Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राष्ट्रीय
05-Sep-2020

1 गलवान झड़प के बाद पहली बार भारत और चीन के रक्षा मंत्रियों के बीच शुक्रवार को रूस में आमने-सामने बातचीत हुई। ढाई घंटे चली ये बैठक शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन की मीटिंग के इतर हुई। बातचीत का मुख्य मुद्दा सीमा विवाद ही रहा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चीनी रक्षा मंत्री जनरल वेई फेंगे से कहा कि गलवान घाटी समेत लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल पर बीते कुछ महीनों में तनाव रहा है। सीमा पर चीन का अपने सैनिकों को बढ़ाना आक्रामक बर्ताव को दिखाता है। यह द्विपक्षीय समझौते का उल्लंघन है। 2 अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के लिए नई मुश्किल खड़ी हो गई है। अटलांटिक मैगजीन के मुताबिक- ट्रम्प ने युद्ध में मारे गए अमेरिकी सैनिकों को लूजर्स कहा है। ट्रम्प खुद को लंबे अरसे से आर्म्ड फोर्सेस का चौंपियन बताते रहे हैं। उन्होंने सेना को फिर मजबूत करने का दावा भी किया है। लेकिन, सैनिकों के लिए कथित तौर पर पराजित शब्द का इस्तेमाल करने के बाद अब उनको डेमोक्रेट्स और दूसरे विरोधियों का सामना करना पड़ रहा है। 3 अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत की तारीफ की है। ट्रम्प के मुताबिक, उनकी बेटी इवांका और बेटा ट्रम्प जूनियर भारत के बारे में गहरी जानकारी रखते हैं। वे भारत के बारे में काफी सोचते हैं। मैं भी यही करता हूं। ट्रम्प ने कहा- मैं भारत को जानता हूं और इवांका, जूनियर ट्रम्प के अलावा मेरी एडवाइजर किम्बरले गुइलफोएल भी भारत के बारे में काफी गहरी जानकारी रखते हैं। इन लोगों की तरह मेरे भी भारत से बहुत अच्छे रिश्ते हैं। 4 अमेरिका के नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर रॉबर्ट ओब्रायन के मुताबिक, चीन अमेरिका की राजनीति और खासतौर पर राष्ट्रपति चुनाव को बड़े पैमाने पर प्रभावित करने की तैयारी कर रहा है। ओब्रायन ने साजिश शब्द का इस्तेमाल तो नहीं किया, लेकिन ये जरूर साफ कर दिया कि चीन के इस खेल में रूस और ईरान भी शामिल हैं। 2016 में हुए राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रम्प को जीत मिली थी। तब रूस पर आरोप लगे थे कि उसने चुनाव को न सिर्फ प्रभावित किया बल्कि ट्रम्प की मदद की। 5 अमेरिकी इतिहास में अब तक हुए 45 राष्ट्रपतियों में से कई के साथ भारत के संबंध बहुत अच्छे रहे तो कई के साथ बहुत खराब। सोवियत रूस को एशिया में पटखनी देने के लिए अमेरिका का शुरू से झुकाव पाकिस्तान के पक्ष में रहा। यही कारण रहा कि बिल क्लिंटन के पहले जितने भी अमेरिकी राष्ट्रपति हुए, सबका भारत के साथ संबंध उतने अच्छे नहीं रहे। अमेरिकी राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन न केवल पाकिस्तान के घोर पक्षधर थे, बल्कि भारत के उतने ही कट्टर विरोधी भी। हाल में ही भारतीय महिलाओं को लेकर उनके दिए गए बयान की भी खासी चर्चा हो रही है। जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत की महिलाएं बेहद दयनीय हैं और भारत के लोग श्रिपल्सिवश् (अरुचिकर) हैं। 6 उत्तर कोरिया का तानाशाह किम जोंग उन एक नई लंबी रेंज की मिसाइल का ऐलान जल्द ही करने की तैयारी कर रहा है। यह मिसाइल अमेरिका तक मार करने की क्षमता रखती है। वॉशिंगटन के सुरक्षा सूत्रों का दावा है कि यह सॉलिड-फ्यूल वाली इंटरकॉन्टिनेंटल-रेंज की बैलिस्टिक मिसाइल 10 अक्टूबर में होने वाली परेड में पेश की जा सकती है। इस दिन कोरिया की वर्कर्स पार्टी का 75वां स्थापना दिवस होगा। 7 अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनी जॉनसन ऐंड जॉनसन के साथ साझेदारी में विकसित कोविड-19 टीके के परीक्षण में पाया गया कि उससे ऐसे ऐंटीबॉडी बने जिनसे चूहों को नोवेल कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाया जा सका। एक अध्ययन में यह बात सामने आई है जो नेचर मेडिसिन पत्रिका में प्रकाशित किया गया है। इस अध्ययन के अनुसार इस टीके ने सीरियाई सुनहरे चूहों में मजबूत प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ाया और उन्हें निमोनिया जैसे अनेक रोगों और मौत से बचाया जा सका। 8 चीन ने दोबारा उपयोग में लाए जा सकने वाले एक प्रायोगिक अंतरिक्ष यान का शुक्रवार को प्रक्षेपण किया। हालांकि, उसने इसका विवरण गुप्त रखा है। मीडिया में आई खबरों में यह जानकारी दी गई। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की खबर के मुताबिक अंतरिक्ष यान को ‘लॉन्ग मार्च-2एफ’ रॉकेट के जरिये उत्तर पश्चिम चीन स्थित जियुकुआन उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से अंतरिक्ष के लिए रवाना किया गया। 9 बांग्लादेश की राजधानी ढाका के बाहरी इलाके में एक मस्जिद में गैस रिसाव के कारण एक साथ छह एयर कंडीशनरों में विस्फोट से एक बच्चे सहित कम से कम 12 नमाजियों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए। अग्निशमन सेवा के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। नारायणगंज नदी के किनारे शहरी इलाके में स्थित बैतुल सलात मस्जिद में शुक्रवार की रात लगभग नौ बजे नमाज के दौरान ये विस्फोट हुए। विस्फोट में पच्चीस नमाजी गंभीर रुप से जख्मी हो गए। ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल की बर्न यूनिट की प्रमुख डॉ सामंथा लाल सेन ने बताया कि शुक्रवार को एक नाबालिग लड़के की मौत हो गई जबकि शनिवार को इलाज के दौरान 11 नमाजियों ने दम तोड़ दिया।