कोरोना से लड़कर शहीद हुए उज्जैन के नीलगंगा थाने के टीआई यशवंत पाल की बेटी को अब पिता के समान खाकी वर्दी पहनकर प्रदेश की जनता की सेवा करेंगी। मध्यप्रदेश के गृह एवं स्वस्थ्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने फाल्गुनी पाल सिंह से वीडियो कॉल के जरिए मुख्यमंत्री के माध्यम से अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने पर उनको समाज और प्रदेश की सेवा के लिए बधाई और आशीर्वाद भी दिया। गृहमंत्री से बातचीत के दौरान फाल्गुनी पाल भावुक हो उठी । गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने टीआई पाल के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा- इस दु:ख की घड़ी में पूरा प्रदेश उनके परिवार के साथ है। शोकाकुल परिवार को राज्य शासन की ओर से सुरक्षा कवच के रूप में 50 लाख रुपए, बेटी फाल्गुनी को पुलिस उपनिरीक्षक पद पर नियुक्ति और टीआई पाल को मरणोपरांत कर्मवीर पदक से सम्मानित किया जाएगा।