1 मातम में बदलीं शादी की खुशियां शाम को ही बेटे की बारात दरवाजे से निकलनी थी। सभी बहुत खुश थे, लेकिन अचानक सबके चेहरे की हंसी काफूर हो गई। गुरुवार सुबह सैर पर निकला पीएचई कर्मचारी ट्रेन से कट गया। बताया जा रहा है कि दु्ल्हे के पिता लोकमन सुबह 6 बजे कुछ शादी के कार्ड लेकर निकले थे लेकिन ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई । 2 शुक्रवार को किसी अस्पताल में नहीं मिलेगा इलाज आयुर्वेद में सर्जरी की अनुमति के खिलाफ भारत के साथ ही भोपाल में भी आगामी 11 दिसंबर को डॉक्टर हड़ताल पर रहेंगे। हालांकि इस दौरान कोरोना संक्रमण और इमरजेंसी से जुड़ी चिकित्सीय सेवाएं जारी रहेंगी। सिर्फ जनरल ओपीडी बंद रहेगी। ऐसे में हमीदिया अस्पताल, जेपी अस्पताल और बैरागढ़ स्थित सिविल अस्पताल में इसका खासा असर रहेगा। 3 अगले हफ्ते से खुल सकते है स्कूल मध्यप्रदेश में दो से तीन दिन में 9वीं से 12वीं की क्लासेज लगने को लेकर स्थिति साफ हो सकती है। लोक शिक्षण आयुक्त जयश्री कियावत ने इस बात के संकेत दिए हैं। उनका कहना है कि दो से तीन दिन में इस संबंध में निर्णय ले लिया जाएगा। संभावना है कि अगले हफ्ते क्लासेज शुरू हो सकती हैं। 4 युवक कांग्रेस चुनाव के लिए वोटिंग खत्म मध्यप्रदेश में युवक कांग्रेस चुनाव के लिए गुरुवार को वोटिंग खत्म हो गई। 15 जिलों में हुए मतदान में कुल 36,899 वोट पड़े। अध्यक्ष पद की दौड़़ में कुल 9 प्रत्याशी मैदान में हैं। 5 नड्डा पर हमले से शिवराज नाराज पश्चिम बंगाल में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हमले से राजनीति गरमा गई है। इस घटना पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की प्रतिक्रिया सामने आई है। चौहान ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं पर फेंके गए पत्थर टीएमसी के ताबूत में अंतिम कील साबित होंगे। 6 मप्र में होंगे थोकबंद तबादले नगरीय निकाय चुनाव से पहले एक बार फिर प्रशासनिक सर्जरी के संकेत मिल रहे हैं। बताया जा रहा है, सरकार जिलों में पदस्थ कई अफसरों के तबादले की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तक जिलों का फीडबैक पहुंच गया है। माना जा रहा है कि 8 जिले बालाघाट, ग्वालियर, सीधी, शहडोल, छतरपुर, सीहोर, रायसेन और होशंगाबाद के कलेक्टर बदले जा सकते हैं। 7 महाकाल में किसान आंदोलन खत्म करने के लिए यज्ञ महाकाल मंदिर में गुरुवार को देश में चल रहे किसान आंदोलन को समाप्त करने के लिए यज्ञशाला में यज्ञ हुआ। यज्ञ में किसानों की खुशहाली और कोरोना व आतंकवाद से विश्व को मुक्ति दिलाने के लिए भी आहुति डाली गई। 8 जबलपुर में हवाला नेटवर्क का खुलासा RPF ने 10 दिन में दूसरी बार 25 लाख रुपए जब्त किए। ये रकम भी हवाला की बताई जा रही है। गिरफ्त में आया युवक रकम लेकर मुंबई जा रहा था। मामले की सूचना आयकर विभाग के इन्वेस्टिगेशन विंग को दे दी गई है। 9 मदरसे, चर्च, स्कूल पर कसेगा शिकंजा प्रदेश में मदरसे-स्कूल या चर्च जैसी धार्मिक संस्थाएं यदि लव जिहाद और धर्मांतरण में किसी तरह की मदद करती है तो सरकार उन्हें दी गई सारी सुविधाएं वापस ले लेगी। अनुदान बंद कर दिया जाएगा। यदि उन्हें सरकारी जमीनें मिली हैं तो वह भी वापस ले ली जाएंगी। लव जिहाद पर यह कानून इसी महीने के अंतिम सप्ताह में विधानसभा से पारित कराया जाएगा।