Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राष्ट्रीय
14-Oct-2026

जबलपुर: नवरात्रि और विजयादशमी पर्व के मद्देनजर शहर में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुविधाओं का जायजा लेने महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू खुद मैदान में उतरे। महापौर ने त्योहारों के दौरान स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को परखने के लिए शहर के सुलभ शौचालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भारी लापरवाही और बदहाली सामने आने पर महापौर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों व एजेंसियों की क्लास लगाई।निरीक्षण के दौरान पीपीपी मोड पर एडवर्टाइजिंग एजेंसी को सौंपे गए सभी 6 सुलभ शौचालय बंद मिले। इनमें से 2 शौचालयों में अवैध रूप से लोगों का कब्जा और भारी गंदगी पाई गई जबकि कई जगह सामग्रियां ठूंसकर रखी हुई थीं। महापौर ने स्पष्ट किया कि पूर्व में ही इन्हें दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए गए थे लेकिन इसके बावजूद लापरवाही बरती गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि आज ही इस बात की जांच की जाए कि इसके लिए नगर निगम का कौन सा विभाग और कौन सी एडवर्टाइजिंग एजेंसी जिम्मेदार है। महापौर ने दोषी एजेंसियों पर आज ही सख्त कानूनी कार्रवाई करने और कल से ही सभी टॉयलेट आम जनता के लिए पूर्ण व्यवस्थाओं के साथ शुरू करने के सख्त आदेश दिए हैं ताकि शहरवासियों और श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। जबलपुर: विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में वी शाइन फाउंडेशन एनजीओ और सनराइज एकेडमी फॉर स्पेशल नीड चिल्ड्रन के संयुक्त तत्वावधान में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विशेष बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा उनके समग्र विकास को प्रोत्साहित करना था।शिविर में मनोचिकित्सक डॉ. श्रद्धा तिवारी और डॉ. एच.पी. तिवारी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे जिन्होंने बच्चों की बेहतर देखभाल और मानसिक कल्याण के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान 40 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया जिसमें दंत परीक्षण नेत्र परीक्षण और मानसिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग शामिल रही। इस स्वास्थ्य अभियान में दंत चिकित्सक डॉ. अनुराग चक्रवर्ती नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पवन स्थापक और डीवीजेआई नेत्रालय की टीम ने अपनी सेवाएं दीं।सनराइज एकेडमी की डायरेक्टर विनीता पगारे के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर को सफल बनाने में एक्टिविटी इंचार्ज वैशाली ढरिया संस्था के सदस्यों तथा बच्चों के अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता निभाई। आयोजकों ने संदेश दिया कि स्वस्थ मन शरीर और खुशहाल जीवन हर बच्चे का अधिकार है और समय पर उचित मार्गदर्शन तथा संवेदनशील देखभाल से इन बच्चों के बेहतर भविष्य का निर्माण किया जा सकता है। जबलपुर: कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मैरिज अधिकारी के कक्ष के बाहर बुधवार को उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया जब एक हिंदू युवती और ईसाई युवक के विवाह की सूचना पर हिंदू धर्म सेना तथा विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। विवाह प्रक्रिया का विरोध करते हुए कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की जिससे कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए ओमती थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक-युवती को अपनी अभिरक्षा में ले लिया।मामले में विहिप नेता निखिल रजक और हिंदू धर्म सेना के नीरज राजपूत ने ओमती पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों का आरोप है कि पुलिस टीम युवक और युवती को कलेक्ट्रेट से अपने साथ ले गई लेकिन थाने पहुंचने से पहले ही रास्ते में युवक को छोड़ दिया गया। जब कार्यकर्ता थाने पहुंचे तो वहां न तो लड़का मिला और न ही लड़की। पुलिस की इस संदिग्ध भूमिका से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने निष्पक्ष जांच और मामले में उचित वैधानिक कार्रवाई की मांग की है जबलपुर: चरगंवा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक पुल की रेलिंग पर युवक का शव फंदे से लटका देख राहगीरों में हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान लेखराम गौड़ के रूप में हुई है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि मृतक शराब पीने का आदी था और पहले माता-पिता तथा हाल ही में बड़े भाई की मौत के बाद से गहरे मानसिक तनाव में था। आशंका जताई जा रही है कि इसी पारिवारिक दुख और सदमे के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। फिलहाल चरगंवा पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है जबलपुर: कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत बल्देवबाग चौराहे के समीप दिनदहाड़े अज्ञात बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप एवं डेयरी व्यवसायी को अपना निशाना बनाते हुए उनकी कार से 3.50 लाख रुपये से भरा बैग पार कर दिया। व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस सनसनीखेज वारदात से स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पीड़ित व्यवसायी अशोक ग्रोवर अपने घर के समीप ही अपनी कार का पंचर बनवा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात शातिर बदमाशों ने मौका पाकर कार की सीट पर रखा रुपयों से भरा बैग गायब कर दिया। पंचर ठीक होने के बाद जब व्यवसायी की नजर कार के भीतर पड़ी तो बैग नदारद मिला। बड़ी रकम चोरी होने का पता चलते ही उन्होंने आसपास काफी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी मानस द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों का सुराग लगाया जा सके।