महेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के चिड़ौला–कर्री-बैगापारा मार्ग की बदहाली ने पीएम जनमन योजना के तहत हुए सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 4.30 किलोमीटर लंबी सड़क पर जगह-जगह दरारें गड्ढे और डामर उखड़ने की शिकायत सामने आई है। पुलिया के एप्रोच में भी सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। करीब ₹2.33 करोड़ की लागत से बनी इस सड़क का निर्माण मार्च 2026 में पूरा हुआ था। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही भी नहीं है इसके बावजूद कुछ ही महीनों में सड़क खराब हो गई। खास बात यह है कि सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी मार्च 2031 तक संबंधित ठेकेदार की है जिसके लिए करीब ₹15.95 लाख का प्रावधान है। मामले में एसडीएम ने पीएमजीएसवाई अधिकारियों को निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद यदि निर्माण या रखरखाव में कमी पाई गई तो संबंधित एजेंसी से नियमानुसार सुधार कराया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर राहुल गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की टिप्पणियों पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि करीब 140 साल पुरानी पार्टी के नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता द्वारा प्रधानमंत्री पर इस तरह की टिप्पणी करना शोभनीय नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता बार-बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी करते हैं। पुरंदर मिश्रा ने तंज कसते हुए कह आप सुबह से ब्रश नहीं करते इसलिए आपके बयान में शुद्धता नहीं है। पहले ब्रश करो फिर कुछ बात करो मेरा निवेदन है। हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली के बाद रैली स्थल को गंगाजल से शुद्ध किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने राजधानी रायपुर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। भूपेश बघेल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जिस मंच से भाषण दिया उसे भाजपा कार्यकर्ताओं ने गंगाजल से धोया। उन्होंने इसे संविधान और सामाजिक समानता के खिलाफ मानसिकता बताते हुए इसकी निंदा की। बघेल ने कहा कि संविधान सभी को समान अधिकार देता है। उन्होंने भाजपा से माफी की मांग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नितिन नबीन पर भी निशाना साधा। वहीं रामगोपाल अग्रवाल की ईडी गिरफ्तारी को लेकर उन्होंने कथित चंदा चोरी के मुद्दे पर भी भाजपा पर सवाल उठाए। भिलाई शहर के चर्चित विश्वनाथ डोसा सेंटर पर खाद्य विभाग ने सुबह-सुबह छापेमारी की। विभाग को शिकायत मिली थी कि डोसा बनाने में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री को बाथरूम के पास धोया जा रहा है। जांच के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए डोसा सेंटर को 10 दिनों के लिए सील कर दिया। साथ ही प्रतिष्ठान का फूड लाइसेंस भी 10 दिनों के लिए निलंबित किया गया है। विभाग की कार्रवाई के बाद खाद्य सामग्री की स्वच्छता और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर देश के विभाजन में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम साय ने कहा कि विभाजन के दौरान शहीद हुए सभी लोगों को नमन करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार है जिन्होंने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरे देश के साथ रायपुर में भी विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जा रहा है।