दो कारों में आमने-सामने भीषण भिड़ंत एयरबैग खुलने से बची जान; दंपति और दो बच्चे गंभीर घायल सिहोरा के खितौला में बेखौफ बदमाशों का तांडव: मां और मासूम बच्चों को बंधक बनाकर दो से ढाई लाख की लूट मनमोहन नगर अस्पताल के स्टाफ क्वार्टर में दिनदहाड़े 20 लाख से अधिक की चोरी तहसील चौक पर बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा का लोहे का गेट और ग्रिल चोरी 1 जबलपुर: शहर के मदन महल थाना क्षेत्र अंतर्गत मदन महल फ्लाईओवर पर शुक्रवार शाम दो कारों के बीच भीषण आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों ही वाहनों के एयरबैग खुल गए। इस सड़क दुर्घटना में एक कार में सवार दंपति और उनके दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें राहगीरों की मदद से तुरंत इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम फ्लाईओवर पर दोनों गाड़ियां तेज रफ्तार में आमने-सामने टकरा गईं जिससे मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के तुरंत बाद दूसरी कार का चालक मौका पाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही मदन महल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कार चालक की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। 2 जबलपुर: सिहोरा के खितौला अंतर्गत वार्ड क्रमांक 13 में गुरुवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने डाका डालकर सनसनी फैला दी। गृहस्वामी विनय विश्वकर्मा जब दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए बाहर गए थे तभी चार नकाबपोश बदमाशों ने बाहर का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। खटपट की आवाज से जागी महिला आरती विश्वकर्मा और उनके दो मासूम बच्चों 7 वर्षीय बेटी अवनी व 3 वर्षीय बेटा अनविध को बदमाशों ने टॉर्च अड़ाकर बंधक बना लिया। इसके बाद आरोपियों ने महिला के गले से झपटकर मंगलसूत्र छीन लिया और रॉड से अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के आभूषणों सहित दो से ढाई लाख रुपये का माल लूटकर फरार हो गए। लूट की इस वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद शातिर आरोपियों ने पड़ोस में रहने वाले प्रभांशु पांडे के सूने मकान पर धावा बोला। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़कर बदमाशों ने अलमारी में रखी सोने की चेन पायल और 17 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। एएसपी के अनुसार सिहोरा-खितौला पुलिस ने अज्ञात चारों बदमाशों के खिलाफ लूट और चोरी की दो अलग-अलग धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस की विशेष टीमें आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज खंगालकर लुटेरों की तलाश में जुट गई हैं। 3 जबलपुर: गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनमोहन नगर स्थित शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अस्पताल में कार्यरत पदस्थ स्टाफ नर्स निधि नामदेव के स्टाफ क्वार्टर क्रमांक 02 का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के भारी जेवरात और नकदी सहित लगभग 20 लाख रुपये से अधिक का माल पार कर दिया। घटना के समय पीड़िता अपनी बहन और जीजाजी को बस स्टैंड छोड़ने गई हुई थीं। हैरानी की बात यह रही कि जब पीड़िता शिकायत दर्ज कराने गोहलपुर थाने पहुंचीं तो पुलिस अधिकारियों ने टीआई के न होने का बहाना बनाकर उन्हें वापस लौटा दिया और तुरंत एफआईआर दर्ज नहीं की। हालांकि जब मनमोहन नगर अस्पताल के निरीक्षण के दौरान पीड़िता ने सीधे पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर अपनी आपबीती सुनाई तब एसपी के कड़े आश्वासन और निर्देश के बाद पुलिस महकमे में खलबली मची।जानकारी के अनुसार घटना के समय अस्पताल में मौजूद रोगी कल्याण समिति सदस्य मनीष विश्वकर्मा भाजपा नेता अखिलेश दीक्षित और वार्ड बॉय ऋषभ पटेल ने संदिग्ध व्यक्तियों को क्वार्टर की तरफ जाते देखा था और उनसे पूछताछ भी की थी। इसके बावजूद दिनदहाड़े हुई इस वारदात से अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान व चोरी गए सामान की बरामदगी में जुट गई है। जबलपुर: शहर के तहसील चौक पर उस समय हड़कंप मच गया जब बहुजन समाज पार्टी के नेता एवं पूर्व पार्षद शरण चौधरी अपने साथियों के साथ डॉक्टर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर पहुंचे। वहां प्रतिमा के चारों ओर लगा लोहे का गेट और ग्रिल टूटा हुआ तथा गायब मिला। अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा ग्रिल में तोड़-फोड़ कर लोहे का दरवाजा चोरी कर लिया गया था जिससे स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्व पार्षद शरण चौधरी ने तुरंत बेलबाग थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन एवं नगर निगम प्रशासन को पत्र सौंपकर प्रतिमा स्थल की शीघ्र मरम्मत कराने का आग्रह किया है। बसपा नेता ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाओं और परिसरों को निशाना बनाने की ऐसी घटनाएं निंदनीय हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसे खुराफाती तत्वों पर जल्द शिकंजा नहीं कसा गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित रूप से विवादित नाम सामने आने के बावजूद भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर जबलपुर जिला महिला कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। नगर एवं जिला अध्यक्ष प्रियंका सोनी के नेतृत्व में महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन प्रस्तुत किया। ज्ञापन में कहा गया है कि उत्तराखंड के इस चर्चित और दर्दनाक हत्याकांड के संदिग्ध व्यक्ति को राज्यपाल जैसे उच्च एवं गरिमामय संवैधानिक पद पर बैठाने से देश भर की महिलाओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियंका सोनी ने मांग उठाई है कि पूरे मामले की पारदर्शी स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दुष्यंत कुमार गौतम को तत्काल राज्यपाल के पद से हटाया जाए ताकि देश की न्याय प्रणाली पर आम जनता का विश्वास कायम रह सके। उन्होंने मांग की कि अंकिता भंडारी को पूर्ण न्याय दिलाते हुए इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपियों और उन्हें संरक्षण देने वाले रसूखदारों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।