Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राष्ट्रीय
30-Oct-2020

1 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 दिन के गुजरात दौरे पर हैं। मोदी गांधीनगर से नर्मदा जिले के केवडिया पहुंचे कोरोनाकाल में ये मोदी का पहला गुजरात दौरा है। उन्होंने केवडिया में ट्यूरिज्म से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया। इससे पहले शुक्रवार सुबह करीब 9.30 बजे वे एयरफोर्स के प्लेन से अहमदाबाद पहुंचे। करीब 10.30 बजे गांधीनगर गए और दिवंगत केशुभाई पटेल के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई का हार्ट अटैक की वजह से गुरुवार को 92 साल की उम्र में निधन हो गया था। 2 गुडग़ांव के फोर्टिस अस्पताल में जिंदगी बचाने के लिए लड़ रही 21 साल की युवती से रेप का मामला सामने आया है। लड़की वेंटिलेटर पर है। 22 से 27 अक्टूबर के बीच उससे रेप हुआ। पीड़ित को होश आने पर 28 अक्टूबर को उसने अपने पिता को टूटे-फूटे शब्दों में आपबीती बताई। आरोपी का नाम विकास बताया है। पुलिस को शक है कि वारदात में अस्पताल के कर्मचारी शामिल हो सकते हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 2 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़ित के पिता ने बताया कि बेटी को सांस लेने में दिक्कत के चलते 21 अक्टूबर को उसे गुडग़ांव के सेक्टर-44 स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया था। 3 कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में आज फिर गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को कोविड-19 के नए मामलों में कमी हुई है। गुरुवार को जहां 49,881 मामले सामने आए। वहीं, पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 48,648 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं। कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 73 लाख के पार हो गई है। दूसरी तरफ, पहली बार सक्रिय मामलों की संख्या छह लाख से नीचे पहुंची है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 48,648 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं। वहीं, इस दौरान वायरस के चलते 563 लोगों की मौत हुई है। देश में कोविड-19 से अब तक कुल 80,88,851 लोग संक्रमित हुए हैं। 4 विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा कि भारत कोरोना वायरस महामारी के बावजूद, चीन के साथ अपनी सीमा पर दशकों के सबसे खराब संकट से पूरी दृढ़ता और परिपक्वता के साथ निपटा है। पेरिस के एक प्रमुख थिंक-टैंक में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में श्रृंगला ने फ्रांस में हाल में हुई दो आतंकी घटनाओं का भी जिक्र किया। साथ ही कहा कि दुनिया को आतंकवाद के खतरे को दूर करने के लिए दृढ़ता के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। 5 पबजी मोबाइल और पबजी मोबाइल लाइट को पिछले महीने ही सरकार ने बैन किया था, लेकिन उसके बाद भी जिन लोगों के फोन में पबजी मोबाइल और पबजी मोबाइल लाइट पहले से डाउनलोडेड था, वे आराम से एप का इस्तेमाल कर पा रहे थे। अब आज यानी 30 अक्तूबर से पबजी मोबाइल और पबजी मोबाइल लाइट को भारतीय यूजर्स किसी भी सूरत में इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। इसकी जानकारी खुद पबजी इंडिया ने एक फेसबुक पोस्ट के जरिए दी है। 6 बिहार चुनाव के बीच मुंगेर में हुई गोलीबारी की घटना को लेकर विपक्ष हमलावर है। शिवसेना ने इस घटना को हिंदुत्व पर हमला बताया है। शिवसेना के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय राउत ने मुंगेर गोलीकांड को लेकर कहा कि अगर ऐसी घटना दूसरे राज्य में होती तो अब तक भाजपा राष्ट्रपति शासन की मांग करने लगती। संजय राउत ने कहा, मुंगेर गोलीबारी की घटना हिंदुत्व पर हमला है। यदि ऐसी घटना महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल या राजस्थान में होती थी, तो राज्यपाल और भाजपा नेता राष्ट्रपति शासन की मांग करते थे। 7 दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम में गुरुवार शाम भाजपा नेता फिदा हुसैन समेत 3 लोगों की आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। फिदा हुसैन कुलगाम भाजपा युवा मोर्चा के महासचिव थे। उनके साथ कार्यकर्ता उमर राशिद बेग और उमर रमजान हाजम की भी हत्या कर दी गई। एक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी और दो लोगों की मौत अस्पताल ले जाते वक्त हुई। आतंकी हमले की जिम्मेदारी द रजिस्टेंस फ्रंट नाम के संगठन ने ली है। ये लश्कर-ए-तैयबा का सहयोगी संगठन बताया जाता है। बांदीपोरा में भाजपा नेता वसीम बारी की हत्या में भी इसी संगठन का नाम सामने आया था। 8 मुंगेर में दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन जुलूस के दौरान 26 अक्टूबर की रात फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत के मामले में बिहार पुलिस की चूक का खुलासा हुआ है। बिहार पुलिस का दावा था कि उपद्रव कर रहे लोगों ने फायरिंग की थी और उपद्रवियों की गोली से एक की मौत हुई थी। सीआईएसएफ की इंटरनल रिपोर्ट के मुताबिक, फायरिंग की शुरुआत मुंगेर पुलिस ने की थी। सीआईएसएफ की इंटरनल रिपोर्ट में इसे हवाई फायर बताया गया है। रिपोर्ट को सीआईएसएफ के पटना स्थित ईस्ट रेंज के डीआईजी ने तैयार किया है। उन्होंने इंटरनल रिपोर्ट 27 अक्टूबर को तैयार की और ईस्ट जोन के आईजी और दिल्ली स्थित मुख्यालय को भेजी। 9 पुलवामा हमले में पाकिस्तान के कबूलनामे पर केंद्रीय मंत्री ने कहा, अब हमारी बात साबित हो गई है। हम शुरुआत से ही पाकिस्तान का हाथ होने की बात कह रहे थे। अब उनके मंत्री ने खुद यह कबूल लिया है। भारत में आतंकवाद फैलाने वाले देश के लिए विपक्ष के जो नेता प्यार जताते हैं, वे भारत विरोधी हैं। वीके सिंह ने कहा कि विपक्ष को सरकार से सवाल पूछने का हक है, लेकिन आतंकवाद फैलाने वाले देश से प्यार जताएंगे, तो उन्हें क्या कहेंगे? मैं उन्हें भारत विरोधी ही कहूंगा। मुझे भरोसा है कि पाकिस्तान के कबूलनामे को सरकार पूरी दुनिया को बताएगी और उसे ब्लैकलिस्ट कर मदद रोकने की मांग करेगी। 10 उत्तर प्रदेश में एक और दहलाने वाली वारदात सामने आई है। अमेठी में गुरुवार रात दलित प्रधान के पति को अगवा करके जिंदा जला दिया गया। रात को वो अधजली हालत में मिले। लखनऊ के ट्रामा सेंटर ले जाते वक्त उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद गांव में तनाव है और पुलिस बल तैनात किया गया है। अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी ने इस मामले में दखल दिया और तत्काल कार्रवाई करने को कहा। इसके बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्या के बाद गांव में तनाव है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना मुंशीगंज के बंदोइया गांव की है।