1 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की। इस मुलाकात को सौजन्य मुलाकात बताया जा रहा है। लेकिन इस मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें शुरू हो गई हैं। वर्तमान समय में मंत्रिमंडल में 4 जगह खाली है, लेकिन मंत्री बनने के लिए दर्जनभर से अधिक दावेदार हैं। इसलिए मुख्यमंत्री के लिए इस बार भी मंत्रिमंडल विस्तार बड़ी चुनौती होगी। प्रदेश में 28 सीटों के उपचुनाव में 19 सीटों पर जीत मिलने से शिवराज सिंह चौहान सरकार को बहुमत हासिल हो गया है, लेकिन मुख्यमंत्री के सामने चुनौतियां कम नहीं है। सबसे पहले चुनौती होगी कैबिनेट का विस्तार। कांग्रेस से भाजपा में आए 3 मंत्रियों के चुनाव हारने के बाद अब मंत्रिमंडल में चार और मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। एक स्थान पहले से खाली पड़ा था, लेकिन एक दर्जन से अधिक दावेदार विधायक हैं, जिसमें एक को भी मनाने के लिए कड़ी मेहनत करना होगी। 2 केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण ने बुधवार को एक अहम आदेश में मप्र के पांच आईपीएस अफसरों को बड़ी राहत दी है। शासन की अपील को खारिज कर दिया। कैट ने 1995 बैच के पांचों आईपीएस जयदीप प्रसाद, चंचल शेखर, मीनाक्षी शर्मा, योगेश देशमुख व वेंकटेश्वर राव को एक जनवरी 2008 से ग्रेड देने का आदेश राज्य शासन को दिया है। राज्य शासन ने पांचों आईपीएस को कैडर रिव्यू नहीं होने पर 2010 से ग्रेड दिया था। इसके चलते उनका ग्रेड-पे जूनियर आईपीएस से भी कम हो गई थी। आईपीएस अफसरों की ओर से कैट में अधिवक्ता पंकज दुबे ने पक्ष रखा। सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देकर दलील दी कि सरकार की गलती का नुकसान लोक सेवक को नहीं होना चाहिए। 3 वेब सीरीज में सेना के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री दिखाने के मामले में फिल्म निर्माता, निदेशक एकता कपूर के खिलाफ मुकदमा चलेगा। दरअसल, एकता कपूर ने एक वेब सीरीज बनाई थी, जिसमें सेना के संबंध में आपत्तिजनक तथ्य दिखाए थे। इससे व्यथित होकर एक व्यक्ति ने अन्नपूर्णा थाने में शिकायत की गई थी। पुलिस ने भावनाएं भड़काने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था। केस को एकता ने हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। उनकी तरफ से कहा गया था कि वेब सीरीज में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं है। जांच और पक्ष सुने बगैर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। 4 आचार्य प्रमोद कृष्णम की सिक्योरिटी वापस लिए जाने के मामले में एमपी हाईकोर्ट ने राज्य शासन, गृह विभाग, गृहमंत्रालय, आईबी, एनआईए को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। जस्टिस विशाल धगट की बेंच में मामले की सुनवाई हुई। केंद्र सरकार द्वारा पहले सिक्योरिटी देने और फिर छह वर्ष बाद वापस लेने के मामले को चुनौती दी गई है। आचार्य प्रमोद कृष्णम की ओर से वीडियो कांफ्रेंसिंग से हुई सुनवाई में अधिवक्ता वरुण तन्खा और राहुल गुप्ता ने पक्ष रखे। दलील दी कि आचार्य प्रमोद कृष्णम को 2013 में केंद्र सरकार की ओर से वाय प्लस सिक्योरिटी दी गई थी। इसके बाद राज्य शासन ने भी 2019 में वाय सिक्योरिटी प्रदान की। 5 भाजपा के राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया 3 नवंबर को मतदान के बाद दिल्ली चले गए थे। मंगलवार मीडिया से बातचीत में कहा कि मैं अतीत में नहीं जीता, कांग्रेस मेरा अतीत है और भाजपा वर्तमान। कांग्रेस की हार पर प्रतिक्रिया देने से बचते हुए उन्होंने कहा- मैं अतीत में नहीं जीता हूं। वर्तमान और भविष्य में जीता हूं और वर्तमान में भाजपा का कार्यकर्ता हूं। कांग्रेस पार्टी मेरा अतीत है। अतीत पर बात नहीं करना चाहूंगा। पिछले आठ महीने से मैं विनम्रता के पैमाने पर खड़ा रहा हूं। आज मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं इसलिए भाजपा से जुड़े प्रश्नों का जवाब जरूर दूंगा। पार्टी के पक्ष में स्पष्ट जनादेश देने के लिए मैं राज्य की जनता का आभारी हूं और विकास, प्रगति, जन सेवा ही हमारा संकल्प रहेगा। 6 टीम इंडिया के कैप्टन रहे महेंद्रसिंह धोनी अपने रांची के फॉर्म पर अब झाबुआ का कड़कनाथ पालेंगे। थांदला के पास रूंडीपाड़ा में आशीष कड़कनाथ मुर्गीपालन सहकारी संस्था के विनोद मेड़ा को उनके यहां से दो हजार चूजों का ऑर्डर मिला है। विनोद 15 दिसंबर को इसकी डिलीवरी देने रांची जाएंगे। उन्हें उम्मीद है कि इस दिन धोनी भी यहां मिल जाएं। विनोद बताते हैं कि इस ऑर्डर के सिलसिले में वे तीन-चार महीनों से रांची के डॉ. एसएस कुल्डु के संपर्क में थे। वेटरनरी प्रोफेशन से जुड़े डॉ. कुल्डु और धोनी आपस में पुराने दोस्त हैं। वैसे तो विनोद देश में कई जगह कड़कनाथ लेकर जा चुके हैं, लेकिन ये ऑर्डर उनके लिए खास है। 7 प्रदेश के 4.37 लाख में से ज्यादातर कर्मचारियों को 7वें वेतन के एरियर की तीसरी किस्त की 25 फीसदी राशि दीपावली बाद ही मिल सकेगी। वजह यह है कि दफ्तरों में इसके ऑनलाइन के बजाय ऑफलाइन बिल लगाए जा रहे हैं। विशेषज्ञ कहते हैं इस काम में समय लगता है, लेकिन सरकारी दफ्तर अगले दो दिन ही लगेंगे। इसके बाद शुक्रवार से रविवार तक तीन दिन की छुट्टी है। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों को 7वें वेतन के एरियर की तीसरी किस्त का 25 फीसदी हिस्सा देने की घोषणा की थी। इसके बाद 5 नवंबर को कोषालय से ऑफलाइन बिल लगाने के निर्देश जारी किए गए थे। मंगलवार को विंध्याचल, सतपुड़ा स्थित कई विभागों के दफ्तरों में कर्मचारी अपने-अपने डीडीओ से मिले। 8 सांवेर उपचुनाव में मिली प्रचंड जीत के बाद बुधवार सुबह विधायक तुलसी सिलावट सबसे पहले पूर्व मंत्री स्वर्गीय प्रकाश सोनकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे। सिलावट ने कहा कि यह जीत शिवराज, सिंधिया और भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की है। सांवेर की जनता को इस जीत के लिए नमन करता हूं। मंत्री पद को लेकर कहा कि ना कभी लालसा थी, ना है और ना रहेगी। शीर्ष नेतृत्व जो जिम्मेदारी देगा, उसका जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करूंगा। इस दौरान उनके साथ चुनाव प्रभारी और विधायक रमेश मेंदोला, प्रकाश सोनकर के बेटे विजय सोनकर और तुलसी सिलावट के बेटे नीतीश सिलावट भी मौजूद रहे। बता दें कि सांवेर के इतिहास में पहली बार कोई विधायक 50 हजार से ज्यादा मतों से जीता है। 9 प्रदेश के 28 सीटों पर कल आए चुनाव परिणामों का असर आगामी नगर निगम के चुनाव पर भी पड़ेगा। चुनाव परिणाम से पार्षद पद के दावेदारों की धड़कने बढ़ गई है। कांग्रेस के टिकट से पार्षद पद की दावेदारी करने वालों को अब पार्टी के बजाए स्वयं की इमेज पर वार्ड का चुनाव लडना पड़ेगा और चुनाव में भारी खर्च भी इस बार करना पड़ेगा। नगरीय निकाय के चुनाव के लिए वार्डों का आरक्षण हो चुका है। कांग्रेस और भाजपा के कई दावेदार अपने अपने वार्डो में सक्रिय होने के साथ साथ चुनाव की तैयारी में भी जुट गए हैं। कांग्रेस के तो कई दावेदार अपने वार्डों में खुलकर मैदान में आ चुके हैं और शहर कांग्रेस कमेटी के समक्ष अपनी दावेदारी करते हुए बायोडाटा भी दे दिया है 10 राजधानी भोपाल में अब बिजली मीटरों की रीडिंग क्यूआर कोड से की जा रही है। बता दें कि पहले 35 सेकंड में मीटर की रीडिंग होती थी। वहीं अब 8 सेकंड में ही रीडिंग हो रही है। अभी तक उपभोक्ताओं को बिजली का बिल देने के लिए पहले मीटर रीडिंग के लिए बिजली कंपनी का मीटर रीडर लोगों के घरों पर पहुंचता है और डायरी में रीडिंग लेता था। वहीं अब बिजली कंपनी ने बिजली मीटरों पर क्यूआर कोड लगा दिए हैं। जिससे कम समय में ज्यादा लोगों की मीटर रीडिंग का काम पूरा कर लिया जा रहा है। बता दें कि ये रीडिंग एक विशेष एप के माध्यम से हो रही है। 11 मध्य प्रदेश में विधानसभा उप चुनाव के नतीजों से भाजपा तो उत्साहित है ही लेकिन उससे भी कहीं ज्यादा उत्साहित कुछ समय पहले भाजपा की गोद में बैठने वाले पूर्व कांग्रेसी ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके समर्थक हैं। इसकी वजह बेहद साफ है। उन्होंने इस चुनाव में न सिर्फ कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाते हुए मतदाताओं को अपनी तरफ रिझाने में सफलता हासिल की है बल्कि इस चुनाव में भाजपा को जीत दिलाकर ये भी बता दिया कि इस क्षेत्र में उनका वर्चस्व पहले की ही तरह जस का तस बना हुआ है। यही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि भी है। 12 प्रदेश की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत (19 सीटें) मिली है, वहीं कांग्रेस ने चंबल में सेंधमारी करते हुए 9 सीटों पर जीत हासिल की है। हार के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, लोग समझते थे सिंधिया के जाने के बाद पार्टी खत्म हो जाएगी, लेकिन ग्वालियर-चंबल में नई कांग्रेस खड़ी हो गई है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि उपचुनाव में नतीजे हमारे पक्ष में नहीं आए। इसका विश्लेषण होना चाहिए। लोग समझते थे कि सिंधिया के जाने के बाद कांग्रेस खत्म हो जाएगी, लेकिन ग्वालियर चंबल इलाके में नई कांग्रेस खड़ी हो गई है। मालवा निमाड़, बुंदेलखंड क्षेत्रों में भी नतीजा हमारे पक्ष में नहीं गया। 13 राजगढ़ जिले के चिड़ी-खो अभयारण्य में चीतल की संख्या काफी बढ़ गई है। इसके चलते कुछ चीतल गांधी सागर और सिवनी वन्य प्राणी अभयारण्य भेजे जाएंगे। इसके लिए प्रदेश भर के 100 लोगों की एक्सपर्ट टीम जिले में पहुंची है। यह टीम पिछले 3 दिनों से अपने काम में लगी हुई है। टीम को अगले कुछ महीने में 600 चीतल को शिफ्ट करने का टारगेट दिया गया है। यह शिफ्टिंग प्रक्रिया अफ्रीका के बोमा पद्धति से होगी जिसमें चीतल को बिना छुए या पकड़े सीधे ट्रक में चढ़ाया जाएगा और वहां से इन्हें गांधी सागर और सिवनी अभयारण्य में छोड़ा जाएगा। 14 सर्दी का मौसम शुरू हो गया है। ऐसे में मध्य और उत्तर भारत में जबरदस्त कोहरा छाएगा। कोहरे के कारण ट्रेनों के संचालन में होने वाली देरी से यात्रियों को बचाने के लिए अब रेलवे एसएमएस के जरिए उनके पास संदेश भेजेगा। रेलवे ने व्यवस्था की है कि अब जो भी ट्रेन लेट होगी उसकी पहले ही सही जानकारी यात्री को मोबाइल पर एसएमएस के जरिए भेजी जाएगी। इससे यात्री को स्टेशन पर बैठकर ट्रेन के आने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सटीक जानकारी होने पर यात्री समयानुसार स्टेशन पर आकर अपनी ट्रेन में यात्रा कर सकेगा। सर्दी के मौसम में जबरदस्त कोहरे की मार हर साल रेलवे झेलता है। 15 माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। किन स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा, परीक्षा केंद्रों में क्या रहेगा इसका पूरा खाका मंडल ने तैयार कर लिया है जिसके दिशा-निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए गए हैं। इधर स्कूलों में आज भी आनलाइन कोर्स अधूरा पड़ा है। विद्यार्थी इस बात को लेकर परेशान हैं कि मंडल मार्च में परीक्षा आयोजित कराता है तो वे पेपर में क्या लिखकर आएंगे। आनलाइन कोर्स तो तिमाही परीक्षा के हिसाब से हुआ है। इस बात को लेकर जिले के अधिकारी भी परेशान हैं। उनका तर्क है कि ग्रामीण क्षेत्रों में तो पढ़ाई की शुरूआत ही नहीं हुई क्योंकि इन क्षेत्रों में आनलाइन पढने के संसाधन ही अभी तक उपलब्ध नहीं हुए हैं। 16 राजधानी भोपाल में हालिया दिनों में साइबर ठगी और इंटरनेट मीडिया पर बुलीइंग के कई मामले सामने आए हैं। इसे देखते हुए साइबर क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को एक एडवाइजरी जारी की। इसमें लोगों को जागरूक करते हुए अलर्ट किया गया है कि फेसबुक, वाट्सएप और इंस्टाग्राम आदि इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म्सं पर अंजाम लोगों से दूर रहें उनके किसी प्रकार की अपनी निजी जानकारी साझा न करें। साइबर क्राइम ब्रांच के अनुसार इंटरनेट मीडिया का बढ़ता दुरुपयोग काफी घातक होता जा रहा है। 17 राजधानी समेत प्रदेशभर में नवंबर के पहले पखवाड़े में ही अच्छी ठंड पडने लगी है। भोपाल में सोमवार रात का तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम 12.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। यह इस सीजन में अब तक रात का सबसे कम पारा है। नवंबर के पहले दिन से पड़ रही ठंड दसवें दिन भी बनी रही। आठ साल में ऐसा पहली बार हुआ, जब रात का तापमान लगातार 10 दिन सामान्य से कम रहा। 1 से 10 नवंबर तक रात का औसत तापमान 13.1 डिग्री रहा। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि प्रदेश के पांच शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंचा। राजधानी में शाम ढलते ही ठंडक शुरू होने लगती है। शुरुआती तीन घंटे में ही पारा 7 से 8 डिग्री तक नीचे आ जाता है।