Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
30-Nov-2020

1 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की सीएम हाउस में सोमवार को मुलाकात हुई। माना जा रहा है कि इस मीटिंग में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि फिलहार तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत को शपथ दिलाई जाएगी। मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में किया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच हुई मुलाकात महज 10 मिनट में खत्म हो गई। 2 मुख्यमंत्री मंगलवार को प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश योजना के तैयार किए जा रहे रोडमैप की जानकारी देंगे। मुख्यमंत्री किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के अलावा मप्र में कोरोना की मौजूदा स्थिति और इससे निपटने के लिए तैयारियों से भी प्रधानमंत्री को अवगत कराएंगे। मंत्रालय सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री केंद्र से मिलने वाली लंबित राशि राज्य को देने का प्रधानमंत्री से अनुरोध कर सकते हैं। 3 मध्यप्रदेश में कोरोना के कारण अब तक शैक्षणिक संस्थान नहीं खोले गए हैं। अब भी यह नहीं खोले जा रहे हैं। दिसंबर तक सभी बंद रहेंगे। इसी कारण उच्च शिक्षा विभाग ने पेपर के पहले स्नातक (यूजी) के छात्रों को पढ़ाई कराने के लिए टीवी का सहारा लिया है। विभाग ने विषय के अनुसार कार्यक्रम तैयार किए हैं। इसके लिए दूरदर्शन पर इनका प्रसारण किया जाएगा। इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं। दूरदर्शन के माध्यम से 10 सितंबर से पढ़ाई होगी। 4 मुरैना में अपनी उपज को लेकर आए किसानों के दो गुटों में विवाद के बाद फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। इसमें दो किसानों के घायल होने की खबर है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है। मुरैना जिले की पिडावली मंडी में सोमवार सुबह यह घटना हुई है। जब गल्ला मंडी स्थित खरीदी केंद्र पर बाजरा की तुलसाई के नंबर को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में दो किसान घायल हो गए। 5 आरपीएफ द्वारा रविवार देर रात जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से जब्त किए गए 50 लाख रुपए हवाला का निकला। ये रकम करमचंद चौक स्थित एक संदिग्ध व्यापारी का बताया जा रहा है। पूर्व में भी उसके हवाला कारोबार का खुलासा हो चुका है। कोरोना के चलते एक बार फिर उसने हवाला का काम तेज कर दिया है। सूत्रों की मानें तो कोरोना के चलते तीन प्रतिशत पर होने वाला हवाला कारोबार सात प्रतिशत के कमीशन तक पहुंच गया है। 6 कलेक्टर गाइड लाइन को धता बताते हुए 41 लाख की जमीन को मात्र 12 लाख में अपने पति रंजीत कर्नाल के ड्राइवर प्रेमकुमार दांगी को नीलाम करना तत्कालीन उज्जैन नायब तहसीलदार दीपाली जाधव (वर्तमान में देवास में तहसीलदार) को महंगा पड़ गया। चार्जशीट के बाद शासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। रजिस्ट्रार ने जब आपत्ति जताई तो दीपाली ने अपने ओहदे का प्रभाव दिखाते हुए रजिस्ट्रार पर दबाव बनाकर रजिस्ट्री करा दी थी। 7 कांग्रेस में चंबल इलाके में जारी अंतर्कलह पर ज्योतिरादित्य सिंधिया की प्रतिक्रिया सामने आई है। भिंड में कांग्रेस के दिग्गज नेता डॉ गोविंद सिंह के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास होने और भिंड जिला अध्यक्ष के सुरक्षा मांगने के मुद्दे पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यही कांग्रेस की असलियत है, जो सामने आ गई है। उल्लेखनीय है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात करने के लिए भोपाल आए हैं। भोपाल एयरपोर्ट से बाहर आते ही उन्होंने कहा कांग्रेस में जो अंदर का खेल है, वह अब बाहर आ रहा है। कांग्रेस की यही पृष्ठभूमि रही है। 8 पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही है और बीते 6 माह में ही 10 रुपए प्रति लीटर से ज्यादा की वृद्धि हो चुकी है। भोपाल में 90 रुपए प्रति लीटर से अधिक पेट्रोल का भाव हो चुका है। इसी तरह डीजल के दाम 80 रुपए के पार पहुंच गए हैं, मगर विरोध के नाम पर सन्नाटा ही पसरा है। वरना इससे आधी कीमत कुछ वर्ष पहले तक थी और 10-20 पैसे भी बढऩे पर विपक्ष में बैठी भाजपा शहरों की सड़कों से लेकर संसद तक हंगामा मचा देती थी। मगर कांग्रेस विपक्ष में रहते हुए जनता से जुड़े ऐसे मुद्दे जोरदार तरीके से उठाने में फ्लॉप ही रही है। पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढऩे से लोगों के मासिक बजट पर भी असर पड़ रहा है। 9 आगामी नगर निगम चुनाव में पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए अब यह मांग तेजी से उठी है कि पार्टी के बड़े नेता या तो निगम चुनाव खुद लड़ें या अपने परिजनों को लड़ाएं। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस में पत्रबाजी का दौर चल रहा है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इस मांग को लेकर कांग्रेेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को पत्र लिखा है। 28 विधानसभा सीटों पर हाल ही में हुए उपचुनाव के निराशाजनक परिणामों के बावजूद कांग्रेस का जमीनी कार्यकर्ता फिर मैदान में आ गया है और निगम चुनाव की तैयारी में जुट गया है। 10 नगरीय निकाय चुनावों को देखते हुए निर्वाचन विभाग द्वारा मतदाता सूची में नए नाम जोडऩे और हटाने को लेकर 25 नवम्बर से अभियान शुरू हो चुका है, लेकिन इस बार मतदाताओं में उत्साह नहीं है। दिनभर बीएलओ मतदान केन्द्रों पर बैठे रहते हैं, लेकिन इक्का-दुक्का लोग ही यहां पहुंच रहे हैं। 1 जनवरी 2021 को आधार मानकर मतदाता सूची को अपडेट करने का कार्य 25 नवम्बर से शुरू हो चुका है। यह कार्य पूरे एक महीने तक चलेगा। इसमें अगले साल की 1 जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले या इसके पहले 18 वर्ष के होने वाले नए मतदाताओं के नाम जोडऩा हैं। 11 अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर जारी असमंजसको शिक्षा विभाग ने दूरा कर दिया है। विभाग ने निर्णय लिया है कि जो अतिथि शिक्षक पूर्व में सरकारी स्कूलों में काम कर चुके हैं, उन्हीं की दोबारा से नियुक्ति का जाएगी। नए अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति सिर्फ उनकी होगी, जो विषय विशेषज्ञ के जानकार है। दरअसल पिछले कई वर्षों से शिक्षा विभाग में नए शिक्षकों की भर्ती नहीं हुई है। 12 सेंट्रल जेल में सजा काट रहे कैदी पहली बार ठंड से निपटने के लिए खुद के द्वारा बनाई गई गर्म जैकेट पहनेंगे। जेल में पहले चरण में एक हजार जैकेटे बनाने का काम शुरू हो गया है। वहीं ठंड को देखते हुए चार हजार गर्म कम्बल का निर्माण भी यहां शुरू हो गया है। दरअसल जेल प्रशासन हर वर्ष ठंड का मौसम शुरू होने पर अपने स्टाफ और कैदियों के लिए खादी ग्रामोद्योग से गर्म जैकेट खरीदता था। जेल प्रशासन को जेकेट खरीदने में काफी राशि खर्च करना पड़ती थी और जैकेट खरीदना उसके लिए महंगा पड़ रहा था। 13 कोरोना काल में प्रदेश के सरकारी स्कूलों के बच्चों को कुपोषण बचाने के लिए गुड़ व मूंगफली से बनी चिक्की बांटी जाएगी, ताकि इस सर्दी के मौसम में बच्चे स्वस्थ रह सके। चिक्की का वितरण करने के आदेश विभाग ने जारी कर दिए हैं। अभी स्कूल बंद हैं तो बच्चों को खाद्य सामग्री स्कूलों में बुलाकर दी जा रही है। इसमें चावल, गेहूं, तुअर दाल, सोया तेल का वितरण किया जा रहा है। अब आंगनबाी कार्यकर्ता बच्चों को घर-घर जाकर चिक्की वितरित करेंगी। मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिंहित 75 कुपोषित विकासखंडों की 21,388 प्रायमरी स्कूल के 11 लाख 53 हजार 226 छात्र-छात्राओं को चिक्की का वितरण किया जाएगा।