1 मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूल की गाइड लाइन जारी मध्य प्रदेश सरकार के 10वीं और 12वीं की कक्षाएं 18 दिसंबर से खोले जाने का निर्णय लेने के बाद लोक शिक्षण संचालनालय ने भी सभी सरकारी स्कूलों के लिए दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। इसमें कहा गया है कि 10वीं और 12वीं की कक्षाएं नियमित रूप से तुरंत संचालित कराई जाएं। सबसे पहले शुक्रवार को पेरेंट्स टीचर मीटिंग (पीटीएम) होगी। इसमें अभिभावक को बुलाया जाएगा। 2 घर में घुस के मारेंगे - गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा प्रदेश में लगातार हो रही नक्सल गतिविधियों को लेकर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए कहा है कि हम नक्सलियों को प्रदेश के कोर एरिया तक नहीं पहुंचने देंगे। जिस घर से अफजल निकलेगा, हम घर में घुस के मारेंगे। 3 पोषण आहार में घोटाला कर रकम दिल्ली भेजी गई - मंत्री सारंग लोकसभा चुनाव के दौरान कालेधन का लेनदेन मामले में मप्र के चार अफसरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने चुनाव आयोग के निर्देश पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने कहा कि आयोग के निर्देश का पालन किया जाएगा। कमलनाथ सरकार ने महिला एवं बाल विकास में पोषण आहार का घोटाला किया है। जिसकी रकम कांग्रेस के बड़े नेताओं को दिल्ली भेजी गई। 4 इंतजार में हूं - सीएम शिवराज लोकसभा चुनाव के दौरान कालेधन का लेनदेन मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अभी तक चुनाव आयोग की तरफ कोई दिशा-निर्देश मेरे कार्यालय को प्राप्त नहीं हुए हैं। मैं जानकारी मिलने का इंतजार कर रहा हूं। जैसे ही डिटेल जानकारी या सूचना मिलेगी, उसके तथ्यों के आधार पर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषी कोई भी हो, वैधानिकता के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 5 इंडस्ट्रीज की जमीन का लीज रेंट कम होगा शिवराज सरकार एक बार फिर छोटे उद्योगों के लिए सूक्ष्म लघु एवं मध्यम (MSME) पॉलिसी में बदलाव करने जा रही है। राहत के लिए इंडस्ट्रीज की जमीन का लीज रेंट घटाने की तैयारी है। इसके अलावा अन्य शुल्क भी कम करने का प्रस्ताव है। इतना ही नहीं, जो मामले न्यायालयों में लंबित हैं या विवादित हैं या बंद हैं, उन्हें चालू कराने के लिए बैंकों से कम ब्याज पर लोन दिलाने की भी तैयारी है। 6 10वीं कक्षा का पेपर दे रही हैं विधायक रामबाई अक्सर अपने बयानों के कारण सुर्खियों में रहने वाले दमोह के पथरिया विधानसभा सीट से विधायक रामबाई एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। रामबाई 10वीं की परीक्षा दे रही हैं। वे कक्षा 8 वीं तक पढ़ाई करने के बाद अब कक्षा 10 वीं की परीक्षा दे रही हैं। बुधवार को शहर के शासकीय जेपीबी स्कूल में राज्य ओपन परीक्षा के दौरान वे विज्ञान विषय का पेपर देने पहुंचीं। इसके बाद चार अन्य विषय की परीक्षा देंगी। 7 इंदौर दोहरे कांड में नाबालिग बेटी पर शक इंदौर. के एरोड्रम थाना इलाके में आने वाले रुक्मणी नगर में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पुलिस आरक्षक ज्योतिप्रसाद शर्मा और उनकी पत्नी नीलम शर्मा के खून से सने शव घर से मिले. जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. पुलिस का शक ज्योति शर्मा की नाबालिग बेटी और उसके बॉयफ्रेंड पर जा रहा है. क्योंकि, वह घटना स्थल से गायब है और फोरेंसिक टीम उसका लिखा एक नोट भी मिला है. 8 मौसम पर उत्तरी हवा का असर उत्तर से सर्द हवाओं के आने और अरब सागर से नमी बंद होने से प्रदेश में ठंड का असर दिखने लगा है। मौसम साफ होने के कारण प्रदेश के सभी स्थानों पर दिन और रात का पारा लुढ़का है। भोपाल की बात करें तो दिसंबर में इस सीजन के सबसे ठंडे दिन और रात रहे हैं।