एमसीबी जिले के चिरमिरी स्थित जिला अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री और स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने अपना जन्मदिन मरीजों डॉक्टरों नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच मनाया। इस मौके पर उन्होंने करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित CT स्कैन मशीन का शुभारंभ किया। जन्मदिन के अवसर पर मंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और फल व अन्य सामग्री वितरित की। इसके बाद अस्पताल परिसर में CT स्कैन सुविधा का विधिवत शुभारंभ किया गया। नई सुविधा शुरू होने के बाद अब जिले के मरीजों को CT स्कैन जांच के लिए दूसरे शहरों या निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे मरीजों और उनके परिजनों के समय और अतिरिक्त खर्च की बचत होगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में ऐसी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है ताकि आम लोगों को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े। छत्तीसगढ़ में साहू समाज की ओर से धर्मांतरण को लेकर चिंता जताए जाने के बाद इस मुद्दे पर सियासत भी तेज हो गई है। समाज की बैठकों में धर्मांतरण को लेकर चर्चा और जागरूकता पर मंथन किया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार से इस मुद्दे पर ठोस कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि समाज अपने स्तर पर प्रयास कर रहा है लेकिन सरकार की ओर से प्रभावी कदम दिखाई नहीं दे रहे हैं। बघेल ने सरकार से गंभीरता के साथ कार्रवाई करने की मांग की। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि सामाजिक बैठकों में समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर चिंतन होता है। उन्होंने कहा कि समाज में धर्मांतरण नहीं होना चाहिए और सरकार भी इस विषय पर विचार कर रही है। रसोई गैस और दूध की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार पर निशाना साधा है। बघेल ने दावा किया कि आने वाले दिनों में महंगाई का असर और बढ़ सकता है। उन्होंने पेट्रोल-डीजल रसोई गैस और दूध के दाम बढ़ने की आशंका जताई। बघेल ने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर लगाम लगाने के बजाय लोगों को सलाह देने में लगी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दिल्ली प्रवास पर रवाना हुए। रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा में उन्होंने बताया कि दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे जल विवाद के समाधान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक होगी। मुख्यमंत्री साय के मुताबिक दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने केंद्रीय जल आयोग को लिखित आश्वासन दिया है कि प्रदेशों के व्यापक हित में आयोग द्वारा लिया गया निर्णय दोनों राज्य सरकारों को मान्य होगा। बैठक में जल विवाद के समाधान और आगे की प्रक्रिया को लेकर चर्चा होगी। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित SING Forum-2026 में छत्तीसगढ़ सहभागी बनेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक अवसर बताया है। मुख्यमंत्री साय के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों विकास की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को वैश्विक समुदाय के सामने रखा जाएगा। साथ ही सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।