मध्य प्रदेश में कांग्रेस कृषि कानून के खिलाफ और किसानों के समर्थन में आज 19 दिसंबर को धरना देगी। यह प्रदर्शन पूरे प्रदेश में जिला व ब्लाॅक स्तर पर किया जाएगा। भोपाल में यह धरना रोशनपुरा चैराहे पर दोपहर 12 से शुरू होगा। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह व पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव भी शामिल हो सकते हैं। प्रदेश संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश जारी किए हैं। इसमें कहा है कि पेट्रोल- डीजल की मूल्यवृद्धि, रसोई गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि, किसान विरोधी काले कानूनों के विरोध और किसानों के समर्थन में प्रदेश में 19 दिसंबर को विरोध दिवस मनाया जा रहा है। शहर में कोरोना के बीच शुक्रवार से 10वीं और 12वीं की कक्षाओं के लिए लंबे समय बाद फिर स्कूल खुले, लेकिन पेरेंट्स में कोरोना के डर और असमंजस के कारण विद्यार्थियों की उपस्थिति औसतन महज 8 फीसदी ही रही। शहर में सभी सरकारी स्कूल खुले, लेकिन यहां बच्चों की उपस्थिति सिर्फ 5 फीसदी ही रही, वहीं ज्यादातर प्राइवेट स्कूल बंद रहे, लेकिन जो खुले उनमेें 10 प्रतिशत स्टूडेंट उपस्थित रहे। दिन में चटक धूप के बीच रात में कड़ाके की ठंड असर दिखाने लगी है। सूरज ढलते ही बीते रोज से हाड़ कंपाने वाली सर्दी की शुरुआत हो चुकी है। प्रदेश में दतिया, नौगांव, ग्वालियर, खजुराहो, गुना सहित 5 जिलों का रात का तापमान 5 डिग्री से नीचे आ गया है। ये जिले शीतलहर की चपेट में हैं। प्रदेश के 6 शहरों में पारा 5-6 डिग्री के आसपास और 23 शहरों में 10 डिग्री या उससे कम रहा। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे सर्द रात दूसरे दिन भी दतिया की रही। दतिया का न्यूनतम तापमान मृदा अनुसंधान केंद्र के अनुसार 2 डिग्री और मौसम विभाग के अनुसार 3.1 डिग्री रहा। ग्वालियर का पारा 4.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। शहर के छत्री मैदान पर ओस की बूंदें भी बर्फ सी जमी दिखाई दीं। शुक्रवार रात को 9 बजे सोनी टीवी के शो कौन बनेगा करोड़पति के ‘कर्मवीर’ स्पेशल एपिसोड में भोपाल जहांगीराबाद क्षेत्र के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की टीचर डॉ. उषा खरे और महाराष्ट्र के सोलापुर जिला परिषद के प्राइमरी टीचर रणजीत सिंह नजर आए। उनके साथ सेलिब्रिटी गेस्ट बोमन ईरानी भी थे। लोकसभा चुनाव के दौरान कालेधन के लेनदेन मामले में 904 पेज की रिपोर्ट शुक्रवार शाम को मंत्रालय पहुंच गई है। यह रिपोर्ट 4 वॉल्यूम में केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने तैयार कर चुनाव आयोग को सौंपी थी। यह सीलबंद रिपोर्ट गुरुवार को आयोग के दो अफसरों ने दिल्ली से आकर मप्र में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीरा राणा को सौंपी थी। अब यह रिपोर्ट सामान्य प्रशासन विभाग को मिली गई है। स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड केन्द्र सरकार की स्मार्ट सिटी मिशन की रैंकिंग में देश में भोपाल अव्वल नंबर पर आ गया है। देश में स्मार्ट सिटीज द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के बाद आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार ने शुक्रवार को 100 स्मार्ट सिटीज की रैंकिंग जारी की है। इसमें भोपाल स्मार्ट सिटी प्रथम स्थान पर आया है, दूसरे स्थान पर गुजरात का अहमदाबाद व तृतीय स्थान पर सूरत है। जबकि चैथा स्थान इंदौर को मिला है। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कक्षा एक से आठवीं तक के प्रदेश के 61 लाख विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट के आधार पर नंबर दिए जाएंगे। इनका मूल्यांकन वर्कशीट के आधार पर होगा। सभी को अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा। राज्य शिक्षा केंद्र के आयुक्त लोकेश कुमार जाटव ने बताया कि इनका अर्धवार्षिक एवं वार्षिक मूल्यांकन किया जाएगा। छमाही मूल्यांकन जनवरी एवं सालाना मूल्यांकन फरवरी एवं मार्च में किया जाएगा। मुख्य सचिव की नाराजगी के बाद बीडीए अब अपनी पुरानी योजनाओं को चालू करने पर दोबारा विचार करेगा। 22 दिसंबर को बोर्ड बैठक में इन योजनाओं की प्राथमिकता तय की जाएगी। बीडीए ने अपनी सभी बंद पड़ी 12 योजनाओं को फिर शुरू करने का प्रस्ताव दिया है, पर बजट के बारे में अफसरों के पास जवाब नहीं है। इधर, मिसरोद चरण-3 योजना में जिन किसानों की जमीन का अधिग्रहण प्रस्तावित है, उन्होंने शुक्रवार को प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा से मुलाकात कर योजना निरस्त कराने की मांग की।