Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राष्ट्रीय
10-Nov-2020

बीजेपी बढ़ रही आगे 1 बिहार में सभी 243 विधानसभा सीटों के रुझान आ चुके हैं। अब तक के आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा-जदयू का एनडीए 124 सीटों पर आगे चल रहा है और उसे पूर्ण बहुमत मिलता नजर आ रहा है। वहीं, राजद के नेतृत्व में महागठबंधन 105 सीटों पर आगे है। इसके अलावा कांग्रेस पार्टी 21 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। ऐसे में महागठबंधन पिछड़ता नजर आ रहा है, जिससे अटकलें लगने लगी हैं कि अगर महागठबंधन हारता है तो इसके लिए कांग्रेस काफी ज्यादा जिम्मेदार है और उसकी वजह से तेजस्वी यादव को हार का सामना करना पड़ सकता है। 2 बिहार विस चुनाव 2020 में नवगठित द प्लूरल्स पार्टी की प्रमुख व सीएम पद पर दावा करने वाली पुष्पम प्रिया चैधरी दोनों सीटों से पीछे चल रही हैं। वह पटना की बांकीपुर और मधुबनी की बिस्फी सीट से मैदान में हैं। बांकीपुर सीट पर कांग्रेस से शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा प्रिया के लिए चुनौती बने हैं तो बिस्फी में राजद के फैयाज अहमद और बीजेपी के हरिभूषण ठाकुर घेरे हुए हैं। बता दें कि पुष्पम प्रिया ने मार्च 2020 में अपनी पार्टी एलान किया और खुद को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित कर दिया। लंदन से लौटीं पुष्पम प्रिया के पिता विनोद चैधरी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) नेता और पूर्व विधान परिषद सदस्य भी रह चुके हैं। विनोद चैधरी को नीतीश कुमार के करीबी लोगों में गिना जाता है। 3 बिहार विधानसभा चुनाव की 243 सीटों पर मतगणना जारी है। अब तक सभी सीटों पर शुरुआती रुझान आ चुके हैं, जिनमें भाजपा-जदयू का एनडीए गठबंधन 132 सीटों पर आगे चल रहा है और उसे पूर्ण बहुमत मिलता नजर आ रहा है। वहीं राजद के नेतृत्व में महागठबंधन 98 सीटों पर आगे है। इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उदित राज ने ईवीएम पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि ईवीएम हैक क्यों नहीं हो सकती? उदित राज ने मंगलवार को ईवीएम पर सवाल उठाते हुए ट्वीट किया, जब मंगल ग्रह और चांद की ओर जाते उपक्रम की दिशा को धरती से नियंत्रित किया जा सकता है तो ईवीएम हैक क्यों नहीं की जा सकती? अमेरिका में अगर ईवीएम से चुनाव होता तो क्या ट्रंप हार सकते थे? 4 जम्मू-कश्मीर के शोपियां में मंगलवार को सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराने में सफलता हासिल की है इसके साथ ही इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, शोपियां के कुटपोरा इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिलने के बाद टीम ने तलाशी अभियान चलाया। आतंकियों ने खुद को घिरा देख सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की इस दौरान दो आतंकी मारे गए हैं। हालांकि मारे गए आतंकवादियों की पहचान अभी तक नहीं की जा सकी है। 5 कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में हाल के दिनों में सबसे बड़ी गिरावट देखी गई है। पिछले 24 घंटे में 38,074 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं, जो सोमवार को सामने आए 45,903 मामलों की तुलना में काफी कम है। वहीं, इस दौरान दैनिक मौतों में भी गिरावट देखी गई है। लगातार दूसरे दिन मृतकों की संख्या 500 से कम रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 38,074 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, कोविड-19 के चलते इस दौरान 448 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। देश में कोरोना वायरस के कुल संक्रमितों की संख्या 85,91,731 है। 6 भाजपा की भाषा समय के साथ अपना रंग ले रही है। अभी तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार(जदयू) बिहार में भाजपा के बड़े भाई रहे हैं, लेकिन बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में उनकी पार्टी पिछड़ती दिखाई दे रही है। जब इससे जुड़ा सवाल पूर्व केन्द्रीय मंत्री और भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हम जुड़वां भाई हैं। हुसैन ने कहा कि हम साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। इसमें कोई बड़ा या छोटा भाई नहीं है, बल्कि हम जुड़वां भाई हैं। गौरतलब है कि सीटों के बंटवारे में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमेशा भाजपा के साथ बड़े भाई के संदेश को वरीयता देते रहे हैं। 7 बिहार विस चुनाव में इस बार भी पिछले चुनाव की तरह महिला मतदाताओं ने पुरुष मतदाताओं के मुकाबले ज्यादा मतदान किया है। 2015 में 70.5 फीसदी महिला मतदाताओं ने और 53.3 फीसदी पुरुष मतदाताओं ने मतदान किया था। इस बार 59.6 फीसदी महिला मतदाताओं ने मतदान किया है, जबकि पुरुष मतदाताओं ने 54.7 फीसदी। इस चुनाव में भी महिला मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं। बिहार चुनावों में जातियों का बोलबाला रहता है। 8 बिहार चुनाव के परिणाम को लेकर चुनाव आयोग ने कहा, यह कहने की आवश्यकता नहीं है कि अब तक मतगणना बिलकुल गड़बड़-मुक्त रही है। बिहार में लगभग एक करोड़ से अधिक वोटों की गिनती की गई है, जिसका मतलब है कि अभी तक महत्वपूर्ण जगहों को कवर किया जाना है। आयोग ने कहा, मतगणना धीरे नहीं चल रही है। इसमें कोरोना की वजह से देर हो रही है। आयोग के अधिकारी ने कहा, कानून के अनुसार, आज सुबह 8 बजे तक सभी पोस्टल बैलेट को गिनती के लिए प्राप्त कर लिया गया। 9 बिहार विधानसभा की 243 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव के लिए मतगणना जारी है। चुनाव आयोग के रुझान के अनुसार राज्य में ए--क बार फिर राज्य में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन सरकार बनाती हुई दिखाई दे रही है। आयोग की वेबसाइट के अनुसार, एनडीए गठबंधन- 127 और महागठबंधन-104 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं 70 सीटें ऐसी हैं जहां उम्मीदवारों के बीच केवल एक हजार वोटों का अंतर है। इसी बीच बिहार के प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल का कहना है कि नीतीश कुमार ही बिहार के मुख्यमंत्री होंगे। वहीं चुनाव आयोग का कहना है कि बिहार में 4 करोड़ वोट पड़े थे। इसमें से अबतक सिर्फ 1 करोड़ वोट गिने गए हैं। 10 आमतौर पर किसी भी चुनाव परिणाम के आने के दिन भाजपा कार्यालय में हलचल बढ़ जाती है। पार्टी नेता जीत की उम्मीद में सुबह से ही उत्साहित नजर आते हैं और मीडिया के सामने खुलकर पार्टी का पक्ष रखते हैं लेकिन मंगलवार दस नवंबर की सुबह पार्टी कार्यालय पर इस तरह की कोई हलचल दिखाई नहीं दे रही थी। इक्के-दुक्के नेता ही मीडिया के लिए बने स्टैंड में नजर आ रहे थे। मीडिया के लोगों को भी प्रतिक्रिया लेने के लिए नेताओं की खोज में इधर-उधर भटकना पड़ रहा था।