1 दूल्हे ने किया साली का अपहरण 14 साल की नाबालिग की शादी होने की सूचना पर प्रशासन की टीम शादी रुकवाने पहुंची। प्रशासन की टीम नाबालिग दुल्हन और उसके माता-पिता को साथ ले आई और बालिक होने पर ही शादी करने की समझाइश दे रही थी, इसी बीच बारात लेकर आया दूल्हा, नाबालिग दुल्हन की 12 साल की साली से शादी करने के लिए उसका अपहरण कर ले गया। मामला मुरैना जिले के पोरसा के पद्दूपुरा गांव का है। 2 कमलनाथ के गढ़ में सेंध भोपाल में शुक्रवार को पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता अजय चौरे ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में श्री चौरे ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सौसर क्षेत्र में चौरे परिवार का बड़ा राजनीतिक रसूख है। उनके भाई विजय चौरे वर्तमान में कांग्रेस से विधायक हैं। 3 सिंधिया ने दिखाई ताकत सीएम हाउस में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री सुहास भगत और सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के साथ चल रही बैठक शाम 4:30 बजे खत्म हो गई। बैठक के बाद शिवराज और सिंधिया इंदौर रवाना हो गए हैं। दोनों नेताओं को दोपहर 2 बजे शाजापुर जाना था, लेकिन बैठक लंबी होने के कारण शाजापुर का कार्यक्रम निरस्त हो गया। 4 नशे के कारोबार के खात्मे का बड़ा अभियान मध्यप्रदेश में माफिया के खिलाफ एक्शन के साथ ही अब शिवराज सरकार प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार पर बड़ा एक्शन लेने की तैयारी में है। शुक्रवार को इस संबंध में मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठक में नशे को पूरी तरह से खत्म करने की रणनीति पर चर्चा हुई। प्रदेश में सूखे जहर का बढ़ता कारोबार और माफिया के खात्मे के लिए कई स्तर पर तैयारी कर ली है। 5 सरकारी अस्पताल में नहीं दिखा असर आयुर्वेद में सर्जरी की अनुमति के खिलाफ भोपाल में आज सरकारी और निजी डॉक्टर के समर्थन में हैं। भोपाल में डॉक्टरों की हड़ताल का असर नहीं रहा। आम दिनों की तरह हमीदिया और जेपी अस्पताल में OPD चालू रही। मरीजों को देखना और ऑपरेशन भी चालू रहे। सरकारी डॉक्टरों ने सिर्फ सैद्धांतिक समर्थ दिया, जबकि प्राइवेट डॉक्टर भी इमरजेंसी सेवाएं देते रहे। 6 बंगालियों को एकजुट करने में जुटी शिवराज सरकार बंगाल में भाजपा नेताओं पर हुए हमले के बाद सियासत तेज हो गई है । शुक्रवार को मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा अमिताभ बच्चन की ससुराल पहुंचे । उन्होंने इंद्रा भादुड़ी से मुलाकात कर बंगाल की जनता के नाम संदेश देने की अपील की । उन्होंने उनसे अपील करते हुए कहा कि वह बंगाल की जनता से राष्ट्रवाद के साथ जुड़ने की अपील करें । 7 सीएम शिवराज ने इंदौर में किया नशा मुक्ति केंद्र का ई-शुभारंभ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया की उपस्थिति में इंदौर प्रवास के दौरान देवी अहिल्याबाई होलकर हवाईअड्डे से शुक्रवार शाम को नशा मुक्ति केंद्र का ई लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में नशे का कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें निस्तेनाबूत किया जाएगा। 8 बैतूल में शूट होगी कंगना और अर्जुन की धाकड़ कंगना रनौत और अर्जुन रामपाल अभिनीत फिल्म ‘धाकड़’ की शूटिंग बैतूल में होने जा रही है। वहां और उसके आसपास के कोयला खदानों में फिल्म की शूटिंग होगी। 9 पत्नी ने मारा पति के फ्लैट में छापा पत्नी के सामने एक थानेदार की थानेदारी निकल गई। उसकी ही पत्नी ने फ्लैट में युवती के साथ पकड़ा है। उसने जब पत्नी को फ्लैट में सामने देखा, तो होश उड़ गए। किसी तरह दरवाजा खोला। पत्नी ने फ्लैट के बाथरूम में छुपकर बैठी युवती को भी पकड़ा। इसके बाद थानेदार की पत्नी ने जमकर हंगामा किया। युवती की भी पिटाई की। घटनाक्रम शुक्रवार दोपहर महालक्ष्मी अपार्टमेंट का है। डायल 100 सूचना मिलते के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। 10 मध्यप्रदेश में बारिश ने बदला मौसम मध्यप्रदेश में बादल छाने से गुरुवार शाम से प्रदेश में बूंदाबांदी शुरू हुई, जो शुक्रवार को तेज बारिश में बदल गई। तीन सिस्टम बनने के कारण शुक्रवार को भोपाल समेत प्रदेश में 20 से अधिक जगहों पर तेज बारिश हो चुकी थी। दिन में सबसे ज्यादा उज्जैन में 9 मिमी बारिश हुई, जबकि धार और रतलाम में 7-7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। भोपाल में दिन भर में 2.7 मिमी और इंदौर में 5 मिमी से ज्यादा बारिश हो चुकी थी।