1 उत्तर प्रदेश के हाथरस जाते वक्त कांग्रेस नेता राहुल गांधी को नोएडा में गिरफ्तार कर लिया गया है। पहले उन्हें और प्रियंका गांधी को पीडि़ता के परिवार से मिलने से रोका गया, इसके बाद उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और फिर यूपी पुलिस ने राहुल गांधी को गिरफ्तार कर लिया। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इसे बेहद आपत्तिजनक बताया है। कहा- यूपी सरकार की इस तानाशाही का कांग्रेस विरोध करेगी। कमलनाथ ने कहा कि हाथरस की पीडि़ता के परिजन से मिलने जा रहे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को यूपी की भाजपा सरकार के इशारे पर जिस तरह से पुलिस ने बलपूर्वक जबर्दस्ती रोका, उनके साथ धक्का मुक्की की गई, अभद्र व्यवहार किया गया, वो बेहद आपत्तिजनक और निंदनीय है। 2 मप्र की 28 सीटों पर होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस 24 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। जबकि भाजपा ने अभी तक एक भी उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। माना जा रहा है कि 25 सीटों पर संभावित उम्मीदवार वहीं नेता हैं वो कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। लेकिन सूत्रों का कहना है कि भाजपा सिंधिया समर्थक उन 4-5 पूर्व विधायकों का टिकट काटना चाहती है, जिन पर हार का खतरा मंडरा रहा है। उधर सिंधिया अड़े हुए हैं कि किसी का टिकट नहीं कटा जाए। ऐसे में सिंधिया को मनाने के लिए संघ ने मोर्चा संभाला है। 3 उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई दुराचार की वारदात के बाद से देशभर में आक्रोश है, इस बीच मध्यप्रदेश के खरगौन जिले में भी ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां 15 साल की किशोरी का अपहरण कर तीन लोगों ने दुष्कर्म किया है। किशोरी को जान से भी मारने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं विरोध करने पर दरिंदों ने पीडि़ता के भाई के साथ भी जमकर मारपीट की और फरार हो गए। घटना के बाद यहां भी आक्रोश है। इधर, कांग्रेस ने शिवराज सरकार पर तंज कसते हुए कहा है कि क्या इसी राक्षस राज लाने के लिए विधायकों को खरीदा था। 4 मध्य प्रदेश में पत्नी की पिटाई मामले में निलंबित डीजी रैंक के अफसर पुरुषोत्तम शर्मा ने आईपीएस एसोसिएशन और डीजीपी को सख्त लहजे में पत्र लिखा। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी शर्म बची हो तो मुख्यमंत्री को ज्ञापन दें। अब तक कितने आईएएस और आईपीएस के आपत्तिजनक वीडियो आ चुके हैं, लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं की गई। मैंने तो अपनी रक्षा में पत्नी का सामना किया। उन्होंने कहा कि मामले में जांच तक नहीं की गई है। मैंने समय पर जवाब दिया। उसके बाद तथ्यों को बिना जांचे सिर्फ फैसला कर दिया गया है। शर्मा ने कहा कि उन्होंने गृहमंत्री और मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखा है। 5 राजधानी का सरकारी जेपी हॉस्पिटल एक बार फिर विवादों में है। इस बार यहां बच्चा बदलने का मामला सामने आया है। बताया गया है कि महिला के भाई ने लड़का मिलने के बाद उसके फोटो सभी रिश्तेदारों को भेजी दी। करीब 20 मिनट बाद अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि गलती हो गई। आपके यहां तो बेटी हुई है। ऐसा कहते हुए वे लड़की देकर लड़के को अपने साथ ले गए। इसके बाद अस्पताल में हंगामा मच गया। हंगामे की सूचना मिलते ही हबीबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराने की कोशिश की। वही अस्पताल में हंगामा होने की सूचना पर सिविल सर्जन भी मौके पर पहुंचे और सफाई दी। 6 विधानसभा उपचुनाव के लिए गठित भाजपा की चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में पिछले कार्यक्रमों की समीक्षा की गई, वहीं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार किया गया। समिति के संयोजक और नगरीय प्रशासन और विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने मीडिया से चर्चा में कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती से उपचुनाव वाले सभी 127 मंडलों में सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। ये सम्मेलन 15 अक्टूबर तक आयोजित किए जाएंगे। इन समेलनों में मंडल में निवासरत पार्टी के जिला एवं प्रदेश पदाधिकारी, बूथ कमेटी सदस्य, पेज प्रमुख शामिल होंगे। इस अभियान के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता एक दिन में 2 मंडलों तक पहुंचकर सम्मेलनों को संबोधित करेंगे। 7 मध्य प्रदेश में उपचुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस ने अपने अपने स्तर पर पूरी तैयारी कर ली है। हर विधानसभा क्षेत्र में बैठकों और प्रचार-प्रसार का दौर जारी है। इस बीच भाजपा ने हर बूथ पर पन्ना प्रमुख की नियुक्ति कर दी है। इन पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी मतदाता सूची के हर पन्ने पर नजर रखने की होगी। कांग्रेस भी दावा कर रही है कि उसकी भी बूथ स्तर पर तैयारी पूरी है। 28 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा बूथ स्तर तक रणनीति तैयार कर रही है। इसी के तहत भाजपा ने खुद को मजबूत करने के लिए 8 हजार से ज़्यादा पन्ना प्रभारियों को मुस्तैद कर दिया है। यह पन्ना प्रभारी संबंधित विधानसभा क्षेत्र में वहां के बूथ के लिए तैयारी करेंगे और मतदाताओं पर नजर बनाएंगे। 8 राजधानी में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। आज भोपाल में 272 नए केस सामने आए हैं। यह इस बात का संकेत हैं कि अक्टूबर माह अगस्त और सितंबर से ज्यादा सितमगर होने वाला है। गौरतलब है कि सितंबर में केवल एक दिन 200 से कम संक्रमित मिले हैं। वर्ना पूरे सितंबर में आंकड़ा 200 के पार ही रहा। अब अक्टूबर में स्थिति और खराब होने वाली है। शहर में कोरोना मामले बढऩे के बावजुद मरीज अस्पताल में भर्ती होने के बजाय होम आइसोलेशन में रहना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। 9 मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कोरोना का संक्रमण सात महीने बीत जाने के बाद भी कहर ढा रहा है। हर दिन की तरह अक्टूबर के प्रथम दिन ही संचालक जनसंपर्क आशुतोष प्रताप सिंह सहित 272 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। गुरुवार को पॉजिटिव मिलने वालों में सेंट्रल जेल से एक कैदी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएसपी ऑफिस टीटी नगर से एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित निकला है। एम्स से एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। जेपी से एक व्यक्ति संक्रमित निकला है। वहीं गांधी मेडिकल कॉलेज में तीन लोंगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीआरपीएफ अस्पताल से 6 लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। 10 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर कांग्रेस नेता गोविंद गोयल द्वारा पदयात्रा निकाली जाएगी । यह पदयात्रा राजधानी भोपाल के मिसरोद क्षेत्र से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए मिंटो हॉल पहुंचेगी । जहां कांग्रेस पार्टी द्वारा महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया जाएगा । यात्रा की जानकारी देते हुए कांग्रेसी नेता गोविंद गोयल ने बताया कि इस यात्रा को निकालने का उद्देश्य सभी जाति धर्म और संप्रदाय में एकरूपता लाना है । 11 दबंग दुनिया के मालिक किशोर वाधवानी पर किसान की करोड़ों रुपए की जमीन हड़पने का आरोप लगा है । यह आरोप गुरुवार को राजधानी भोपाल में एक पत्रकार वार्ता में किसान जगदीश पालीवाल ने लगाया । उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इंदौर में दबंग दुनिया समूह के मालिक किशोर वाधवानी ने जो होटल बनाई है । वह होटल किसानों की जमीन को हड़प कर बनाई गई है । और इसमें गिरीश मत लानी भी शामिल । इसके अलावा उन्होंने डॉ किशोर वाधवानी पर रसूख के चलते किसानों पर झूठी एफआईआर दर्ज कराने के आरोप भी लगाए । 12 अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा होने के बाद पहली बार राजधानी भोपाल पहुंचे । इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि उन्हें पार्टी ने जो दायित्व दिया है वह उस पर खरा उतरेंगे । और पार्टी के काम को प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर तक अनुसूचित जाति मोर्चा को लेकर जाएंगे । 13 उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए रेप कांड को लेकर देश की जनता में भारी आक्रोश है । रेप कांड के आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग को लेकर शिवसेना और अजाक्स संघ सड़कों पर उतरा । दोनों संगठनों ने मृतक रेप पीड़िता को कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी । और दोषियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा देने की मांग सरकार से की । 14 मध्य प्रदेश में प्राइवेट लैब्स कोरोना की जांच के लिए सरकार ने रेट तय कर दिए हैं. अब कोई भी लैब या प्राइवेट हॉस्पिटल उससे ज़्यादा पैसा नहीं वसूल पाएगा. अगर वसूला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. इस बीच राहत भरी खबर ये है कि पिछले चार दिन में कोरोना संक्रमितों की संख्या और मृत्यु दर कम हुई है 15 मध्य प्रदेश में मानसूनी सीजन समाप्त हो गया है. मानसूनी सीजन का 30 सितंबर को आखिरी दिन था. ग्वालियर और उज्जैन संभाग से गुरुवार से मानसून की विदाई का सिलसिला शुरू हो सकता है. आने वाले 48 घंटों में ग्वालियर उज्जैन से मानसून की विदाई हो जाएगी, जबकि राजधानी भोपाल से मानसून की विदाई में फिलहाल थोड़ा और समय लग सकता है. राजस्थान, दिल्ली, पंजाब राज्यों से मानसून की विदाई शुरू हो गई है. इसका असर अब एपी पर भी पड़ता नजर आ रहा है. मानसून की विदाई के समय कुछ इलाकों में हल्की व रिमझिम बारिश होने के अनुमान हैं. 16 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को दिगंबर जैन संत आचार्य विद्यासागर ने पत्र लिखकर हिंदी और प्रांतीय भाषाओं में अंग्रेजी शब्दों के बढ़ते उपयोग पर चिंता जताई है। आचार्य विद्यासागर महाराज ने पत्र में लिखा कि क्या हिंदी व प्रांतीय भाषा का कोष इतना गरीब है कि विदेशी शब्द उधार लेने पड़ें। वर्तमान केंद्रीय सरकार द्वारा प्रस्तावित नई शिक्षा नीति 2020 को समर्थन के पीछे एक ही भाव अवचेतन में था कि इसमें हिंदी और अन्य प्रांतीय भाषाओं के माध्यम से शिक्षण देने की बात कही थी। इसी परिप्रेक्ष्य में हिंदी और अन्य मातृभाषाओं के माध्यम से शिक्षण एवं इनके सार्वजनिक उपयोग में आवश्यक सावधानी बरतने का सुझाव दिया था, लेकिन दुर्भाग्य से देश में सामान्य अथवा विशिष्ट वर्ग के लोगों के सार्वजनिक संवाद में अंग्रेजी भाषा के शब्दों का चलन कम नहीं हो रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गाँधी के साथ यूपी पुलिस द्वारा धक्का मुक्की किये जाने के विरोध में राजधानी भोपाल में कांग्रेस ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन किया कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद के नेतृत्व में लिली टॉकीज चौराहे पर बड़ी संख्या में कांग्रेसियों ने एकत्रित होकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन कर भारी रोष जताया और यूपी सरकार को बर्खास्त करने की माँग की! वहीं उत्तरप्रदेश में लागू सम्पूर्ण जंगलराज एवं गुंडाराज के विरोध में मध्यप्रदेश कांग्रेस की महिला इकाई ने विरोध प्रदर्शन किया।