जबलपुर। रोजी-रोटी की तलाश में जबलपुर आए गरीब परिवार की 9 वर्षीय मासूम त्यौहारों की भीड़ में अपने माता-पिता से बिछड़ गई। बिलखते मां-बाप के लिए अपने जिगर के टुकड़े को खो देने का दर्द असहनीय था। ऐसे नाजुक मोड़ पर बस स्टैंड चौकी प्रभारी उप निरीक्षक जगन्नाथ यादव उम्मीद की किरण बनकर सामने आए। मासूम की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एसआई जगन्नाथ यादव ने बिना एक पल गंवाए अपनी टीम के साथ शहर के रेलवे स्टेशन बगुलामुखी मंदिर सहित शहर के कई जगह सघन तलाश शुरू की।एसआई जगन्नाथ यादव और उनकी टीम की बेमिसाल मुस्तैदी रंग लाई और रोती हुई मासूम को महा कौशल अस्पताल के पास से सुरक्षित ढूंढ निकाला गया। जैसे ही बच्ची को उसकी मां के आंचल में सौंपा गया रोते हुए माता-पिता की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।बस स्टैंड चौकी प्रभारी जगन्नाथ यादव और उनकी टीम की कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारी अखिलेश गौर ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है साथ ही त्यौहारों में बच्चों की सुरक्षा के प्रति अलर्ट रहने की अपील भी की है। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल के कैश अनुभाग में 1 करोड़ 63 लाख रुपए से अधिक के कथित गबन का बड़ा मामला सामने आया है। अप्रैल 2020 से नवंबर 2025 के बीच रसीद बुक में मरीजों से वसूली गई पूरी रकम दर्ज करने के बाद बैंक में बहुत कम राशि जमा कराई जाती थी। कॉलेज की आंतरिक जांच में रसीद बुक्स और बैंक के रिकॉर्ड का मिलान करने पर 1 करोड़ 63 लाख रुपए का भारी अंतर पाया गया। इस वित्तीय गड़बड़ी के खुलासे के बाद डीन डॉ. नवनीत सक्सेना की शिकायत पर गढ़ा थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सहायक ग्रेड-3 भानू सिंह शाक्यवार अरविंद धुर्वे और विशाल सराठे को गिरफ्तार कर तीन दिन की पुलिस रिमांड पर ले लिया है। इस प्रकरण में रिटायर्ड कैशियर मनोहर केवट और कैशियर साधना चन्द्रोल को भी आरोपी बनाया गया है। फिलहाल पुलिस सभी दस्तावेजों को खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि पिछले छह साल से चल रहे इस खेल में किसकी क्या भूमिका थी। बरगी बांध के नौ गेट खोले जाने के बाद जबलपुर में नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। बुधवार सुबह बांध का जलस्तर 421 मीटर दर्ज किया गया जिससे छोड़े जा रहे पानी के कारण प्रमुख घाटों पर पानी 6 से 7 फीट तक ऊपर आ गया है। गौरीघाट पर जलस्तर बढ़ने से शिवलिंग नर्मदा की तेज लहरों में जलमग्न हो गए हैं और केवल उनका ऊपरी हिस्सा ही दिखाई दे रहा है। एहतियात के तौर पर घाटों पर लगे तख्ते और पूजन सामग्री की दुकानें पीछे हटानी पड़ी हैं। हालात को देखते हुए कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने लोगों से नदी के करीब न जाने की अपील की है। हालांकि उफनती नर्मदा का नजारा देखने के लिए घाटों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन ने गौरीघाट और अन्य संवेदनशील इलाकों में होमगार्ड के जवानों मोटर बोट और पुलिस बल को तैनात कर लगातार गश्त बढ़ा दी है। जबलपुर रेलवे यार्ड में सिग्नल विभाग की केबल चोरी के मामले का आरपीएफ ने 24 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा किया है। यार्ड के किमी नं. 991/29 स्थित लोकेशन बॉक्स से अज्ञात चोरों ने सिग्नल केबल काट ली थी। घटना के खुलासे में घटनास्थल पर लगे सोलर पावर स्टैंड-अलोन सीसीटीवी कैमरे ने अहम भूमिका निभाई। सीपीआरओ हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि फुटेज की जांच करने पर संदिग्ध की गतिविधियां रिकॉर्ड मिल गईं जिससे उसकी तुरंत पहचान हो गई। आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर स्टेशन पर यात्रियों को साफ और सुरक्षित पानी देने के लिए व्यापक पेयजल गुणवत्ता जांच अभियान चलाया गया। रेलवे बोर्ड के निर्देशों पर स्वास्थ्य और इंजीनियरिंग विभाग की संयुक्त टीम ने स्टेशन पर पहुंचकर पानी के इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान टीम ने विभिन्न वाटर कूलर्स और वाटर स्टैंड से पेयजल के नमूने एकत्र कर गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं साथ ही मौके पर ही पानी में अवशिष्ट क्लोरीन की जांच की गई। इसके अलावा अधिकारियों ने स्टेशन के फिल्टर प्लांट और शुद्धिकरण व्यवस्था की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण कर साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति को परखा।