बिलासपुर जिले में रक्षाबंधन की रात पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते खापरगंज इलाका पथराव और तोड़फोड़ से दहल उठा। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करने के साथ आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। बवाल के दौरान कई दुकानों और वाहनों में तोड़फोड़ की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने सिटी कोतवाली का घेराव भी किया। घटना में तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने और कुछ पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। सूचना मिलते ही कलेक्टर और एसएसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। रात करीब 10 बजे शुरू हुआ विवाद देर रात करीब ढाई बजे शांत हुआ। फिलहाल संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात कर लगातार गश्त की जा रही है। हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। राजधानी रायपुर के महादेव घाट में एक दर्दनाक हादसा हो गया। बहन की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचे 35 वर्षीय युवक के खारुन नदी में डूबने की आशंका है। युवक की पहचान रायपुरा के सतनामी पारा निवासी युधिष्ठिर सारंग के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि अस्थि विसर्जन के बाद युधिष्ठिर नदी में नहाने उतरा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और एनीकट के नीचे बने भंवर की चपेट में आकर डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश की जा रही है लेकिन देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। फिलहाल रेस्क्यू अभियान जारी है। जिला कांग्रेस कमेटी ने राजधानी के लाखे नगर चौक पर प्रदर्शन करते हुए गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग की। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शंकर मेनन के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में भाजपा पर गौ माता के नाम पर राजनीति करने और सड़कों पर बेसहारा छोड़ने का आरोप लगाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में गायों की मौत हो रही है। पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर आगे हस्ताक्षर अभियान चलाने और आंदोलन को तेज करने की बात कही। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आगामी विधानसभा के शीतकालीन सत्र में UCC से जुड़ा विधेयक पेश करने की बात कही है। इसके लिए गठित उच्चस्तरीय समिति ने भी अपना काम शुरू कर दिया है। राजधानी रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में UCC को लेकर राज्य स्तरीय परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई जिसमें करीब 200 प्रबुद्ध नागरिकों जनप्रतिनिधियों और कानून विशेषज्ञों ने भाग लिया। बैठक में UCC के संभावित प्रावधानों और सामाजिक-व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा की गई। वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने UCC का विरोध करने के संकेत देते हुए कहा कि पहले आदिवासियों के अधिकारों को सुरक्षित किया जाना चाहिए। दूसरी ओर कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कांग्रेस पर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि UCC में आरक्षण खत्म करने का कोई प्रावधान नहीं है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जशपुर नगरपालिका क्षेत्र में अमृत मिशन 2.0 के तहत करीब 87 करोड़ रुपए की जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही लगभग 7 करोड़ रुपए की लागत से एसटीपी निर्माण का भी भूमिपूजन किया गया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से आने वाले करीब 50 वर्षों तक जशपुर शहर की पेयजल समस्या दूर होगी और हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचेगा। वहीं शहर के गंदे पानी को साफ कर उसका उपयोग भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जशपुर के लिए यह दिन ऐतिहासिक और यादगार है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने सभी जशपुरवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।