Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
27-Nov-2020

1 भोपाल से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद को जबलपुर उच्च न्यायालय से राहत मिली है। अदालत ने उन्हें अग्रिम जमानत दे दी है। मसूद पर धार्मिक भावनाएं भड़काने का मामला दर्ज है। भोपाल के इकबाल मैदान में फ्रांस के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान उन्होंने जो भाषण दिया था, उसे भड़काऊ माना गया। इसके बाद विधायक के खिलाफ गैर जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। कांग्रेस विधायक मसूद को शुक्रवार को जबलपुर उच्च न्यायालय से बड़ी राहत मिली है। 2 मध्यप्रदेश में पहली कोरोना वैक्सीन के तीसरे फेज की ट्रायल आज पीपुल्स अस्पताल भोपाल में शुरू हो गई है। भोपाल के पटेल नगर में रहने वाले एक टीचर को पहली वैक्सीन दोपहर पौने तीन बजे लगाई गई। भोपाल के बड़े कारोबारी दंपति भी टीका लगवाने पहुंचे हैं। पहले दिन 100 लोगों को वैक्सीन देने का लक्ष्य है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन करीब 50 लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। बागसेवनिया, कल्पना नगर, भवानी नगर, चूना भट्टी, होशंगाबाद रोड, सबरी नगर खेड़ी खेड़ी भानपुर से लोग पहुंचे। हर वॉलेंटियर को वैक्सीन लगाने के साथ ही 750 रुपए भी दिए जाएंगे। हर हफ्ते उनकी हेल्थ पर नजर रखी जाएगी। 3 इंदौर-खजुराहो एक्सप्रेस का विस्तार महू और प्रयागराज तक कर दिया गया है। यह एक्सप्रेस 28 नवंबर से शुरू होगी। रूट और समय दोनों में बदलाव करने से सबसे ज्यादा फायदा इंदौर में रह रहे बुंदेलखंड के लोगों को तो होगा ही, प्रयागराज के लिए सीधी ट्रेन भी मिल गई। महू-प्रयागराज एक्सप्रेस पहली ट्रेन होगी, जो इंदौर-फतेहाबाद होते हुए उज्जैन ब्राडगेज रेलखंड पर दौड़ेगी। हालांकि अभी ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हुआ है इसलिए देवास-उज्जैन होते ही संचालन किया जाएगा। महू से पहली ट्रेन 28 नवंबर को प्रयागराज के लिए रवारना होगी। एक्सप्रेस पहले इंदौर-खजुराहो के बीच चल रही थी। यह सप्ताह में चार दिन दोपहर 3.40 बजे रवाना होती थी। 4 प्रदेश में निजी विश्वविद्यालयों द्वारा संचालित पाठ्यक्रमों की फीस तय करने को लेकर हर साल की तरह इस साल भी विवाद की स्थिति बन रही है। व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की फीस निर्धारण को लेकर दो संस्थाएं आमने-सामने आ गई है। इनमें एक संस्था है एडमिशन एंड फीस रेगुलेटरी कमेटी (एएफआरसी), जिसका गठन राज्य सरकार द्वारा सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर विधानसभा से एक्ट पारित कर किया गया। इस समिति को प्रदेश की सभी निजी संस्थाओं में संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की फीस तय करने का अधिकार दिया और इसकी पूरी प्रक्रिया तय की गई। वहीं दूसरी संस्था मप्र निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग है, जो एक कमेटी बनाकर फीस की समीक्षा करने के नाम पर फीस तय कर रहा है। 5 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रदेश के कुल विद्युत उत्पादन में नवकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी 20 प्रतिशत है। इसे निरंतर बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में निवेशकों को मध्यप्रदेश आने का आमंत्रण देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश इस क्षेत्र में आदर्श प्रदेश है। निवेशकों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। प्रदेश के मुरैना, सागर, दमोह और रतलाम जिलों में 5 हजार मेगावाट क्षमता के सोलर पार्क के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है। 6 मध्य प्रदेश में 28 सीटों के लिए हुए उपचुनाव के बाद अब बीजेपी का फोकस नगरीय और पंचायत चुनाव पर है। जल्द होने वाले निकाय चुनाव से पहले बीजेपी ने लव जिहाद का मुद्दा छेड़ कर अपनी तैयारी बता दी है। बीजेपी ने आगामी विधानसभा सत्र में लव जिहाद विधेयक लाने की तैयारी कर ली है। प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस से पूछा है कि विधानसभा में पेश होने वाले लव जिहाद विधेयक को लेकर विपक्ष का क्या रवैया है, उसे स्पष्ट करना चाहिए। विधानसभा में लव जिहाद का मसौदा पेश होने पर विपक्ष उसका समर्थन करेगा या विरोध। यह कांग्रेस पार्टी को स्पष्ट करना चाहिए। 7 मध्य प्रदेश सरकार सब्जियों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तय करने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तीन दिन पहले इसकी घोषणा करते हुए उद्यानिकी विभाग के अफसरों को रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिए थे। विभाग ने भिंडी, लौकी, गोभी, टमाटर सहित 12 सब्जियों को इसके दायरे में लाने का प्रस्ताव तैयार कर लिया है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल है कि केंद्रीय कृषि कानून लागू होने के बाद मंडियों के बाहर फसलों के क्रय-विक्रय की छूट है, तो किसानों को कैसे लाभ मिलेगा? वैसे भी, प्रदेश की केवल 76 मंडियों में ही सब्जियों की खरीद-बिक्री की व्यवस्था है। 8 मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए इंदौर को गलत जोन में रखने से हो रही 1785 करोड़ की फिजूलखर्ची में नया खुलासा हुआ है। पता चला है कि प्रोजेक्ट में 600 करोड़ की फीस ले रही जनरल कंसल्टेंट ने भूकंप जोन का नक्शा देखे बगैर ही इंदौर को जोन-3 में रख टेंडर जारी किया, जिसे बाद में टेक्निकल डायरेक्टर ने संशोधित कर जोन-4 में कर दिया। अफसर अब बचने के लिए एक पूर्व आईएएस अफसर का नाम ले रहे हैं कि उन्होंने ही यह संशोधन कराया था। इसमें म.प्र. मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के टेक्निकल डायरेक्टर की भूमिका संदेह के घेरे में है। भारत सरकार के भूकंप जोन दर्शाने वाले नक्शे में साफ है कि इंदौर जोन 2 में ही आता है। 9 सर्दी अब जानलेवा हो गई है। रात के तापमान में लगातार गिरावट होने के साथ ही शहर में ब्रेन और हार्ट अटैक के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। पिछले 10 दिन (16 से 25 नवंबर) में ऐसे 19 मरीजों ने दम तोड़ा। 11 लोगों की मौत ब्रेन अटैक और 9 की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई। इस दौरान न्यूरोलॉजी की ओपीडी में करीब 800 और कार्डियोलॉजी की ओपीडी में 400 मरीज पहुंचे। इनमें से 40 फीसदी मरीज ब्रेन और हार्ट अटैक वाले थे। ब्रेन अटैक से पीडि़त कुल 87 मरीज भर्ती इस दौरान भर्ती किए गए। इनमें से 10 की जान नहीं बचाई जा सकी। एक मरीज की गुरुवार को जेएएच की कैजुअल्टी पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। जबकि कार्डियोलॉजी विभाग में 143 मरीज भर्ती किए गए। इनमें से 8 की इलाज के दौरान मौत हो गई। डॉक्टर्स का कहना है कि हार्ट पेंशेंट के लिए जल्दी सुबह की सैर घातक हो सकती है। 10 होम आइसोलेशन में रहने वाले कोरोना मरीजों के घर से निकलने वाला वेस्ट, म्युनिसिपल वेस्ट के साथ ही उठाया जा रहा है। इससे ना सिर्फ निगम के कर्मचारियों के संक्रमित होने की आशंका है बल्कि पूरा कचरा कोरोना संक्रमित होने से कोरोना का संक्रमण व्यापक स्तर पर फैलने का खतरा बढ़ रहा है। सीपीसीबी की गाइडलाइन की अनदेखी का खुलासा खुद नगर निगम की कचरा कलेक्शन वाली गाडियों पर तैनात कर्मचारियों ने किया है। गाइडलाइन के मुताबिक कोरोना वेस्ट को 72 घंटे तक रैपर में रखने के बाद निगम की गाड़ी में लगे पीले बॉक्स में डालना चाहिए। 11 मप्र हाईकोर्ट में गुरुवार को राज्य सरकार की ओर से जवाब पेश किया गया कि आवारा गौवंश के संरक्षण और गौशालाओं की स्थापना के लिए नीति बन रही है। जवाब को देखने के बाद एक्टिंग चीफ जस्टिस संजय यादव और जस्टिस राजीव कुमार दुबे की डिवीजन बैंच ने मामले की अंतिम सुनवाई 4 दिसंबर को नियत की है। गोकलपुर निवासी ब्रजेन्द्र लक्ष्मी यादव की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि 12 नवंबर 2019 को तेंदूखेड़ा से दमोह के बीच लगभग दो हजार गौवंश को कुछ लोग क्रूरतापूर्वक ले जा रहे थे। उनका कहना था कि वे गौवंश को श्योपुर, ग्वालियर से बालाघाट के मेले में ले जा रहे हैं। उन्होंने इसकी सूचना तेंदूखेड़ा पुलिस थाने में दी, लेकिन पुलिस ने गौवंश ले जाने वालों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया। 12 निवार तूफान के कमजोर होने के कारण सर्द हवाओं ने जोर पकड़ा और भोपाल समेत मध्य प्रदेश में लोगों को सर्दी का एहसास कराया। हालांकि तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं की, लेकिन 30 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से ठंडी हवाओं के कारण लोगों को गुरुवार और शुक्रवार सुबह ठंड महसूस हुई। प्रदेश में पचमढ़ी और नौगांव सबसे ठंडा रहा। यहां रात का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जबकि भोपाल में रात के पारे में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। यह 13.8 से गिरकर 12.8 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। कुछ जगहों पर सुबह कोहरा भी रहा। हालांकि कोहरा शहर में नहीं था।