Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
11-May-2020

1 मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट करके कहा है कि पता नहीं घर वापसी कर रहे मजदूर भाइयों की इस तरह सड़कों पर मौतें कब रुकेंगी, कब यह घरों तक सुरक्षित पहुंचेंगे. उन्होंने आम का ट्रक पलटने से सड़क हादसे में मारे गए और घायल हुए मजदूरों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की. 2 वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा है कि कोरोनावायरस की वजह से प्रदेश में उद्योग धंधे बंद हैं, सिर्फ दो उद्योग चालू हैं, पहला शराब की बिक्री और दूसरा थोक बंद तबादले. 3 मध्यप्रदेश में मंत्रिमंडल का विस्तार 18 मई को किया जा सकता है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के समक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक पूर्व विधायकों को मंत्री बनाने के साथ-साथ भाजपा संगठन के अनेक क्षेत्र के दिग्गज नेताओं को मंत्रिमंडल में स्थान देने की चुनौती रहेगी. बहुत से दावेदार होने के कारण क्षेत्रीय और जातिगत संतुलन बिठाने में कठिनाई होगी. 4 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को मदर्स डे के अवसर पर लाड़ली लक्ष्मी योजना के 1040 प्रकरणों में 12.27 करोड़ रुपए के ई सर्टिफिकेट जारी किए. 5 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कलेक्टरों को निर्देश दिया है कि दूसरे राज्यों से आ रहे मजदूरों का ध्यान रखें और जो पैदल आ रहे हैं उनकी मदद की जाए. उनके भोजन, रहने की व्यवस्था के साथ वापसी के लिए वाहन उपलब्ध कराया जाए. 6 मध्यप्रदेश के प्रमुख स्वास्थ्य सचिव फैज अहमद किदवई ने कहा है कि कोरोना वायरस के हल्के लक्षण वालों को घर भेजने पर राज्य में अभी अमल नहीं होगा, हम केंद्र की गाइडलाइन का परीक्षण कर रहे हैं. 7 रेल हादसे में मारे गए लोगों के गांव में रविवार को भी सन्नाटा छाया रहा. जब मृतक दीपक के पिता को अधिकारियों ने पैसे की पेशकश की तो उन्होंने कहा कि पैसे का क्या करेंगे, बुढ़ापे का सहारा चला गया. ऐसे ही कई लोगों ने अपना दर्द बयां किया जिन्होंने अपनों को खो दिया है. 8 मध्यप्रदेश में रविवार को कोरोनावायरस संक्रमण के 157 नए प्रकरण सामने आने के साथ ही पीड़ितों की संख्या 3614 हो गई. इनमें से 215 की मौत हो चुकी है, 1676 ठीक हो चुके हैं. 9 मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार को 30 नए संक्रमित मिले. शहर में अब तक 780 संक्रमित मिल चुके हैं, जिनमें से 33 की मौत हो गई है. 467 मरीज ठीक हो चुके हैं. 10 भोपाल में रविवार को जो 30 संक्रमित मिले हैं उनमें एक पूर्व विधायक और 4 जूनियर डॉक्टर शामिल हैं. पूर्व विधायक के घर जरूरतमंदों के लिए भोजन बनाया जा रहा था जिसे अब बंद कर दिया गया है.