Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राष्ट्रीय
08-Dec-2020

केंद्र के हालिया कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसान संघों ने आज राष्ट्रव्यापी बंद बुलाया है। बंद सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक रहेगा। बंद के आह्वान को कुछ मजदूर संघों ने भी समर्थन देने का एलान किया है। हालांकि किसान नेताओं ने कहा है कि किसी को भी बंद में शामिल होने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। लगभग सभी विपक्षी दलों द्वारा भारत बंद को समर्थन देने और कई संगठनों के किसानों के समर्थन में समानांतर प्रदर्शन करने की घोषणा के बाद केंद्र ने परामर्श जारी करते हुए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सुरक्षा बढ़ाने और शांति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए भाजपा ने उन पर शर्मनाक दोहरे मापदंड का आरोप लगाते हुए दावा किया कि उनमें से कई ने सत्ता में रहने के दौरान इन सुधारों का समर्थन किया था या संसद में उनका समर्थन किया था। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि अपना अस्तित्व बचाने के लिए भाजपा के विरोधी दल किसानों के प्रदर्शन में कूद पड़े हैं जबकि विभिन्न चुनावों में देश की जनता उन्हें बार-बार खारिज कर चुकी है। बैंक कर्मचारी संगठनों ने मंगलवार को किसानों के भारत बंद में शामिल नहीं होने का ऐलान किया है। हालांकि, उन्होंने नए कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन का समर्थन किया है। पिछले एक सप्ताह से ज्यादा समय से दिल्ली की सीमा पर डटे किसानों ने मंगलवार को भारत बंद का आह्वान किया है। अखिल भारतीय बैंक अधिकारी परिसंघ (एआईबीओसी) के महासचिव सौम्य दत्ता ने कहा कि संगठन किसानों के आंदोलन का समर्थन करता है लेकिन वह उनके बंद में शामिल नहीं होगा। फाइजर और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के बाद हैदराबाद की फार्मास्युटिकल कंपनी भारत बायोटेक ने सोमवार को अपने कोविड-19 रोधी टीके के लिए आपात उपयोग की स्वीकृति हासिल करने के लिए केंद्रीय औषधि नियामक में आवेदन किया है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। कोवैक्सीन टीके का विकास भारत बायोटेक द्वारा भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के साथ मिलकर स्वदेश में किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार दिसंबर को एक सर्वदलीय बैठक में उम्मीद जताई थी कि कोविड-19 का टीका कुछ सप्ताह में तैयार हो सकता है। किसानों के भारत बंद आह्वान को लेकर रेलवे भी सतर्क हो गया। रेलवे ने 16 राज्यों में मार्ग बाधित होने की आशंका के बीच ट्रेनों व रेलवे स्टेशन परिसरों में कानून व्यवस्था कायम रखने के निर्देश जारी किए हैं। रेलवे ने सभी जोन को उनके यहां वाम समर्थित रेल कर्मी संगठनों के भारत बंद में शामिल होने के लिए आगाह किया है। आरपीएफ महानिदेशक अरुण कुमार ने सभी जोन के महाप्रबंधकों को सतर्क रहने को कहा है। उन्होंने कहा भारत बंद के दौरान आंदोलन कर रहे किसान रैलियां निकाल सकते हैं और सड़क पर चक्का जाम के साथ-साथ 16 राज्यों में पटरी पर भी बैठ सकते हैं। देश की वैभवशाली नगर निकाय बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) प्रशासन 'ताजमहलÓ पर फिदा है। चौकिए नहीं, हम आगरा के ताजमहल की नहीं बल्कि मुंबई में गेट वे ऑफ इंडिया के सामने समुंदर के किनारे बने आलीशान ताजमहल होटल पैलेस की बात कर रहे हैं। बीएमसी ने होटल ताज के लिए करोड़ों रुपये शुल्क माफी देने की तैयारी की है। यद्यपि वैश्विक कोरोना महामारी संकट के कारण बीएमसी खुद आर्थिक संकट में है और तिजोरी खाली है। फिर भी बीएमसी ने बड़ा दिल दिखाया है। किसानों के बाद अब डॉक्टर भी सरकार से नाराज हो गए हैं। यही वजह है कि डॉक्टर भी मंगलवार से सड़कों पर उतरने जा रहे हैं। इसके तहत मंगलवार को डॉक्टर देश भर में 10,000 से अधिक सार्वजनिक स्थलों पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। डॉक्टरों ने केंद्रीय चिकित्सा परिषद की ओर से जारी अधिसूचना के खिलाफ मंगलवार को विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है। इस अधिसूचना के तहत स्नातकोत्तर आयुर्वेद सर्जरी के छात्रों को भी आधुनिक चिकित्सा और शल्य चिकित्सा प्रक्रियाओं का अध्ययन करने और अभ्यास करने की मंजूरी दी गई है। इसी वजह से देश भर के डॉक्टर नाराज हैं। सीमा पर जारी विवाद और अर्थव्यवस्था पर कोरोना महामारी के झटकों के बीच इस साल चीन से आयात में 13 फीसदी की गिरावट आई है, जबकि निर्यात में 16 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है। चीन के सीमा शुल्क विभाग की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, इस साल जनवरी से नवंबर के बीच यानी पिछले 11 महीने में भारत ने चीन को 19 अरब डॉलर (करीब 1.40 लाख करोड़ रुपये) के उत्पादों का निर्यात किया है। निर्यात का यह आंकड़ा 16 फीसदी ज्यादा है। इस दौरान भारत ने चीन से 59 अरब डॉलर (करीब 4.36 लाख करोड़ रुपये) के उत्पादों का आयात किया है। यह आंकड़ा 13 फीसदी गिरावट को दर्शाता है। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक किशोरी (15) के साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने चार नाबालिग लड़कों समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पड़ोसी सर्गुजा जिले के गांधी नगर इलाके में किशोरी को ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। उन्होंने कहा कि आठ आरोपियों में से चार को रविवार को गिरफ्तार किया गया था, जबकि चार नाबालिगों को सोमवार को हिरासत में लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिद्धनाथ सागर और आलम साईं दोनों के रूप में हुई है, दोनों की उम्र 22, विनय तिर्की (22) और सुरेंद्र मिंज (20) है। दिल्ली पुलिस द्वारा सोमवार को शकरपुर से पकड़े गए तीन कश्मीरी आतंकियों के परिवार ने इन्हें निर्दोष बताते हुए कहा कि इनका किसी भी आतंकी संगठन से कोई संबंध नहीं है। जम्मू-कश्मीर पुलिस को हस्तक्षेप कर उन्हें रिहा कराना चाहिए। मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के रहने वाले रेयाज अहमद राथर और शब्बीर अहमद गोजरी नसरुल्ला पोरा का रहने वाला है जबकि मुहम्मद अयूब पठान गोंदीपोरा गांव का रहने वाला है। शब्बीर अहमद गोजरी की पत्नी शाइस्ता ने कहा कि उसका पति हर साल अजमेर शरीफ की दरगाह पर जाता है। इस बार उसके साथ गांव का एक और युवक रेयाज अहमद भी था। मथुरा जिले में भीषण हादसा हुआ है। कोतवाली सुरीर क्षेत्र में सोमवार रात मांट नौहझील मार्ग पर टैंटीगांव के समीप मैक्स पिकअप गाड़ी सड़क पर खड़ी ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्राली में टकरा गई। हादसे में पिकअप सवार तीन लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक घायल हो गए। मैक्स पिकअप सवार हरियाणा से लगुन सगाई चढ़ाकर मांट लौट रहे थे। घटना के बाद मांट और टैंटीगांव के बीच जाम लग गया। घायलों को वृंदावन के संयुक्त अस्पताल रेफर किया गया है। जहां कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। जानकारी के अनुसार मांट निवासी सियाराम की पुत्री की लगन सगाई चढ़ाकर करीब 25 लोग मैक्स पिकअप गाड़ी से वापस आ रहे थे। इस बीच टैंटीगांव अंडरपास पुल के समीप सड़क किनारे खड़ी ईंटों से लदी ट्रैक्टर ट्राली से मैक्स पिकअप टकरा गई। घटना में मैक्स सवार लोग घायल हो गए।