Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
ट्रेंडिंग
01-Oct-2026

भोपाल में 23 घंटे रहेंगे अमित शाह 35 हजार गोपालकों से करेंगे संवाद केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे भोपाल पहुंचेंगे और 3 अक्टूबर को दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। भेल दशहरा मैदान में होने वाले राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में 35 हजार से ज्यादा गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्य शामिल होंगे। सम्मेलन में पशुपालकों को बोनस राशि गौशालाओं के लिए सहायता और गोपालक दीदियों का सम्मान किया जाएगा। शाह भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में 16.80 करोड़ रुपए की लागत से बने फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का शुभारंभ भी करेंगे। प्लांट में प्रतिदिन 40 हजार लीटर दूध प्रसंस्करण की क्षमता है। BJP प्रदेश प्रभारी का संगठन को निर्देश भोपाल में भाजपा प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने संगठनात्मक बैठक में नेताओं और पदाधिकारियों को गुटबाजी खत्म करने के लिए तीन महीने का समय दिया। उन्होंने कहा कि मतभेद बातचीत से सुलझाएं और बात न मानने वालों की सूची प्रदेश नेतृत्व को भेजें। देब ने नेताओं के स्वागत में जेसीबी से फूल बरसाने और बड़े हार की संस्कृति बंद करने को कहा। उन्होंने होर्डिंग-बैनर में नेताओं की तस्वीरों के बजाय सरकारी योजनाओं के प्रचार पर जोर दिया। देब ने कहा कि भाजपा सत्ता में अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए है। उन्होंने अगले दो-तीन महीनों में संगठन और सरकार के काम के सकारात्मक परिणाम दिखाई देने की बात कही। उज्जैन में शाही मस्जिद की मीनार का हिस्सा गिरा उज्जैन के छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद की मीनार का एक हिस्सा गुरुवार सुबह अचानक टूटकर छत पर गिर गया। हादसे में मस्जिद की छत को नुकसान पहुंचा हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण के लिए मीनार का करीब 6 फीट हिस्सा हटाया जा रहा था। मुस्लिम समुदाय के लोग पिछले चार दिनों से निर्माण हटाने का काम कर रहे थे। हादसे के बाद प्रशासन ने क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत शुरू करा दी है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। सैलरी के आधार पर क्रीमी लेयर तय नहीं होगी: हाईकोर्ट मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच ने ओबीसी क्रीमी लेयर को लेकर महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कहा कि केवल मौजूदा वेतन के आधार पर क्रीमी लेयर तय नहीं की जा सकती। संबंधित व्यक्ति की सेवा श्रेणी नियुक्ति के समय पद प्रमोशन और सामाजिक स्थिति को भी देखा जाना चाहिए। मामला नर्मदापुरम की रागिनी राठौर से जुड़ा है जिनके पिता जिला जज थे और सालाना वेतन करीब 16 लाख रुपए था। इसी आधार पर उन्हें क्रीमी लेयर में मानकर ओबीसी प्रमाण पत्र देने से इनकार किया गया था। कोर्ट ने अधिकारियों को छह सप्ताह में आवेदन पर दोबारा निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं। इंदौर में बाइक टैक्सी के खिलाफ ऑटो चालकों का प्रदर्शन इंदौर में बाइक टैक्सी के विरोध में ऑटो और कार टैक्सी चालक गुरुवार को पुलिस मुख्यालय पलासिया पर जुटे। चालक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग करेंगे। महासंघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि 20 हजार से ज्यादा बाइक टैक्सी ड्राइवर बिना पुलिस वेरिफिकेशन के चल रहे हैं। उनका दावा है कि निजी वाहनों का कमर्शियल इस्तेमाल हो रहा है और यात्रियों को पर्याप्त बीमा सुरक्षा नहीं मिलती। ऑटो चालकों ने कहा कि वे 2019 से बाइक टैक्सी के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं और संबंधित विभागों से नियमों के अनुसार कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। जबलपुर में स्कूल वैन पलटी 8 बच्चे घायल जबलपुर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को बच्चों से भरी स्कूल वैन और अर्टिगा कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा गढ़ा रोड पर हुआ जिसमें स्कूल वैन पलट गई और 8 बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बच्चों को वैन से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से मेडिकल अस्पताल पहुंचाया। सभी बच्चे छुट्टी के बाद घर जा रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में अर्टिगा की तेज रफ्तार की बात सामने आई है। मंत्री राकेश सिंह ने अधिकारियों से बात कर घायल बच्चों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। डबल मर्डर मामले में नया मोड़ बंजारा समाज ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप उज्जैन में लक्की दरबार ढाबे पर हुए डबल मर्डर मामले में बंजारा समाज ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। समाज के लोगों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर सोनू कछावा और अनिल बंजारा के नाम मामले से हटाने की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सोनू के थाने में आत्मसमर्पण के बाद उसके साथ मारपीट की गई और नाम हटाने के लिए 50 लाख रुपए मांगे गए। समाज ने सीसीटीवी फुटेज और टावर लोकेशन की जांच कराने के साथ संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।