Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
25-Nov-2020

बेटे के विवाह के 25 हजार कार्ड बंट चुके थे। इसके बाद इंदौर के क्षेत्र क्रमांक - 1 से कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने सोशल मीडिया के जरिए आमंत्रित किए गए लोगों से क्षमा मांगते हुए घर से ही वर-वधु को आशीर्वाद देने की अपील की है। दरअसल शुक्ला के बेटे आकाश की शादी के लिए सभी तैयारियां अंतिम दौर में थीं। मेहमानों के आने का सिलसिला भी शुरू हाे चुका था। गार्डन, डीजे वालों को बयाना भी दिया जा चुका था। 25 हजार से ज्यादा लोगों के लिए खाने का मेन्यू बन चुका था। इन सब में लाखों रुपए खर्च हो चुके थे, लेकिन ऐन-मौके पर सबकुछ निरस्त कर दिया गया। कारण बना कोरोना। विधायक शुक्ला के अनुसार विवाह की तैयारी और निमंत्रण का कार्य एक माह से चल रहा था। इस बीच हाल में कोरोना का प्रकोप देश में एक बार फिर बढ़ गया है। अनेक लोग संक्रमित हो रहे हैं, जिसके मद्देनजर परिवार ने तय किया है कि कोविड-19 गाइड-लाइन के अनुसार सिर्फ परिवार द्वारा विवाह की रस्में निभाई जाएंगी। विधायक ने लोगों से आग्रह किया है कि वे अपनी बधाइयां और शुभकामनाएं सोशल मीडिया के माध्यम से देकर वर-वधु को आशीष दे सकते हैं।