राजधानी के शिवाजी नगर में बार-बार लोगों द्वारा एड्रेस पूछने से परेशान होकर एक शख्स ने ऐसा काम किया, जिसकी वजह से लोगों ने उससे एड्रेस पूछना बंद कर दिया, मगर अपने इस अनोखे काम की वजह से वो शख्स सुर्खियों में आ गया है।दरअसल, शिवाजी नगर के सुलभ शौचालय पर काम करने वाले दशरथ रैकवार पिछले काफी समय से परेशान थे। लोग उनके शौचालय के सामने आते और उनको बुलाकर उनसे एड्रेस पूछते। हालांकि उनको एड्रेस बताने में परेशानी नहीं थी, मगर कुछ लोग अपनी कार में बैठे-बैठे आवाज़ देकर बुलाते और पता पूछते हैं। कई लोग तो इस दौरान दशरथ के साथ दुर्व्यवहार भी कर देते हैं। इस समस्या से निजात पाने के लिए उन्होंने पूछताछ केंद्र खोल दिया ।इसके लिए उन्होंने अपने शौचालय के सामने टेबस कुर्सी लगाकर बकायदा एक बैनर भी लगाया । जिस पर लिखा है पूछताछ केंद्र पता पूछने के लिए 5 रूपए शुल्क । दशरथ रैकवार ने बताया कि अभी भी उनके पास दिन भर में कई लोग पता पूछने आते हैं और जो लोग स्वेच्छा से राशि देते हैं उनसे ही शुल्क लिया जाता है । उनके द्वारा बेवजह किसी को परेशान नहीं किया जाता ।