जबलपुर। बरगी बांध में बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए शुक्रवार 25 सितंबर की शाम 6 बजे बांध के जल द्वारों से 780 क्यूमेक पानी छोड़ा गया। दोपहर 3 बजे बांध का जलस्तर 422.90 मीटर दर्ज किया गया था। बांध की वास्तविक उपयोगी जल भंडारण क्षमता 3180 एमसीएम के मुकाबले 3217 एमसीएम यानी 101.16 प्रतिशत जल भंडारित था। बांध में पानी की आवक 763 क्यूमेक दर्ज की गई। जलभराव क्षेत्र में बारिश और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए बांध के जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए जल द्वार खोले गए।780 क्यूमेक पानी छोड़े जाने से माँ नर्मदा के घाटों पर जलस्तर में लगभग 3 से 4 फीट की वृद्धि होने की संभावना है। अधिकारियों के अनुसार बांध में पानी की आवक के आधार पर जल निकासी की मात्रा को आवश्यकता अनुसार घटाया अथवा बढ़ाया जा सकता है।बाढ़ नियंत्रण विभाग ने लोगों से अपील की है कि माँ नर्मदा के घाटों और तटीय क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी और घाटों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। जबलपुर: रद्दी चौकी स्थित आईआईएफएल फाइनेंस शाखा के बाहर से एक महिला को जबरन ले जाकर सोने के आभूषण छीनने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पीड़ित महिला सपना शुक्ला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने सोने के गहनों का वैल्यूएशन कराने फाइनेंस दफ्तर पहुँची थीं। काम न होने पर जब वह बाहर निकलीं तो वहाँ पहले से घात लगाए खड़े कुछ युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और अपने अन्य साथियों को बुला लिया।आरोपियों ने महिला को जबरन सिंधी कॉलोनी की तरफ ले जाकर पुराने लेन-देन का हवाला दिया और डरा-धमकाकर उनके कान के टॉप्स और करीब 50 से 60 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र उतरवा लिया। पीड़िता के अनुसार वारदात में 4 से 5 बेखौफ युवक शामिल थे। घटना के बाद बदहवास हालत में पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी। मामला दर्ज कर घमापुर थाना पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं और संदेही युवकों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जबलपुर: सेवा संकल्प अभियान के तहत बड़नगर से बनारस के लिए निकली नर्मदा सेवा यात्रा के कार्यकर्ताओं ने जबलपुर पहुँचकर गढ़ा स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती कालीन ऐतिहासिक बावड़ी का अवलोकन किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह भी कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद रहे। उन्होंने प्राचीन जल संरक्षण तकनीकों और बावड़ी की स्थापत्य कला पर चर्चा करते हुए वर्तमान समय में जल संचयन के महत्व को रेखांकित किया।निरीक्षण के दौरान सेवा यात्रियों ने कहा कि अब तक उन्होंने इन ऐतिहासिक बावड़ियों के बारे में केवल किताबों में ही पढ़ा था लेकिन प्रत्यक्ष रूप से देखने के बाद इसकी भव्यता और प्राचीन जल प्रबंधन व्यवस्था बेहद प्रभावशाली नज़र आई। यात्रियों ने प्रशासन द्वारा इन ऐतिहासिक जल मंदिरों के संरक्षण और रखरखाव के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। जबलपुर: घमापुर थानांतर्गत कांचघर पुलिस लाइन इलाके में पारिवारिक बंटवारे को लेकर जारी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि चचेरे भाई राजेश मेहरा ने गुरुवार सुबह अपने चाचा के घर में जबरन घुसकर परिजनों पर जानलेवा हमला और जमकर तोड़फोड़ कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने अपनी 22 वर्षीय चचेरी बहन आरती मेहरा के सिर पर ईंट से हमला कर दिया जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। उसे तुरंत इलाज के लिए विक्टोरिया जिला अस्पताल पहुँचाया गया।पीड़िता आरती मेहरा के अनुसार राजेश मेहरा से बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। गुरुवार सुबह जब आरोपी दरवाजा तोड़कर घर में घुसने लगा और मना किया गया तो उसने आरती और उसकी माँ ममता मेहरा के साथ बेरहमी से मारपीट की। परिजनों का यह भी आरोप है कि जाते-जाते आरोपी ममता मेहरा का मंगलसूत्र भी छीनकर ले गया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी पहले भी उन्हें जान से मारने की धमकियां दे चुका है जिसकी शिकायतें थाने में दर्ज कराई गई थीं। घमापुर थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर शिकायत दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है। जबलपुर: शहर के गढ़ा थाना अंतर्गत मेडिकल कॉलेज मरचुरी गेट के पास शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में आ रही एक अनियंत्रित स्विफ्ट कार सड़क किनारे स्थित एक भोजनालय में सीधे जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार धनवंतरी नगर निवासी एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार चालक शरद दुबे और भोजनालय का एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि भोजनालय में रखा गृहस्थी और व्यापार का सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।भोजनालय संचालक के अनुसार सुबह दुकान खोलने की तैयारी के दौरान यह अचानक हादसा हुआ उस समय अंदर कुछ लोग सो रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने कार सवारों के अत्यधिक नशे में होने की आशंका जताई है और मौके से शराब की बोतल भी बरामद होने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची गढ़ा थाना पुलिस ने तुरंत घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार की रफ्तार चालक की स्थिति और हादसे की हर पहलू से जाँच शुरू कर दी है।