़ पहला होगा, जिसमें एडवेंचर भरी सफारी होगी। यह प्रयोग सफल रहा तो दूसरे टाइगर रिजर्व के बाहर भी इसकी शुरूआत की जा सकेगी। चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन आलोक कुमार ने बताया कि बाकी टाइगर रिजर्व से ज्यादा पर्यटक इस जगह पहुंचते हैं। इससे नए प्रयोग की सफलता की संभावना बढ़ेगी। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री चैहान ने बफर में सफर से टूरिज्म को बढ़ाने की बात कही थी।