Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
ट्रेंडिंग
28-Oct-2026

1 मध्य प्रदेश स्थापना दिवस की तैयारियों के बीच छिंदवाड़ा कलेक्ट्रेट परिसर में लाइटिंग लगाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। काम कर रहा एक मजदूर तीसरी मंजिल के छज्जे से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कलेक्ट्रेट कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल मजदूर को शासकीय वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उसका उपचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मजदूर ऊंचाई पर लाइटिंग लगाने का काम कर रहा था। घटना के बाद ऊंचाई पर काम कराने के दौरान सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं 2 सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों से छिंदवाड़ा और पांढुर्णा क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 2808 करोड़ 13 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में छिंदवाड़ा सिंचाई कॉम्प्लेक्स परियोजना के लिए 2611 करोड़ 13 लाख रुपये और पेंच व्यपवर्तन वृहद परियोजना के लिए 197 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। इन परियोजनाओं से कृषि क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा। छिंदवाड़ा सिंचाई कॉम्प्लेक्स के तहत 1 लाख 90 हजार 500 हेक्टेयर क्षेत्र में ड्रिप और स्प्रिंकलर के जरिए पानी पहुंचाने की योजना है जबकि पेंच परियोजना से छिंदवाड़ा जिले में 1 लाख 26 हजार 647 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित की जाएगी। इसके अलावा पांढुर्णा में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की स्थापना के लिए नए पदों को भी मंजूरी मिली है। 3 मेडिकल कॉलेज से संबंधित जिला अस्पताल में डॉक्टरों के साथ मारपीट और सुरक्षा व्यवस्था की कमी के विरोध में जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। JDA अध्यक्ष डॉ. साजिद ने बताया कि अस्पताल के विभिन्न विभागों में सुरक्षा गार्ड तैनात करने के साथ विजिटर पास सिस्टम लागू करने की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि एक मरीज के साथ केवल एक अटेंडेंट को ही प्रवेश दिया जाना चाहिए खासकर प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में अनधिकृत लोगों की भीड़ से महिला मरीजों को परेशानी होती है और विवाद की स्थिति बनती है। डॉक्टरों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से मारपीट की घटनाओं पर रोक लग सकेगी। डॉ. साजिद ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन और हड़ताल जारी रहेगी। 4 चांदामेटा में दशहरा उत्सव के दौरान कार्यक्रम रोके जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। विधायक सोहन वाल्मिक ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर कार्यक्रम में व्यवधान डालने और प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करने के आरोप लगाए हैं। इस मामले को लेकर उन्होंने कलेक्टर और एसपी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की है।मामले के विरोध में 28 अक्टूबर को चांदामेटा से परासिया तक विशाल रैली निकालने और डीएसपी कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया गया है। प्रदर्शन के दौरान दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी। 5 परिवहन आयुक्त एवं कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देश पर मंगलवार को परिवहन विभाग ने चांद-बिछुआ क्षेत्र में स्कूल वाहनों एवं अन्य वाहनों की सघन जांच की। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के दौरान अधूरे दस्तावेज और ओवरलोडिंग पाए जाने पर 4 वाहनों को जब्त कर थाना बिछुआ में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले 13 वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 47 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया। 6 ग्राम पंचायत आवरिया के अंतर्गत आने वाले ग्राम पोही गोरखपुर और बिजोरी के ग्रामीणों ने पक्की सड़क निर्माण की मांग को लेकर जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 10 से 12 किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण कराने की मांग की है।ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में दशकों से पक्की सड़क नहीं होने के कारण आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है 7 कोतवाली थाना पुलिस ने कपड़ा व्यवसायी प्रदीप जैन के घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले में उनके कर्मचारी सुमित उर्फ सुम्मी यादव को गिरफ्तार किया है। फरियादी ने 25 अक्टूबर को चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर कर्मचारी से पूछताछ की जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर दो सोने के हार 14 जोड़ी चांदी की पायल छह जोड़ी बिछिया चांदी का करधन सहित करीब 5.50 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करने वाली टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। 8 कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने मंगलवार को कोढ़ामऊ लिंगा एवं उमरिया दलेल गांव के नदी-नालों और झाड़ियों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 4000 किलोग्राम महुआ लहान बरामद कर नष्ट किया गया जबकि 50 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की गई। 9 दिल्ली प्रवास के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने केंद्रीय संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल से मुलाकात कर छिंदवाड़ा और पांढुर्णा के विकास व जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान सांसद ने दोनों जिलों में चल रहे विकास कार्यों और भाजपा संगठन की ओर से विभिन्न अभियानों के तहत की जा रही गतिविधियों की जानकारी भी दी। उन्होंने दोनों जिलों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और विकास कार्यों को गति देने को लेकर चर्चा की। सांसद ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की। मुलाकात के दौरान राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दोनों जिलों के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। 10 राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने 175 आवेदकों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।जनसुनवाई में भूमि सीमांकन राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्त करने अतिक्रमण हटाने नाला गहरीकरण अनुकंपा नियुक्ति प्रधानमंत्री आवास योजना बिजली-पानी और समग्र आईडी से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने कई प्रकरणों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जबकि कुछ मामलों को समय-सीमा की बैठक में समीक्षा के लिए चिन्हित किया। 11 सर्वजातीय ओबीसी समाज के एडवोकेट देवेंद्र वर्मा ने ओबीसी आरक्षण का पूर्ण लाभ देने जातिगत जनगणना कराने और सरकारी सेवाओं में उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा जिले में ओबीसी समाज की 87 जातियां निवास करती हैं जिन्हें उनके अधिकारों के अनुरूप अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने आरक्षण के लंबित 13 प्रतिशत पदों पर निर्णय लेने बैकलॉग पदों की भर्ती शीघ्र करने और केंद्र व राज्य स्तर पर जातिगत जनगणना कराने की मांग की।